मंगलवार, 1 नवंबर 2011

व्यावहारिक नहीं है राईट टू रिकॉल

मित्रों,राईट टू रिकॉल की मांग अब पुरानी हो चुकी है.जे.पी. के बाद बीच के समय में इस पर चर्चा लगभग बंद हो गयी थी लेकिन अन्ना के राष्ट्रीय परिदृश्य में आने और छाने के बाद एक बार फिर से यह चर्चा के केंद्र में है.ऐसा इसलिए भी हुआ है क्योंकि जो सरकार इस समय केंद्र में है वो ठीक तरीके से काम नहीं कर रही है या फिर और भी स्पष्टवादी होकर कहें तो कोई काम ही नहीं कर रही है.
               मित्रों,भारत की जनता पिछले ६१ सालों में १५ लोकसभाओं और सैंकड़ों विधानसभाओं के चुनाव देख चुकी है.उसने चुनावों को पवित्र पर्व-त्योहार से निंदनीय क्रय-विक्रय के महाभोज में परिणत हुए अपनी खुली आँखों से देखा है.इस नैतिक-स्खलन के लिए किसी व्यक्ति-विशेष को जिम्मेदार भी नहीं ठहराया जा सकता.कहीं-न-कहीं चुनावों में धांधली करनेवाले और धांधली देखकर चुपचाप रह जानेवाले;दोषी दोनों तरह के लोग हैं.हमारे देश में चुनावों में गड़बड़ी की शुरुआत हुई मतदान-केन्द्रों पर कब्जे से यानि वोटरों के शरीर को वश में करने से;जिसके चलते राजनीति में अपराधियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभानी शुरू कर दी.बाद में चुनाव आयोग की सख्ती के कारण चुनावों में बाहुबल का प्रयोग प्रायः बंद हो गया.तब उम्मीदवारों ने धन,वस्तु और शराब का लालच देकर या फिर जनभावनाओं को गलत दिशा देकर मतदाताओं के दिलो-दिमाग पर कब्ज़ा करना शुरू किया.इसी बीच राष्ट्रीय राजनीतिक मंच पर आगमन हुआ राजनीति से संन्यास ले चुके और भारत छोड़ो आन्दोलन के हीरो रह चुके लोकनायक जयप्रकाश नारायण का.जे.पी. ने राईट टू रिकॉल पर चर्चा की शुरुआत इसकी मांग करके की.परन्तु खुद उनके ही आशीर्वाद से बनी जनता पार्टी की सरकार ने ही इसे अपने देश के लिए व्यावहारिक नहीं माना और बात आई-गई हो गयी.
                  मित्रों,मैं समझता हूँ कि राईट टू रिकॉल भारत जैसे विशाल और विकासशील देश के लिए १९७७-७८ में तो व्यावहारिक नहीं ही था यह आज भी व्यावहारिक नहीं है.चुनाव किसी भी लोकतंत्र की हृदय गति के समान होता है और हृदय का आवश्यकता से जल्दी-जल्दी धड़कना तो स्वास्थ्य पर बुरा असर डालनेवाला होता ही है उसका काफी धीमी गति से धड़कना भी स्वास्थ्य के लिहाज से अच्छा नहीं माना जाता.देर से चुनाव जहाँ तानाशाही को जन्म देता है वहीं चुनावों के बहुत जल्दी-जल्दी होने से सम्बंधित प्रदेश या विधानसभा-लोकसभा क्षेत्र विकास की दौड़ में पिछड़ जाते हैं.आप सभी यह अच्छी तरह जानते हैं कि चुनाव की घोषणा होते ही क्षेत्र में आचार संहिता लागू हो जाती है.इस अवधि में सरकार उस क्षेत्र-विशेष के लिए न तो कोई नई योजना ही शुरू कर सकती है और न ही क्षेत्र में उद्घाटन-शिलान्यास ही किया जा सकता है जिससे कई तरह की विकास संबधी जटिलताएँ पैदा हो जाती हैं.ऐसा ही एक वाकया पिछले विधानसभा चुनावों में मुजफ्फरपुर में देखने को मिला.हुआ यूं कि मुजफ्फरपुर में एक फ्लाई ओवर उद्घाटन के लिए बनकर तैयार था तभी चुनावों की घोषणा कर दी गयी और आचार संहिता लागू हो गयी.जनता परेशान,कई सप्ताहों में जाकर चुनाव की प्रक्रिया पूरी होनी थी.कैसे इंतजार किया जाए जबकि पुल के चालू न होने से जनसामान्य को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही थी?अंत में जनता ने बिना उद्घाटन के ही पुल को प्रयोग में लाना आरंभ कर दिया.
                   मित्रों,इतना ही नहीं चुनावों के कारण पूरी सरकारी मशीनरी ही ठप्प हो जाती है.जिला,अनुमंडल और प्रखंड-कार्यालयों में दिनानुदिन का कामकाज रूक जाता है;विद्यालयों में बच्चों की पढ़ाई-लिखाई बंद हो जाती है जिसका गाँव-समाज की शिक्षिक और आर्थिक स्थिति पर पश्चगामी प्रभाव पड़ता है.चुनाव-दर-चुनाव धनबल के बढ़ते जोर और जनता के बढ़ते लालच के चलते चुनाव लगातार महंगे होते जा रहे हैं.राईट टू रिकॉल लागू होने पर विभिन्न विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों में बार-बार के उपचुनावों से भारत सरकार के खजाने पर बेवजह दबाव पड़ेगा जिससे निपटने के लिए हमारा नाकारा रिजर्व बैंक अतिरिक्त करेंसी की छपाई करेगा और अभूतपूर्व महंगाई के इस युग में महंगाई के बढ़ने की रफ़्तार और भी तेज हो जाएगी.साथ ही,बार-बार होनेवाले चुनाव उम्मीदवारों की जेब पर भी बार-बार डाका डालेंगे जिससे उनके भ्रष्ट होने का खतरा और भी बढ़ जाएगा.
                  मित्रों,राईट टू रिकॉल वर्तमान भारत में पंचायत स्तर पर लागू भी है.लेकिन पंचायत की जनसंख्या तो काफी कम होती है इसलिए वहां ग्राम-सभा की बैठक बुलाकर प्रत्यक्ष निर्णय सम्भव है.परन्तु विधानसभा और लोकसभा क्षेत्र का परास अपेक्षाकृत काफी बड़ा होता है और उनकी जनसंख्या भी काफी ज्यादा होती है.ऐसे में इन स्तरों पर जनता के लिए प्रत्यक्ष निर्णय कर पाना कदाचित संभव नहीं हो सकेगा.तब एक मात्र विकल्प यह बचेगा कि समय-समय पर क्षेत्र में जनमत-संग्रह करवाया जाए जिससे यह मालूम हो सके कि जनता अपने जनप्रतिनिधियों की कारगुजारियों से संतुष्ट है या नहीं.फिर इन जनमत-संग्रहों में भी अगर बाहुबल और धनबल के जोर पर धांधली की गयी तो?सबसे बड़ी बात कि भारत जैसे विकासशील और सीमित साधनों वाले देश को ऐसा करना निश्चित रूप से काफी महंगा पड़ेगा क्योंकि इसमें काफी खर्च आएगा.साथ ही इसके लागू होने के बाद सरकारों और जनप्रतिनिधियों के भविष्य पर हमेशा तलवार लटकती रहेगी.वे लगातार इस चिंता में दुबले होते रहेंगे कि न जाने कब जनता उनकी कुर्सी के नीचे की जमीन ही छीन ले.परिणाम यह होगा कि वे कोई भी दीर्घकालीन योजना बनाने से कतरायेंगे.
               मित्रों,इस प्रकार हमने देखा और गहराई से विश्लेषण करने पर पाया कि राईट टू रिकॉल भारत जैसे गरीब और विशालकाय देश के लिए किसी भी दृष्टिकोण से व्यावहारिक नहीं है.वास्तव में यह एक आदर्श है और इसे आदर्श ही रहने देने में हमारी भलाई भी है.वैसे भी प्रत्येक पाँच साल बाद जनता को उम्मीदवारों में से अपना जनप्रतिनिधि चुनने का सुअवसर मिलता ही है और पाँच साल का समय कोई ज्यादा नहीं होता.दरअसल समस्या पाँच साल के कथित लम्बे समय के अन्तराल पर चुनावों का होना नहीं है;समस्या है जनता द्वारा अपने मतों का नासमझी से प्रयोग करना.साथ ही,चुनाव प्रक्रिया में भी सुधार की आवश्यकता है जिससे धनबलियों और असामाजिक तत्वों का विधानसभाओं और लोकसभा-राज्यसभा में प्रवेश को पूरी सख्ती के साथ रोका जा सके.वास्तव में भारत में राईट टू रिकॉल लागू करने का मतलब होगा सही बीमारी का गलत ईलाज.

सोमवार, 31 अक्टूबर 2011

भारत माता के सच्चे लाल थे श्रीलाल

मित्रों,मैं स्व.श्रीलाल शुक्ल जी से कभी नहीं मिला,फिर भी उनसे मेरा परिचय काफी गहरा था.हमारे परिचय का आधार थी उनकी सिर्फ एक रचना.मेरे लिए यह रचना सिर्फ एक रचना मात्र नहीं है.वह बदलते भारत का इतिहास भी है,वर्तमान भी और भविष्य भी.हुआ यूं कि वर्ष १९९५ में मैंने विविध भारती पर नाट्य तरंग सुनना आरम्भ किया.तभी सप्ताह में एक दिन श्रीलाल जी के उस उपन्यास का धारावाहिक प्रसारण शुरू हुआ जिसका कि मैंने ऊपर जिक्र किया है.उपन्यास राग दरबारी मुझे सचमुच राग दरबारी में निबद्ध कोई संगीत रचना-जैसी लगी.सुनना शुरू किया तो बस सुनता ही चला गया.जब इसके प्रसारण का समय आता तब सारे कामकाज छोड़कर छत पर चला जाता बगल में रेडियो दबाए.तब विविध-भारती शोर्ट वेव पर पकड़ती थी और प्रसारण का अविच्छिन्न आनंद लेने के लिए बार-बार मीटर को खिसकाना पड़ता था.आवाज भी इतनी कम आती और इस तरह घर्घर नाद के साथ आती कि रेडियो से कानों को सटाकर रखना पड़ता था.
           मित्रों,बहुत जल्दी रुप्पन,रंगनाथ,वैद्यजी और छोटे पहलवान जैसे मेरे अपने गाँव के किरदार बन गए.शिवपालगंज का वर्णन जैसे मेरे गाँव जगन्नाथपुर का रोजनामचा था.कितना गहरा व्यंग्य है रागदरबारी में हमारी लोकतान्त्रिक व्यवस्था पर?!अंततः पहले रेडियो पर यह उपन्यास समाप्त हुआ और बाद में लेखकों से परिचित करवानेवाले इस कार्यक्रम की आवृत्ति को घटाकर दैनिक से साप्ताहिक कर दिया गया.हालाँकि मुझे रेडियो पर राग दरबारी को पूरा-का-पूरा सुनाने का सौभाग्य प्राप्त हो चुका था लेकिन मन जैसे अतृप्त-सा रह गया था.फिर मैंने २००२ में अपने दिल्ली प्रवास के दौरान यह उपन्यास ख़रीदा और खाना-पीना और पेशाब के वेग तक को रोककर एक ही बैठक में पढ़ गया.मन को लगा जैसे उसने वर्षों बाद अमृत का स्वाद चखा हो.फिर तो इस उपन्यास को कई-कई बार पढ़ा.हालाँकि मैंने इससे पहले प्रेमचंद और रेणु को भी पढ़ा था.प्रेमचंद में तो व्यवस्था पर यह व्यंग्य सिरे से गायब था;रेणु के मैला आँचल में व्यंग्य था पर सिर्फ यथार्थ की सतह को छूता हुआ-सा.अपनी तरह का पहला उपन्यास राग दरबारी सिर्फ उपन्यास नहीं था भ्रष्ट तंत्र में तब्दील हो चुके भारतीय लोकतंत्र को आईना दिखाता एक अश्लील यथार्थ था,सत्य था.भारतीय लोकतंत्र का जो वर्णन इस उपन्यास में है,जिस तरह का वर्णन श्रीलाल जी ने इस उपन्यास में एक गाँव के बारे में किया है कमोबेश वही सब तो बड़े फलक पर प्रादेशिक और राष्ट्रीय राजनीति में इन दिनों घटित हो रहा है.बहुत-से गांवों में तब भी ऐसा हो रहा था और बहुत-से गांवों में ऐसा होने वाला था.इस दृष्टि से श्रीलाल जी साहित्यकार के अतिरिक्त एक भविष्यद्रष्टा भी थे.
                   मित्रों,मैंने जहाँ तक हिंदी साहित्य को पढ़ा है उसके आधार पर बेहिचक यह कह सकता हूँ कि श्रीलाल जी के उपन्यास राग दरबारी ने उस समय एक शून्य को भरने का काम किया था जो शून्य प्रेमचंद के गोदान के बाद से ही बना हुआ था.प्रेमचंद गोदान में भविष्य के भारतीय लोकतंत्र की जिस तस्वीर को देख सकने में असमर्थ रहे थे और रेणु ने जिसे मैला आँचल में थोड़ा-थोड़ा देखा था चाहे इसका कारण कुछ भी रहा हो;को श्रीलाल जी ने खूब देखा और उसका उतनी ही बखूबी के साथ वर्णन भी किया.रागदरबारी की एक-एक पंक्ति जैसे किसी माला का एक-एक मोती है.इसकी एक भी पंक्ति को आप हटा नहीं सकते;बदल भी नहीं सकते.इस उपन्यास को पढ़ते हुए मुझे ऐसा लगा कि जैसे श्रीलाल जी ने मेरे गाँव में चुपके से आकर नित्य-प्रतिदिन घटनेवाली घटनाओं की वीडियो रिकार्डिंग कर ली है.एक-एक दृश्य सच से भी ज्यादा सच्चा.सत्य को देखता हर कोई है,महसूस भी हर कोई करता है लेकिन लिख हर कोई नहीं पता.हर किसी के पास न तो लिखने लायक सघन अनुभूति होती है और न ही उन अनुभूतियों को कोरे कागज पर उकेर सकनेवाले शब्द.
                  मित्रों,यूं तो तंत्र के खिलाफ लिखना ही बड़ी बात है परन्तु उससे भी बड़ी बात है भ्रष्ट हो चुके उस तंत्र का अहम हिस्सा रहते हुए उसके विरुद्ध लिखना.आज भी बहुत-से आई.ए.एस.-आई.पी.एस. अधिकारी ऐसे हैं जो व्यवस्था से क्षुब्ध हैं और जिनकी लेखनी में कशिश भी है लेकिन वो जिगर नहीं है जो श्रीलाल जी के पास था.बतौर मुक्तिबोध अभिव्यक्ति के खतरों को उठा सकनेवाला जिगर.आज श्रीलाल जी हमारे बीच नहीं हैं लेकिन मेरा उनसे और भारतीय राजनीति की विद्रूपताओं से परिचय करवानेवाली पुस्तक राग दरबारी अब भी मौजूद है मेरी आलमारी में उनकी ही तरह एक अल्हड और मस्तमौला मुस्कराहट बिखेरती हुई.आश्चर्य होता है कि हिंदी साहित्याकाश में धवल नक्षत्र इस पुस्तक के लिए उन्हें पहले ज्ञानपीठ क्यों नहीं दिया गया?ज्ञानपीठ वालों को पुरस्कार देने की तब सूझी जब माता सरस्वती का यह मानस पुत्र विदाई की बेला में पहुँच चुका था?!आखिर हम भारतीयों को यूं ही लेटलतीफ तो नहीं कहा जाता!श्रीलाल जी आज हमारे बीच नहीं हैं.मेरे पास तो उनकी स्मृतियाँ भी शेष नहीं है.प्रत्यक्ष परिचय का अवसर ही जो नहीं मिला.लेकिन शेष हैं उनकी रचनाएँ,उनके शब्द जो चीख-चीखकर उनकी निडर रचनाधर्मिता से हमें परिचित करवा रही हैं.दुर्भाग्यवश राग दरबारी समय के गुजरने के साथ-साथ पहले से भी ज्यादा सामयिक बनता जा रहा है.भ्रष्टाचार और भ्रष्ट तंत्र के खिलाफ इन दिनों जो जनाक्रोश उभर रहा है उसे देखते हुए मैं आप सभी भारतीयों के साथ आशा करता हूँ कि निकट-भविष्य में इसकी सामयिकता पूरी तरह से समाप्त हो जाएगी और तब यह साहित्य की श्रेणी से हटकर इतिहास की पुस्तक बनकर रह जाएगी.आमीन!!!   

शनिवार, 29 अक्टूबर 2011

क्या यही है श्री श्री के जीने की कला

मित्रों,जब मैं सातवीं कक्षा में पढ़ता था तब पड़ोसी गाँव बासुदेवपुर चंदेल में यज्ञ का आयोजन किया गया.बड़े-बड़े,भारी शरीर वाले साधु-संतों का जमावड़ा लगा.चूंकि हम विद्यार्थी स्वयंसेवक भी थे इसलिए हमारे पास उनकी दिनचर्या के बारे में काफी निकट से जानने का भरपूर मौका था.वे लोग मलाई तलवे में लगाते और खाते भी थे.सेब,अनार,संतरा और दूध तो वे लोग जितना एक सप्ताह में हजम कर गए आज महंगाई के इस युग में सोंचकर भी आश्चर्य होता है.आश्चर्य उस समय भी हुआ था उनका रहन-सहन देखकर क्योंकि तब तक मेरा पाला सिर्फ भुक्खड़ सन्यासियों से ही पड़ा था.उन कथित साधु-संतों का सिर्फ शरीर ही भीमाकार नहीं था उनका नाम तो शरीर से कहीं ज्यादा भारी-भरकम था.श्री श्री १००८ वेदांती जी महाराज,श्री श्री १०८ लक्ष्मण जी महाराज इत्यादि.नाम के पहले इतने श्री लगाने का क्या मतलब या उद्देश्य हो सकता है इसका दुरुपयोग करने वाले ही जानें.मेरी समझ में तो यह तब भी नहीं आया था और आज भी नहीं आ रहा है.हमने इनमें से कुछ के नामों को अपनी समझ से सुधार कर कुछ यूं कर दिया था-श्री श्री ४२० मलाईचाभक,सेबठूंसक,दूधपीवक भूकंपधारी जी महाराज आदि.
             मित्रों,इन्हीं एक से ज्यादा श्री धारण करनेवाले सन्यासियों में से एक हैं श्री श्री रविशंकर जी.इन्होने अपने नाम में बस एक ही फालतू श्री लगा रखा है.ये श्रीमान ज़िन्दगी जीने को एक कला मानते हैं और लोगों को उसी की शिक्षा देने का दावा भी करते हैं.ये श्रीमान खुद तो गृहस्थाश्रम से भाग खड़े हुए और ये बताते हैं कि गृहस्थों को कैसे जीना चाहिए.इनके द्वारा दीक्षित गृहस्थ भी कोई आम गृहस्थ नहीं होए.वे होते हैं बड़े-बड़े धनपति जो इनको मोटी दक्षिणा दे सकने में सक्षम होते हैं.पूछना चाहें तो आप भी मेरी तरह इनसे पूछ सकते हैं कि इन्होंने कलात्मकता से जी गयी पूरी जिंदगी में कितने गरीबों को जीना सिखाया?क्या गरीबों की ज़िन्दगी ज़िन्दगी नहीं होती?क्या वे जीवन को जीते नहीं है?बस किसी तरह झेल लेते हैं जबरदस्ती लाद दी गयी जिम्मेदारी की तरह?मैं तो समझता हूँ कि अगर श्री श्री अपने कलात्मक ज्ञान द्वारा गरीबों को बताते कि इस महंगाई में दाल-सब्जी कैसे थाली में लाई जाए या फिर कैसे भूखे रहकर भी शरीर को स्वस्थ रखा जाए तो उनका हम गरीबों पर बड़ा उपकार होता.लेकिन वे साधारण संत तो हैं नहीं कि आम आदमी को जीना सिखाएंगे.वे तो हाई-फाई संत हैं जिनके शिष्यों में देश के बड़े-बड़े नेता और अमीर होते हैं जो अक्सर अपच के रोगी भी होते हैं.
                    मित्रों,आप भी मेरे साथ जरा सोंचिए कि कोई किसी को अगर जीना सिखाएगा तो क्या सिखाएगा?यही न कि गिलास के भरे हुए भाग को देखो खाली को नहीं.कठिनाइयों,विसंगतियों से युद्ध करो,मैदान छोड़कर भागो नहीं.लेकिन श्री श्री स्वयं क्या कर रहे हैं?वे भारतवासियों को बता रहे हैं कि लोकपाल आने से भ्रष्टाचार मिटनेवाला नहीं है इसलिए अपने तत्संबंधी प्रयासों को बीच मंझधार में ही छोड़ दो.खुद तो श्री श्री भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई आन्दोलन छेड़ते नहीं परन्तु पहुँच जरुर जाते हैं चंद मिनटों के लिए मंच साझा करने के लिए और अब श्रीमान गन्दी हवा छोड़कर बनी बनाई हवा को ख़राब करने में लग गए हैं.ऐसा करने से उनको क्या लाभ हो जाएगा या हुआ है या भ्रष्टाचार से आजिज जनता को जीने में क्या प्रेरणा मिलेगी;वही जानें?क्या किसी आन्दोलन से लकड़बग्घे की तरह लाभ उठाकर उसकी पीठ में छुरा घोंप देना उनके जीने की कला के अंतर्गत आता है?
              मित्रों,मुझे जहाँ तक लगता है कि संस्था या ट्रस्ट चलनेवाले श्री श्री सहित लगभग सारे सफेदपोश इस बात की आशंका से डर रहे हैं कि केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज उठाने पर सरकार कहीं उनकी संस्था के खातों की जाँच न शुरू कर दे और जो नहीं डरे हैं;आप भी देख ही रहे हैं कि वे कैसे फजीहत झेल रहे हैं.गलती किससे नहीं होती?चाहे आर्ट ऑफ़ लिविंग सिखानेवाला श्वेतवस्त्रधारी हो या योग सिखानेवाला केसरिया कपड़ाधारी या और कोई;गलती सभी करते हैं.अच्छा होगा कि जिन्होंने आर्थिक अपराध या करवंचना की हो खुद जनता के समक्ष आकर अपनी गलती मान लें और भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज बुलंद कर या न्यायालय द्वारा दी गयी सजा काटकर प्रायश्चित करें.धृष्टता के लिए कृपया क्षमा कर दीजिएगा श्री श्री जी यहाँ मैं आपको जीना नहीं सिखा रहा हूँ.वो तो शायद आप मुझसे बेहतर जानते हैं.मैं तो आपको केवल यह बता रहा हूँ कि जीना सिखाया कैसे जाता है.जो बात दूसरों को सिखाईए पहले खुद उस पर अमल करिए तभी बातों में तासीर पैदा होती है वरना बात पर उपदेश कुशल बहुतेरे तक ही जाकर अटक जाती है.

बुधवार, 26 अक्टूबर 2011

शिखंडी नहीं अर्जुन है टीम अन्ना

मित्रों,जबसे हिसार लोकसभा उपचुनाव में अन्ना टीम ने कांग्रेस उम्मीदवार को वोट नहीं देने की अपील की है भ्रष्टाचार समर्थक पार्टियों के नेताओं और उनके चमचा पत्रकारों के खाना-ए-दिल में शोर बरपा है.कारण इसके अलावे और कुछ नहीं हो सकता कि इन धूर्त लोगों को अपने पांव तले से राजनीतिक जमीन खिसकती हुई मालूम हो रही है.झूठ और भय का जो तिलिस्म इन्होंने बरसों-बरस से कायम कर रहा था अब टूटने लगा है.इनमें से कोई अन्ना टीम को राह से भटका हुआ बता रहा है तो कोई सीधे-सीधे अन्ना टीम के कांग्रेस को वोट नहीं देने की अपील करने के नैतिक अधिकार को ही कटघरे में खड़ा करने में जुटा है.
          मित्रों,अन्ना टीम ने जो कुछ भी हिसार में किया वो बिलकुल सही था.कहीं कुछ भी गलत नहीं था उनकी कथनी और करनी में.अन्ना टीम भारत के प्रबुद्ध समाज के अतिप्रबुद्ध लोगों द्वारा निर्मित है और हम उनसे कम-से-कम यह उम्मीद तो नहीं ही कर सकते हैं कि जब भारतमाता का भ्रष्टाचारियों के हाथों सरेआम चीर-हरण हो रहा हो तब वे उसी तरह मूकदर्शक बने रहें जैसे कभी साम्राज्ञी और कुलवधू द्रौपदी के चीरहरण के समय भीष्म,द्रोणादि महावीर बने रहे थे.अब तक कांग्रेस का जनलोकपाल और भ्रष्टाचार के मामले में जो टालू,चालू और शंकालू रवैया रहा है उसे देखते हुए उस पर जन लोकपाल के लिए लगातार दबाव बनाए रखते हुए बढ़ाते रहना चाहिए.कुछ लोग टीम अन्ना के हिसार में काम करने के तरीके की तुलना महाभारत के शिखंडी के कृत्य से कर रहे हैं.उनका ऐसा करना और कहना तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है.महाभारत के युद्ध में छिपकर वाण शिखंडी ने नहीं चलाया था बल्कि महान धनुर्धर अर्जुन ने चलाया था.छिपकर वाण तो मर्यादापुरुषोत्तम राम को भी चलाना पड़ा था बालि पर और उनका ऐसा करना तत्कालीन परिस्थितियों में अनुचित भी नहीं था.
                मित्रों,मैं मानता हूँ कि हिसार उपचुनाव में टीम अन्ना सीधे-सीधे अपना उम्मीदवार उतार भी सकती थी.ऐसा करना असंभव नहीं था लेकिन आसान भी नहीं था.चुनाव लड़ने के लिए सबसे पहले जरूरी होता है पार्टी संगठन,फिर पैसा और अंत में एकनिष्ठ उम्मीदवार.आप जानते हैं कि इनमें से पहले दोनों तत्त्व अन्ना टीम के पास नहीं है.पार्टी संगठन बनाने में कम जटिलता नहीं है.इस अविश्वास और अनास्था के युग में क्या पता कौन पार्टी में ऊंचा पद प्राप्त कर लेने के बाद आस्तीन का सांप निकल जाए.स्वामी अग्निवेश का उदहारण हमारी आँखों के सामने है.हम यह भी जानते हैं कि आधुनिक युग में चुनाव पैसों के बल पर लड़े और जीते जाते हैं.जाहिर है अन्ना टीम को पैसा प्राप्त करने के लिए कई तरह के नापाक समझौते;अपवित्र उद्देश्य वाले लोगों के साथ-साथ अपने मूल्यों व सिद्धांतों के साथ भी करने पड़ते.अंत में बारी आती है ईमानदार उम्मीदवार की तो आप भी जानते हैं कि अब तक ऐसी कोई मशीन बनी नहीं है जिससे किसी व्यक्ति की ईमानदारी का शत-प्रतिशत प्रामाणिक परीक्षण किया जा सके.समाज में रंगे सियारों की कोई कमी नहीं है और इस मामले में भी टीम अन्ना धोखा खा सकती है.यहाँ आप जेपी के साथ १९७७ और उसके बाद के वर्षों में जो कुछ हुआ को याद कर सकते हैं.
                  मित्रों,इसलिए देश,काल और परिस्थितियों को मद्देनजर रखते हुए टीम अन्ना ने जो कुछ भी किया वह पूरी तरह से सही है.अगर बाहर से ही फूँक मारने से कालिख उड़ जाए तो क्या जरुरत है काजल की कोठरी में उतरने की?अन्ना द्वारा वोट न देने की अपील करने मात्र से ही अगर सरकार दबाव में आ जाती है अथवा दबाव में नहीं आने पर चुनाव हार जाती है तो बिना चुनाव लड़े सरकार के खिलाफ में प्रचार करने से अच्छा कोई विकल्प हो ही नहीं सकता-हर्रे लगे न फिटकिरी रंग भी चोखा होए.एक बात और.अगर अन्ना टीम बाजाप्ता पार्टी गठित करके चुनाव लड़ती है तो वही लोग जो अभी उसकी तुलना शिखंडी से कर रहे हैं सीधे-सीधे यह आरोप लगेंगे कि हम न कहते थे कि इनलोगों का छिपा हुआ राजनीतिक एजेंडा है.
              मित्रों,टीम अन्ना की अपील का हिसार के मतदाताओं पर जो कुछ असर हुआ.उससे आप सभी वाकिफ हैं.उनकी अपील में जो असर है उसे पैदा करने के लिए खुद सरकार भी कम दोषी नहीं है.सरकार और कांग्रेस पार्टी का भ्रष्टाचार के प्रति रवैया हमेशा से संदिग्ध रहा है.उसकी नीयत अभी भी साफ़ नहीं है.अच्छा होता कि ये लोग अन्ना टीम के इक़बाल को मिटाने का प्रयास करने के बजाए भ्रष्टाचार को मिटाने पर ध्यान केन्द्रित करते तब जनता को भी यह यकीन हो जाता कि दाल तो काली नहीं ही है,दाल में कुछ काला भी नहीं है.अंत में कांग्रेस पार्टी से एक अपील-अब से भी संभल जाओ कांग्रेसवालों तुम्हारी बरबादियों के मशवरे हैं आसमानों में,नहीं संभले मिट जाओगे अगले चुनावों में;तुम्हारी दास्ताँ तक न मिलेगी दास्तानों में.शुक्रिया,शुक्रिया.        
                    

रविवार, 23 अक्टूबर 2011

लोकतंत्र,पूंजीवादी नैतिकता और हम

मित्रों,इन दिनों पूरी दुनिया में जनाक्रोश का तूफ़ान आया हुआ है.बारी-बारी से दुनिया के विभिन्न देशों में तानाशाही शासन का अंत हो रहा है.हर जगह जनता बेरोजगारी,महंगाई और सबसे बढ़कर आर्थिक गैरबराबरी से परेशान है.खैर तानाशाहों का अंत हमेशा से इसी तरह होता आया है.इतिहास बार-बार अपने को दोहराता रहता है परन्तु तानाशाह सबक नहीं लेते और फिर वही होता है जो इन परिस्थितियों में होना चाहिए.लेकिन इस बार जनाक्रोश के बबंडर की चपेट में सिर्फ तानाशाही शासन वाले देश ही नहीं हैं बल्कि वे देश भी इसकी जद में हैं जो दुनियाभर में मानवाधिकारों और लोकतंत्र के तथाकथित ठेकेदार बने फिरते हैं.दुनिया में लोकतंत्र के सबसे बड़े झंडाबरदार और दुनिया की सबसे बड़ी महाशक्ति अमेरिका में भी इन दिनों बढ़ती बेरोजगारी,महंगाई और गैरबराबरी से क्षुब्ध जनता पूंजीवाद के सबसे बड़े प्रतीक वाल स्ट्रीट पर कब्ज़ा करने की मुहिम चला रही है.जनता नाराज है कि अमीरपरस्त सरकारी नीतियों के चलते वे गरीब होते जा रहे हैं और उनकी खून-पसीने की कमाई हड़प जानेवाले बैंक धनवान.दुनिया की मात्र ४% जनसंख्या की बदौलत दुनिया की २४% आय पर कब्ज़ा रखनेवाले अमेरिका की आतंरिक स्थिति भी पूंजीवाद की बिडंबनाओं के चलते कमोबेश ऐसी ही है.जहाँ वहां की करीब आधी राष्ट्रीय आय पर सबसे ऊपर के २०% लोगों का कब्ज़ा है वहीँ सबसे गरीब १५% जनसंख्या की राष्ट्रीय आय में सिर्फ ३.४% की हिस्सेदारी है.इतना ही नहीं सबसे ऊपर के १% लोगों का देश की आमदनी के १८% पर गरीबों के दिलों को खटकने वाला अधिकार है.परिणाम आम जनता मुफलिसी की जिंदगी जीने को बाध्य है वहीँ वहाँ के अमीर अपना पैसा कहाँ खर्च करें;की समस्या से जूझ रहे हैं.यूरोप में भी कमोबेश सारी सरकारें कॉरपोरेट जगत के ईशारों पर नृत्य करने में मग्न हैं.ऐसा क्यों हुआ और कैसे हुआ?1860 के दशक तक जब अब्राहम लिंकन अमेरिका के राष्ट्रपति थे;तो प्रजातंत्र जनता का,जनता द्वारा और जनता के लिए शासन हुआ करता था.फिर यह विकृत्ति कैसे आ गयी कि कॉरपोरेट जगत परदे के पीछे से कथित लोकतान्त्रिक सरकारों का सूत्रधार बन बैठा.
                     मित्रों,समस्या लोकतंत्र में नहीं है;समस्या है लोकतंत्र के बदलते स्वरुप में.पूंजीवाद तो हमेशा से मुनाफा आधारित व्यवस्था रही है.इस व्यवस्था में धन का केन्द्रीकरण होने की प्रवृत्ति पहले भी थी.हाँ,इतना जरुर था कि पहले पूँजीपतियों के सीने में दिल भी होता था और यह बात भारत सहित पूरी दुनिया के लिए सत्य थी.तब के पूंजीपति दोनों हाथ उलीचिए यही सयानो काम में यकीन करते थे.अपने देश में टाटा और बिरला ने अनगिनत मंदिरों,धर्मशालाओं और अस्पतालों का निर्माण कराया.इन्हें कभी इस बात की जरुरत महसूस नहीं हुई कि वे मुकेश अम्बानी की तरह हजारों करोड़ रूपये के मकान में रहें और वो भी उस देश में जहाँ की ८०% जनसँख्या दाने-दाने को मोहताज हो.आजाद भारत के प्रारंभिक दशकों में देश के तकनीकी विकास में टाटा परिवार के योगदान को हम कभी नहीं भूल सकते और अगर ऐसा करते हैं तो निश्चित रूप से कृतघ्न कहे जाएँगे.
           मित्रों,वक़्त बदला और साथ-साथ हमारे जीवन मूल्य भी बदलते गए.उपभोक्तावाद ने पूंजीपतियों को सामाजिक सरोकार से दूर कर दिया और तब कार्ल मार्क्स की प्रसिद्द उक्ति कि पूँजी हृदयहीन होती है सचमुच चरितार्थ होने लगी.पूंजीपति समाज से तो कट ही गए लालच में अंधे होकर धनबल के बल पर सरकारी नीतियों को भी प्रभावित करने लगे.अगर ऐसा नहीं होता तो आज २जी स्पेक्ट्रम घोटाले में भारत की कई प्रमुख कंपनियों के उच्चाधिकारी तिहाड़ जेल की शोभा बढ़ा रहे नहीं होते.
         मित्रों,लोकतान्त्रिक देशों के राजनीतिक दलों का स्वाभाव और चरित्र भी पिछले दशकों में तेजी से बदला है.पार्टी फंड में पहले भी पैसों की जरुरत होती थी लेकिन तब जमीर बेचकर पैसा जमा करने का रिवाज नहीं था.आज करप्शन पार्टी के उपनाम से कुख्यात हो चुकी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने कभी पार्टी फंड में चवन्निया कार्यकर्ताओं से २५-२५ पैसे करके जमा करवाया था.तब उसके नेता रेलवे के थर्ड क्लास में सफ़र किया करते थे.वायुयान के कैटल क्लास में सफ़र के बारे में भी कल्पना तक तब उनके लिए दूर की कौड़ी थी.हालांकि,तब भी जमनालाल बजाज और धनश्याम दास बिरला ने कई बार पार्टी फंड में अपना अहम् योगदान दिया था लेकिन उनकी मंशा इसके बदले आर्थिक लाभ प्राप्त करने की कतई नहीं थी.आज की स्थिति इसके बिलकुल उलट है.आज का कॉरपोरेट जगत अगर किसी पार्टी के कोष में १ रूपया देता है तो उसकी मंशा बदले में १०० रूपया पाने की होती है.आज देश की चिंता तो न तो जनप्रतिनिधि नेताओं को ही है और न ही पूँजी पर कब्ज़ा जमाए पूंजीपतियों को ही.
               मित्रों,हम देखते हैं कि चुनाव जो किसी भी लोकतंत्र की बुनियाद होते हैं दिन-ब-दिन महंगे होते जा रहे हैं.कहीं-न-कहीं इसके पीछे पार्टी फंडिंग का बढ़ता जोर तो है ही जनता भी कम दोषी नहीं है.जनता हमेशा प्रत्येक चुनाव में तात्कालिक लाभ के चक्कर में रहती है.वह सोंचती है कि अभी जो मिलता है ले लो बाद का क्या ठिकाना कि क्या हो और क्या नहीं हो.परिणाम यह निकलता है कि चुनावों में धड़ल्ले से पैसे,सामान और शराब बांटे जाते हैं.लालच में अंधी होकर जनता मतदान करती है और भ्रष्ट तत्व चुनाव जीत जाते हैं.हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि इसी भारत के इसी वैशाली से जहाँ मैं इन दिनों रहता हूँ;१९३७ में दीपनारायण सिंह जैसे फक्कड़ ने चुनाव जीता था और वो भी बिहार के धनाढ्यों में अग्रणी श्यामनंदन सहाय को हराकर.तब भी पैसे बांटे गए थे,शराब की बोतलें बाँटीं गयी थीं लेकिन धनबल हार गया था और जनबल की जीत हुई थी.आज ऐसा क्यों नहीं होता?कारण है अविश्वास और समाज में धनबल का बढ़ता महत्व.जनता को अब किसी के भी ऊपर विश्वास ही नहीं रह गया है.धूर्त लोग बगुला भगत बनकर,खुद को गरीब का बेटा कहकर चुनाव जीत जाते हैं और फिर भूल जाते हैं अपने गरीब मतदाताओं को.ऐसे में जनता यह देखती है कि उसे कौन कितना पैसा देता है.वह अपने वोटों की नीलामी करती है और जो सबसे ऊंची बोली लगाता है;जीत जाता है.बाद में लूटते तो सभी हैं-कोऊ नृप होए हमें का हानि.आज जो लोग भी चुनाव जीतते हैं;लगता है जैसे सत्य निष्ठा की नहीं बेईमानी की शपथ लेते हैं.परन्तु इनके राजनीतिक पूर्वज ऐसे नहीं थे.तब के सामाजिक मूल्य और थे और अब और हो गए हैं.तब जनसेवा और ईमानदारी का समाज में महत्त्व था;आज महत्त्व है सिर्फ पैसों का.पैसों के लिए आज का आदमी कुछ भी कर गुजरता है.अब कुछ भी पाप नहीं है,सब पुण्य है और उन पुण्यों में सबसे बड़ा पुण्य है येन केन प्रकारेण पैसा बनाना.
          मित्रों.हम भी वही कर रहे हैं यानि किसी-न-किसी तरह पैसा बना रहे हैं,राजनेता भी वही कर रहे हैं और कॉरपोरेट जगत भी वही कर रहा है.अंतर सिर्फ इतना है कि नेताओं और पूंजीपतियों के हाथों में ज्यादा शक्ति है,संसाधन है इसलिए वे ज्यादा पैसा बना रहे हैं और हमारे हाथों में कम शक्ति और संसाधन है इसलिए हम कम पैसा बना पा रहे हैं.सरकारी तंत्र में ऊपर से नीचे तक जो भ्रष्टाचार का व्यापार चल रहा है उसे कौन चला रहा है?हमहीं न!दिन-रात घूस लेनेवाले अधिकारी-कर्मचारी,नेता और पूंजीपति कोई आसमान से अवतरित नहीं हुए हैं बल्कि वे हमारे बीच से ही हैं.जिस तरह शरीर की सबसे छोटी इकाई कोशिका होती है उसी तरह लोकतान्त्रिक शासन की सबसे छोटी इकाई हम हैं.जब कोशिका में विकृति आती है तो कैंसर हो जाता है और जब जनता में विकृत्ति आती है तब?तब लोकतंत्र जनता का,जनता द्वारा और जनता के लिए शासन नहीं रहकर पूंजीपतियों का,पूंजीपतियों द्वारा और पूंजीपतियों के लिए शासन बनकर रह जाता है.इसलिए अगर कहीं सुधार की आवश्यकता है तो हमारी सोंच,हमारे विचारों और हमारे मूल्यों में.यह काम दुनिया की कोई भी सरकार कोई भी सख्त-से-सख्त कानून बनाकर नहीं कर सकती.यह हमहीं कर सकते हैं केवल हम और हम शायद इसके लिए तैयार ही नहीं हैं.हमारी यह आदत बन गयी है कि हम दूसरों पर ऊंगली उठाकर अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर लेते हैं,अपने अन्दर नहीं झांकते.बंधु;यह आत्मालोचना का समय है.अगर हम आत्मालोचन नहीं करेंगे,अपने-आप में सुधर नहीं करेंगे तो एक गद्दाफी के मारे जाने के बाद दूसरा गद्दाफी शासन में आ जाएगा;एक मनमोहन चुनाव हारेगा और उसकी जगह कोई और नहीं बल्कि दूसरा मनमोहन बदले हुए नाम और सूरत के साथ आ जाएगा.हम ठगे जाते रहेंगे और हमें कोई और ठग भी नहीं रहा होगा,हमारा अंतर्मन और हमारी अंतरात्मा खुद हमारे ही हाथों ठगे जाते रहेंगे;चाहे शासन साम्यवादी होगा या पूंजीवादी या फिर मिश्रित;वस्तुस्थिति में कोई अंतर नहीं होगा.
                    

शनिवार, 22 अक्टूबर 2011

निराशा ने बनाया नन्हा ब्लॉगर

kapilमित्रों,आजादी के बाद से ही सरकार घोषणाएं करती हैं,कानून भी बनती है और फिर सबकुछ भूल जाती है.वह कानून कैसे लागू होगा अथवा उसका कहाँ तक पालन हो रहा है;की बिलकुल भी चिंता नहीं की जाती.ताजा उदाहरण खुद मेरे घर से है.मेरे भांजों को जबसे जीजाजी का दिल्ली स्थानांतरण हुआ है,केंद्रीय विद्यालय में नामांकन का इंतजार है.इस बीच जीजाजी ने लगभग हरेक राजनीतिक दल का दरवाजा खटखटा,अधिकारीयों के दरों पर मत्था टेका लेकिन परिणाम कुछ भी नहीं निकला.हारकर मेरे भांजों ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री को पत्र लिखकर अपनी व्यथा-कथा से परिचित कराया.श्री कपिल सिब्बल ने पत्रोत्तर में उसे पत्र लेकर समीपस्थ केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य से मिलने की सलाह दी.वे दोनों उक्त पत्र को लेकर प्राचार्य से मिले भी परन्तु उन्हें एक बार फिर से टका-सा जवाब मिला.प्राचार्य महोदय ने ऐंठते हुए साफ़ तौर पर कहा कि वो किसी भी कीमत पर नामांकन नहीं लेंगे.यह स्थिति भारत की राजधानी दिल्ली के एक सरकारी स्कूल की है और तब है जब पूरे भारत में १४ साल से कम उम्र के बच्चों को शिक्षा का अधिकार प्राप्त है.अंततः निराशा ने वेदना को जन्म दिया और वेदना ने शब्दों का रूप धर लिया.तब जन्म हुआ एक नए ब्लॉग का और एक नन्हे मासूम ब्लॉगर का.ब्लॉग का नाम है सच्चाई और पता है-http://www.sachchai.blogspot.com और मेरे १३ वर्षीय ब्लॉगर भांजे का नाम है कौशिक राज.यहाँ मैं उसके पहले ब्लॉगपोस्ट जिसमें उसने अपनी व्यथा का वर्णन किया है प्रस्तुत कर रहा हूँ-

शिक्षा का अधिकार है या शिक्षा छीनने का अधिकार है

कहने के लिए तो देश में शिक्षा का अधिकार लागू है पर असलियत में इसकी बहुत भयावह स्थिति है।इसका एक उदाहरण मैं खुद हूँ।मैं और मेरा छोटा भाई पिछले एक साल से केन्द्रीय विद्यालय में नामांकन के लिए प्रयासरत हैं लेकिन आज तक हमारे हाथ सिवाय असफलता के कुछ नहीं लगा है।मेरे पिताजी सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय, सरदार पटेल भवन, नई दिल्ली में कार्यरत हैं।मेरे पिताजी को पिछले एक साल से केन्द्रीय विद्यालय में नामांकन के नाम पर परेशान किया जा रहा है।के॰वि॰ का बस एक ही नियम है-कोई सीट खाली नहीं है।
इस बार नामांकन के लिए मेरे पिताजी के॰वि॰ संगठन के उच्चाधिकारी और साथ-साथ कपिल सिब्बल-मानव संसाधन विकास मंत्री की चिठ्ठी आर॰के॰ पुरम सेक्टर-2 के प्राचार्य के यहाँ ले गए।हद तो तब हो गई जब प्राचार्य ने उन दोनों चिठ्ठी को भी यह कह कर नकार दिया कि आप चाहे मंत्री की चिठ्ठी लाएँ या प्रधानमंत्री की लेकिन नामांकन नहीं होगा तो नहीं होगा।तो क्या अब यह हाल हो गया कि एक विद्यालय के प्राचार्य की हैसियत भारत सरकार से भी ऊपर हो गई?प्राचार्य महोदय की बातों को सुनकर तो ऐसा लग रहा था जैसे हम किसी विद्यालय के प्राचार्य से नहीं बल्कि भारतीय संविधान के निर्माता अथवा सरकार के मुखिया से बात कर रहे हैं।
इस संदर्भ में हमने मंत्री जी के कार्यालय से भी बात की लेकिन वहाँ से हमें जवाब मिला कि हम आप की कोई मदद नहीं कर सकते।तो क्या आम आदमी की मदद करने का मंत्री जी का यही नजरिया है कि बस एक चिठ्ठी दे दी और हो गई सारी जिम्मेदारी पूरी।अगर के॰वि॰ संगठन के उच्चाधिकारी और मंत्री जी अपने ही घर यानी के॰वि॰ में नामांकन नहीं करा सकते तो फिर देश को कोई जरूरत नहीं है ऐसे कमजोर और गैरजिम्मेदार मंत्रिमंडल और संगठन की।सरकार को के॰वि॰ संगठन को विघटित कर देना चाहिए क्योंकि ऐसा कोई भी संगठन जो देश के काम नहीं आ सकता पर एक पैसा भी खर्च करना पाप है।वैसे भी केन्द्र में आज तक ऐसी कोई भी सरकार नहीं आई है जो आम जनता के बारे में सोचे।ये सरकार भी कुछ गलत नहीं कर रही है बस इसी रिवाज को आगे बढ़ा रही है।

लोकपाल लाओ जमानत बचाओ

मित्रों,जब हम बचपने में थे तब हमारे घर के बड़े-बुजुर्ग हमें अक्सर गाँव के तालाब में नहाने से रोका करते थे.चूंकि मारने-डांटने का प्रभाव बच्चों के मन-मस्तिष्क पर बहुत ही कम देर तक रहता है इसलिए वे हमारे मन में विभिन्न मनगढ़ंत कहानियों के द्वारा भायारोपन कर दिया करते थे और उन कहानियों में सबसे प्रमुख कहानी थी पनडुब्बा की.उनका कहना था या यूं कहें कि मानना था कि जो लोग तालाब में डूबने से मर जाते हैं वे एक विशेष प्रकार के भूत बन जाते हैं जिनकों वे पनडुब्बा कहते थे.इन पनडुब्बों में जैसा कि वे बताते थे कि ऐसी प्रवृत्ति पाई जाती है कि जो भी तालाब में स्नान करने आए उसे भी डूबा दो,जिससे उनके संख्या बल में लगातार वृद्धि होती रहे.
           मित्रों,दुभाग्यवश भारत की सबसे पुरानी और गुजरते वक़्त में केंद्र में सत्ता में काबिज कांग्रेस या करप्शन पार्टी इन दिनों यही पनडुब्बा का खेल खेलने में मशगूल है.सच्चाई तो यह है कि भ्रटाचार में आकंठ डूबी हुई यह पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ किसी भी तरह के ठोस कदम उठाना ही नहीं चाह रही है;लेकिन वो उस प्रत्येक शख्स को भ्रष्ट ठहराने पर तुली हुई है जो भी भ्रष्टाचार के विरूद्ध आवाज उठा रहा है.यह वही पार्टी है जिसके मंत्री रामलीला मैदान में लोकतंत्र की हत्या होने से पहले बाबा रामदेव की चरण-वंदना करने में थक नहीं रहे थे और अब यह वही पार्टी है जो उसी बाबा को भ्रष्ट साबित करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रही.अन्ना टीम के साथ भी इन दिनों चरित्र-हनन का गन्दा खेल चाहू आहे.सबसे पहले सरदार को पकड़ो की नीति पर चलते हुए अन्ना हजारे पर दर्जनों बेबुनियाद आरोप लगाए गए और उन्हें देशद्रोही,सेना का भगोड़ा और आपादमस्तक भ्रष्टाचार में डूबा हुआ बताया गया.जब बाद में उनका सफ़ेद झूठ सामने आने लगा तब जितनी बेशर्मी से आरोप लगाए गए थे कहीं उससे भी ज्यादा बेहआई के साथ लगे हाथों माफ़ी भी मांग ली गयी.इस असफल प्रयास के बाद कीचड़ उछाला गया पहले शांतिभूषण एंड संस पर,फिर अरविन्द केजरीवाल की बेदाग छवि पर और आजकल बारी चल रही है क्रेन आई.पी.एस. किरण बेदी और युवा कवि डॉ. कुमार विश्वास की.हालाँकि,किरण बेदी पर जो आरोप लगे हैं और उन्होंने जवाब में जो स्पष्टीकरण दिए हैं उससे स्पष्ट है कि चाहे किरणजी की नीति सही नहीं रही हो,उनकी नीयत साफ़ है.किरण जी का तो सिर्फ साधन अपवित्र है कांग्रेस नेताओं का तो साधन और साध्य दोनों ही अशुद्ध है.
       मित्रों,कांग्रेस के साथ सबसे बड़ी परेशानी यह है कि वह यह नहीं समझ पा रही है कि भारत की जनता उससे और उसकी सरकार से चाहती क्या है.उसे लगता है कि भारत की जनता यह चाहती है कि जो भी भ्रष्टाचार के विरूद्ध आवाज उठाए उसे बारी-बारी से भ्रष्ट साबित कर दिया जाए.उसे यह समझ में नहीं आ रहा है कि आवाज उठानेवाला भ्रष्ट है या नहीं इससे आम आदमी का क्या लेना-देना.आम आदमी तो बस यह चाहता है कि उसको भ्रष्टाचार का दानव से किसी प्रकार छुटकारा मिले.इसलिए मैं देशहित में अपनी आदत के विपरीत जाकर कांग्रेस पार्टी को मुफ्त में यह कीमती सलाह देना चाहता हूँ कि वो पनडुब्बा और कीचड़ उछलने का कुत्सित खेल खेलना छोड़कर ऐसे ठोस कदम उठाना शुरू करे जिससे भ्रष्टाचार सचमुच में समाप्त हो सके.उसे प्रभावी लोकपाल को तो स्थापित करना ही चाहिए;साथ ही न्यायिक प्रक्रिया को भी तीव्रगामी बनाना चाहिए जिससे लोकपाल की पकड़ में आए भ्रष्टाचारियों को समय पर सजा हो सके और उनकी अवैध कमाई से जोड़ी गयी संपत्ति को भी समय रहते जब्त किया जा सके.अन्यथा दीवार पर लिखी हर ईबारत यही बता रही है कि सबसे पुरानी होने का दंभ भरने वाली यह ऐतिहासिक पार्टी सचमुच में इतिहास का हिस्सा बनकर रह जाएगी.अभी तो सिर्फ हिसार में ही इसकी जमानत जब्त हुई है आने वाले चुनावों में उसके लिए युवा भारत की एक-एक सीट पर जमानत बचाना मुश्किल हो जाएगा.

शुक्रवार, 14 अक्टूबर 2011

राम का नाम बदनाम न करो

 मित्रों,राम नाम भारत का सबसे ज्यादा,सबसे बड़ा नेक नाम है.यही वह नाम है जो एक रामभक्त में महासागर को कूद कर सहज ही पार कर जाने की ताकत उत्पन्न कर देता है,यही वह नाम है जिसको लिख देने मात्र से पत्थर भी पानी में तैरने लगता है.परन्तु कितनी बड़ी बिडम्बना है कि आज राम के पवित्र नाम को उन्हीं के कुछ कथित भक्त बदनाम करने में लगे हैं.हिकारत की हद तो यह है कि उन्होंने अपने आतंकवादी संगठन का नाम भी श्रीराम सेना रख लिया है.
          मित्रों,राम की  सेना  कैसी   थी  और  उसमें  किस  तरह  के लोग  थे   इससे  हम  सभी  भली  भांति  परिचित  हैं.जहाँ  राम की  सेना  में भक्तराज हनुमान और विभीषण जैसे भक्त,जाम्बबान जैसे बुद्धिमान और सुग्रीव जैसे धीर और वीर थे;इस श्रीराम सेना में जिद्दी,सनकी,असहिष्णु,सांप्रदायिक और घोर हिंसावादी युवा भरे हुए हैं.
             मित्रों,कोसलपति श्रीराम ने कभी यह नहीं कहा कि अपने विरोधियों की हत्या कर दो या उनके साथ मार-पिटाई करो.वाल्मीकि रामायण में जो शम्बूक वध का प्रकरण है वह किसी भी तरह राम के मूल स्वभाव से मेल नहीं खाता और इसलिए और कई अन्य कारणों से भी विद्वान इस घटना को प्रक्षेपित मानते हैं.वैसे भी शास्त्रीय राम को जन-जन का राम वाल्मीकि ने नहीं बनाया वरन उन्हें जन-जन में श्रद्धेय और पूज्य बनाया तुलसी ने और तुलसी के राम दया के सागर हैं,कृपा के समुद्र हैं,क्षमा के जलनिधि हैं.तुलसी के राम शत्रुओं का आदर करते हैं.उनके यहाँ न तो मतभेद है,न ही मनभेद है.वे डंके की चोट पर घोषणा करते हैं की अगुनहिं सगुनहिं नहिं कछु भेदा,गावहीं श्रुति पुरान बुध बेदा.शबरी को नवधा भक्ति का उपदेश देते हुए राम ने परम अनुराग में भींगे हुए शब्दों में कहा है कि चाहे कोई किसी भी तरह से,सच्चे मन से उनका पूजन क्यों न करे वह उन्हें ही प्राप्त होता है.
          मित्रों,कलियुग में भगवद्भक्ति के प्रतीक रामकृष्ण परमहंस ने अलग-अलग मार्गों से ईश्वर की आराधना की थी और पाया था कि ईश्वर एक है;वह अनेक नहीं है.मैं मानता हूँ कि बाबर या मीर बांकी ने वास्तव में राम का मंदिर ही नहीं तोड़ा था बल्कि अपने अल्लाह को भी बेघर किया था.इस तरह एक आस्थावालों के ईबादतगाहों को तोड़कर और अपनी मर्जी के पूजा-स्थल का निर्माण कर सच्ची आराधना नहीं की जा सकती.ईश्वर का सबसे ज्यादा अंश जीवित प्राणियों और मानवों में हैं न कि ईंट-पत्थरों में.इसलिए ६ दिसंबर,1992 को राम की नगरी अयोध्या में जिस तरह राम की स्थापना के लिए उनके दूसरे घर को ढहा दिया गया उसे भी किसी भी मानवीय दृष्टिकोण से सही नहीं माना जा सकता.कम-से-कम तुलसी के या मेरे राम तो ऐसे घर में आकर वास नहीं करनेवाले हैं जो घर दूसरे लाखों लोगों की आस्था को आघात पहुंचाकर जबरन छीना गया हो.मेरे राम तो अकेले उनको राजा बनाने की घोषणा से भी प्रसन्न नहीं होते और कहते हैं कि जनमें एक संग सब भाई,भोजन सयन केलि लरिकाई;बिमल बंस यह अनुचित एकू,बंधू बिहाई बड़ेहिं अभिषेकू.मेरे राम का तो पूरा जीवन ही त्याग की एक अद्भुत कहानी है.समुद्र कभी अपनी मर्यादा भूल सकता है लेकिन मेरे राम कभी अपनी मर्यादा से बाहर नहीं जा सकते और उस मर्यादापुरुषोत्तम के नाम पर हिंसा,सर्वस्वहरण और मारकाट.फिर तो प्रश्न यह उठता है कि इन हिंसक और रक्तपिपासु आतंकवादी रामभक्तों के राम कौन-से राम हैं?क्या वे महाराज दिलीप और रघु के विमल वंश के बदले रावण के वंश में पैदा हुए हैं?लेकिन ऐसे किसी राम के बारे में तो कभी सुना भी नहीं गया.खुद तुलसी ने भी कभी मंदिर और मस्जिद के बीच कोई फर्क नहीं किया और रात्रि-विश्राम के लिए बाबरी मस्जिद का चुनाव किया-मांग के खईबो,मसीत में सोईबो.
             मित्रों,अभी परसों ही कुछ हिंसासक्त नरपशुओं ने प्रख्यात वकील प्रशांत भूषण पर उनके दफ्तर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया और पकड़े जाने पर खुद को श्रीराम सेना का स्थानीय अध्यक्ष (एरिया कमांडर) बताया.उनकी गुंडागर्दी यहीं तक नहीं रुकी उन्होंने कल पटियाला हाउस अदालत-परिसर में अन्ना के समर्थकों के साथ दुर्व्यवहार भी किया.क्या यह तरीका है राम के आदर्शों को प्रचारित और प्रसारित करने का कि जब किसी से मतभिन्नता की स्थिति उत्पन्न हो जाए तो उस पर जान से मार डालने का प्रयास करो?राम तो उदारता के वारिधि थे और हैं फिर क्यों कर रहे हो राम के नाम को बदनाम?तुम्हें किसने यह अधिकार दिया है कि चंद लम्पटों के आपराधिक गिरोह का नाम श्रीराम सेना रख लिया?मित्र,तुम्हारे इस तरह के कृत्यों से मेरे राम जो तुलसी के भी राम हैं प्रसन्न नहीं होने वाले.वे तो तुम पर तब अपनी अहैतुकी कृपा बरसाएंगे जब तुम उनके द्वारा स्थापित आदर्शों पर चलोगे.सत्य,दया,त्याग,क्षमा और धर्म के मार्ग पर चलोगे.राम ने भी शस्त्र उठाया था और प्रण भी किया था कि निसिचरहीन करौं मही कर उठाए पन कीन्ह;लेकिन अपने या अपने परिवार के लिए नहीं,मानवता और धर्म की रक्षा के लिए.अगर तुम किसी की किसी बात से मतभिन्नता रखते हो तो अपनी बात देश और समाज के आगे रखो.बन्धु,आधुनिक समाज तर्कों से चला करता है न कि लातों और घूसों से.अगर तुम्हारा युवा रक्त देश और समाज के लिए इतना ही उबाल खा रहा है तो अन्ना के मार्ग पर चलो,गाँधी के मार्ग पर चलो और अहिंसा द्वारा पवित्रतापूर्वक अपना पवित्र अभीष्ट प्राप्त करो.नीति और नीयत अगर साफ नहीं रखोगे तो न तो राम ही तुम्हें माफ़ कगेंगे और न थी मानवता ही तुम्हें कभी क्षमा करेगी.अंत में श्रीराम सेना के सदस्यों सहित सभी भारतीयों से एक बार फिर से मैं विनम्र निवेदन करता हूँ कि आपलोग कृपया राम का नाम बदनाम न करो.   

सोमवार, 10 अक्टूबर 2011

कहाँ तुम चले गए

मित्रों,न जाने क्यों आज मन काफी व्यथित है और क्रोधित भी.मन क्रोधित व व्यथित है दुनिया को चलानेवाले उस बेदिमागी खुदा पर.वह हमेशा अपनी मनमानी करते हुए अच्छे लोगों को जल्दी वापस बुला लेता है.क्या रहस्य है उसकी इस जल्दीबाजी का;यह खुद उस खुदा के अलावे और कोई जान भी तो नहीं सकता!
        मित्रों,अभी तो उसने ज़िन्दगी की साज़ पर गजल छेड़ी ही थी.अभी तो महफिले गजल अपने पूरे शबाब पर पहुची भी नहीं थी कि बंद हो गयी उसकी ऑंखें और अचानक रिक्त हो गया सांसों का कोष.वह गला जिससे नटराज श्रीकृष्ण की बांसुरी सरीखी मीठी और अच्छे-बुरे सबको मंत्रमुग्ध कर देने वाली आवाज निकलती थी अब कभी नहीं गाएगा.काश!मेरे पास टेलीविजन,इंटरनेट और अख़बार का साधन नहीं होता और मेरे कानों को कभी यह समाचार नहीं सुनना पड़ता कि रूहानी आवाज का जादूगर इस दुनिया से चुपचाप हम लोगों के लिए बिना कोई चिठ्ठी या सन्देश या अपना नया अता-पता छोड़े रुखसत हो चुका है;नहीं पढ़नी पड़ती मेरी आँखों को यह खबर कि अब हम उसे अपनी नंगी आँखों से जमीं पर अपने साथ-साथ,आस-पास,इर्द-गिर्द चहलकदमी करते हुए कभी नहीं देख पाएंगे.
           मित्रों,अपने होठों से छुए हुए गीतों की तरह ही जगजीत भी अमर हैं इसमें कोई संदेह नहीं.सदियों तक,युगों तक उनकी अमर आवाज हमें,हमारी आनेवाली पीढ़ियों को सुनने को मिलती रहेगी.जगजीत अपनी आवाज में दर्द के लिए जाने जाते हैं.उनकी आवाज में यह दर्द कोई खुदा की नियामत नहीं थी और न ही उन्हें किसी तरह की विरासत में ही मिली थी.बल्कि इसे उन्होंने दिलो-दिमाग पर कभी न भर सकनेवाले जख्म खाने के बाद प्राप्त किया था.जगजीत को आज गजलों और संगीत की दुनिया में जो बेताज बादशाह का असंदिग्ध दर्जा मिला हुआ है वह उन्होंने कठोर अभ्यास और संघर्ष के द्वारा पाया था.लगभग १५ सालों तक उन्हें अपने वजूद की कड़ी लडाई लड़नी पड़ी थी.
                     मित्रों,अपनी २१ साला इकलौती संतान की १९९० में अकाल मृत्यु के बाद कुछ समय के लिए जग को संगीत के माध्यम से जीत लेने वाले जगजीत ने चुप्पी भी साध ली थी.तब हमें लगा कि शायद ही अब फिर से हमें इन्हें सुनने का अवसर मिले.परन्तु इस महायोद्धा ने हर बार की तरह एक बार फिर क्रूर काल को ठेंगा दिखाते हुए पूरी शिद्दत से गाना शुरू कर दिया.इस बार एक नई कसक थी,एक अव्याख्येय दर्द था उसकी आवाज में.उसने गम को भुलाने के लिए अपनी इस पारी में जो दुर्भाग्यवश काफी छोटी रही और उनकी अंतिम पारी भी बन गयी है भजन भी जमकर गाए.जब दुनिया में जीने का कोई सहारा,कोई वजह शेष न रहे तो खुदा की कायनात का छोटा-सा हिस्सा कोई इन्सान अलावे इसके और कर भी क्या सकता है सिवाय उस सर्वशक्तिमान की शरण में जाने के?भगवान को भी शरण में आए इस सच्चे और बेहद ईमानदार बन्दे का साथ इतना भाया कि उन्होंने उसे हमेशा के लिए अपने पास रख लिया.अब जगजीत की सिर्फ यादें ही शेष हैं और शेष हैं उनके गाए हजारों लाजवाब गीतों और दिलकश गजलों का अमूल्य खजाना जो हर युग में उदास और घायल मानवता के जख्मों पर मरहम लगाता रहेगा और भावपूर्ण-निश्छल मुस्कान के साथ पूछता रहेगा कि इतना जो तुम मुस्कुरा रहे हो,क्या गम है जिसको छुपा रहे हो?

सोमवार, 3 अक्टूबर 2011

राज्यपाल हैं कि आदेशपाल

मित्रों,हमारे पूर्वज कह गए हैं कि अपने मन से जानिए पराए मन का हाल.कहने का तात्पर्य यह है कि जो जैसा होता है उसे पूरी दुनिया वैसी ही जान पड़ती है.चूंकि हमारे संविधान निर्माता भोले थे,ईमानदार थे और सच्चे थे इसलिए वे संविधान में यह सोंचकर कई ऐसे प्रावधान कर गए जिनका संचालन और निर्वहन पदासीन व्यक्ति की नैतिक स्थिति पर निर्भर करता है.हमारे उन भोलेभाले पूर्वजों की भावनात्मक गलती का नतीजा है राज्यपाल का पद,उसकी नियुक्ति की प्रक्रिया और उसके विवेकाधिकार.राज्यपाल का पद बहुत ही पुराना है.यह पद मौर्य-काल में भी था और इसी नाम से था.बाद के कालखंडों में भी यह पद बना रहा सिर्फ इसका नाम बदलता रहा.अंग्रेजों के समय इन्हें गवर्नर कहा गया और इनको असीमित विवेकाधिकार दिए गए.उस समय चूंकि अधिकतर गवर्नर लॉर्ड सभा के सदस्य भी होते थे इसलिए इस पदधारी को गाँव-गिराम के लोग लाट-गवरनर कहने लगे.तब हमारे देश में अंग्रेजों का स्वेच्छाचारी शासन था;राज्यों में चुनी हुई सरकारें नहीं होती थीं;गवर्नर ही प्रादेशिक शासन का सर्वेसर्वा होता था.
                मित्रों,शासकों का शारीरिक रंग बदला,हमें आजादी मिली लेकिन हमें आजादी नहीं मिल पाई इन लाट-गड़बड़ नरों से.हालाँकि सारे राज्यपाल नर ही नहीं हैं;इनमें से कुछ नारियां भी हैं.वही गवर्नर लगभग उन्हीं विवेकधिकारों से युक्त होकर राज्यों की राजधानियों में बने रहे;अंग्रेजी में तो नाम तक वही बना रहा.हाँ,हिंदी में अवश्य उन्हें राज्यपाल कहा जाने लगा.
              मित्रों,यह बात आप भी जानते हैं कि राज्यपाल की नियुक्ति राष्ट्रपति करता है और उन्हें हटाने का भी अधिकार सिर्फ उसी को है.वास्तव में भारतीय संविधान में राष्ट्रपति एक रबर स्टाम्प यथा बुरा मत देखो,बुरा मत सुनो और बुरा मत बोलो पद है जो केंद्र सरकार की सिफारिशों पर सिर्फ मंजूरी देने की औपचारिकता का निर्वहन करता है.यही कारण है कि केंद्र सरकार किसी भी ऐरे गैरे नत्थू खैरे को किसी भी राज्य का राज्यपाल बना डालती है.वर्तमान भारत में यह प्रवृत्ति जोरों पर है कि कांग्रेस आलाकमान का कोई चहेता अगर लोकसभा चुनाव हार जाए तो उसे राज्यपाल बना दो.इस तरह हारे को हरिनाम वाले व्यक्ति को राज्यपाल बनाने के अतिरिक्त लाभ हैं.वह आदमी जो चुनाव हारने के चलते अन्दर से टूटा-फूटा होता है राज्यपाल बन जाने पर केंद्र के इशारों पर कुछ ज्यादा ही नृत्य करने लगता है.वैसे भी आजकल लगभग सारे के सारे राज्यपाल केंद्र में सत्ताधारी  दल के प्रतिबद्ध कार्यकर्ता ही होने लगे हैं.चूँकि राज्य सरकारें चाहे उन्हें कितना भी प्रचंड बहुमत  क्यों न प्राप्त हो इन्हें हटा नहीं सकती हैं;ये कभी-कभी नंगा नृत्य भी करने लगते हैं.वैसे अब केंद्र के कलेजे में इतना दम रहा नहीं कि वो विपक्षी दल की राज्य सरकार को बर्खास्त कर किसी राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दे इसलिए राज्यपालों को उसने विपक्षी दल की राज्य सरकारों को छोटी-मोटी शैतानी द्वारा परेशान करने का काम सौंप रखा है.
                  मित्रों,बिहार के वर्तमान राज्यपाल देवानंद कुंअर को ही लें.ये महानुभाव बिहार विश्वविद्यालय अधिनियम,१९७६ को पूरी तरह से दरकिनार करते हुए अपनी मर्जी के व्यक्ति को विभिन्न विश्वविद्यालयों में कुलपति बनाने पर तुले हैं जबकि नियमानुसार इन्हें ऐसा राज्य सरकार की सहमति से ही करना है.इन पर कुलपतियों की नियुक्ति में करोड़ों रूपये बनाने का आरोप भी भाई लोग लगा रहे हैं जो अगर सच भी हो तो किसी भी आश्चर्य नहीं होना चाहिए.आखिर लालच आहा लपलप किसके मन में नहीं होता?अगर यह सच है तो हो यह भी सकता है कि इस वसूली में से केंद्रीय नेतृत्व को भी हिस्सेदारी मिलती हो.
                   मित्रों,इन दिनों गुजरात की राज्यपाल डॉ. हरबंश दीक्षित अपनी मर्जी की लोकायुत नियुक्त करने के कुछ ऐसे ही मिलते-जुलते मामले को लेकर चर्चा में हैं.प्रश्न उठता है कि ऐसा क्यों हो रहा है कि राज्यपाल जिनका संधिविच्छेद राज्य+पाल होता है केंद्र सरकार के आदेशपाल की तरह व्यवहार करने लगे हैं?जवाब है संविधान निर्माताओं का अपनी अगली पीढ़ी में अटूट विश्वास (इसे वर्तमान सन्दर्भ में अन्धविश्वास भी कह सकते हैं) के कारण हमें ऐसे दिन देखने पड़ रहे हैं.संविधान को बनाने वाले ईमानदार और तपःपूत थे इसलिए उन्हें लगा कि आगे भी भारत का नेतृत्व ईमानदार हाथों में ही रहेगा.लेकिन ऐसा हुआ नहीं;होना भी नहीं चाहिए था.सपने देखने का मतलब यह हरगिज नहीं है कि कोई किसी भी तरह का सपना देख डाले.
                मित्रों,मैं कभी भी यह नहीं चाहूँगा कि चूँकि यह पद विवादस्पद हो चुका है इसलिए इस पद को ही समाप्त कर दिया जाए क्योंकि मैं मानता हूँ कि भारत की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए राज्यपाल का पद एक आवश्यक कड़ी है.हालाँकि इस पद की गरिमा की स्थिति शोचनीय है फिर भी ऐसा भी नहीं है कि इस अतिमहत्वपूर्ण संवैधानिक पद की गरिमा की रक्षा का कोई उपाय शेष रह ही नहीं गया हो.उपाय हैं,ईलाज भी है बशर्ते केंद्र सरकार के जिगर में उन्हें लागू करने का जीवट हो.केंद्र को चाहिए कि संविधान में संशोधन कर राज्यपालों की नियुक्ति की प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए.राज्यपालों की नियुक्ति एक ऐसी कमिटी करे जिसमें प्रधानमंत्री,विपक्ष के नेता और भारत के प्रधान न्यायाधीश शामिल हों.इस कमिटी में किसी भी तरह सरकार अथवा सरकारी दल का बहुमत न हो.इसी कमिटी को उन्हें हटाने की सिफारिश करने का अधिकार भी दिया जाए.कदाचित ऐसी व्यवस्था होने पर इस गरिमामय पद की गरिमा की रक्षा संभव हो जाए.मैं राज्यपाल की नियुक्ति प्रक्रिया के मामले में सरकारिया आयोग की सिफारिशों से पूरी तरह से सहमत नहीं हूँ कि इस मामले में राज्य सरकारों से भी राय ली जानी चाहिए.       
             

मंगलवार, 27 सितंबर 2011

पुलिस वाला लुटेरा अथवा वर्दी वाला गुंडा

मित्रों,इन दिनों भारतीय पुलिस की अनैतिकता के अद्भूत कारनामे रह-रहकर लगातार अलग-अलग प्रदेशों से सामने आ रहे हैं.कल-परसों की रात दिल्ली पुलिस का एक जवान लूटपाट और क़त्ल करता हुआ पकड़ा गया है.महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से अनवरत किसानों और आम जनता पर पुलिसिया फायरिंग और जुल्म की ख़बरें आती रहती हैं.बिहार पुलिस का तो कहना ही क्या?इनके बारे में तो जो भी कहा जाएगा कम होगा.बड़ी विविधतापूर्ण भूमिका निभा रहे हैं बिहार के पुलिसवाले.ये एक साथ हत्यारे भी हैं,चोर और लुटेरे भी और अत्याचारी तो ये हैं ही.वर्दी जिस्म पर चढ़ी नहीं कि मिल गया रंगदारी और गुंडागर्दी का सरकारी लाइसेंस.सड़क चलते चाहे कोई सब्जी,केला या अनाज बेच रहा हो या कोई अन्य चीज;वर्दी ने इन्हें असीमित अधिकार दिया है कि ये किसी की टोकरी में से या ठेले पर से कुछ भी उठा लें.विरोध करने पर गरीब विक्रेताओं पर ऎसी-ऐसी धाराएँ लगा दी जाती हैं जिनका उन्होंने पहले कभी नाम भी नहीं सुन रखा होता है.ये लोग किसी के घर की दीवार कभी भी तोड़ सकते हैं और कभी भी किसी का पेड़ कटवा सकते हैं.
                     मित्रों,एक वर्दीवाले गुंडे के साथ मेरा रोज ही साबका पड़ता है.वह वास्तव में किसी भी सामान्य गुंडे से बड़ा गुंडा है.एक रोज वह अचानक हमसे आदेशात्मक स्वर में कहता है कि अलगनी पर से कपड़ा हटा लीजिए दीवार तोड़नी है.हम उसे रोकते हैं और मकान-मालिक जो सेना में काम करता है को फोन मिलाते हैं.हमारा मकान-मालिक उससे विनय के स्वर में ऐसा नहीं करने की विनती करता रहता है और चंद ही मिनटों में दीवार ढहा दी जाती है.वह वर्दीवाला गुंडा अपना नाम बड़े गर्व से पप्पू यादव बताता है (संभवतः बिहार के ही एक अपराधी नेता के साथ     नाम की समानता के चलते) और खुद को सैदाबाद (राघोपुर,वैशाली) के एक रिटायर्ड शिक्षक का बेटा बताता है.उसकी बदमाशी यहीं नहीं रूकती है.वह भारी सामानों से लदा ठेला मना करने के बावजूद हमारे कैम्पस में लाने लगता है.परिणाम यह होता है कि कई स्थानों पर जमीन धंस जाती है.एक जगह पर तो कई फुट गहरा गड्ढा बन चुका है लेकिन उसका कहना होता है कि ये गड्ढे भारी बरसात के चलते बने हैं न कि ठेला लाने से.उसको गड्ढा नहीं भरवाना था सो गड्ढा आज भी वर्तमान है और हमारी पुलिसिया नैतिकता को मुंह चिढ़ा रहा है.हमारे मकान-मालिक ने पानी और सामान रखने के लिए कमरे की सुविधा देकर इस कुत्ते(हमारे बिहार में लोग पुलिस को इस संबोधन के द्वारा भी बुलाते हैं) की मदद की और उसने क्या शानदार सिला दिया है उनके उपकारों का?यह पप्पू यादव अपनी निर्माणाधीन ईमारत की छत पर अपनी मंडली के साथ खुलेआम शराब पीता है और इस तरह समाज की नैतिकता की रक्षा के अपने वैधानिक कर्त्तव्य का अनुकरणीय तरीके से निर्वहन कर रहा है.इतना ही नहीं वह टोका फँसाकर बिना कनेक्शन लिए बिजली चोरी भी कर रहा है लेकिन बिजली बोर्ड के कर्मचारी उसकी इस कारस्तानी को देखकर भी अनदेखा कर रहे हैं.
         मित्रों,यूं तो मुझे पुलिस थानों पर जाने का कुअवसर बहुत ही कम मिला है लेकिन जितनी भी बार मैं वहां गया हूँ उसके आधार पर मैं कह सकता हूँ कि सरकार जितना पुलिस बल थानों को उपलब्ध कराती है वास्तव में उतने लोग वहां मौजूद होते नहीं हैं.कई बार वे अपने अधिकारी की मिलीभगत से या रिश्वत देकर अपने को ड्यूटी पर उपस्थित दिखाते हुए ही घर चले जाते हैं और घर का काम-काज करने लगते हैं.मैंने पुलिसवालों को एस.पी. के गाँव जाकर खेती करवाते भी देखा है.ऐसे में जब नक्सली हमला हो जाए तो फिर वही होता है जो नहीं होना चाहिए.मैं देख रहा हूँ कि कुछ ही दिनों के लिए सही जबरन मेरा पडोसी बन गया पप्पू यादव पिछले 4 महीनों से लगातार मेरी आँखों के सामने रहकर घर बनवा रहा है.मैं नहीं समझता कि वह ऐसा विधिवत छुट्टी लेकर कर रहा है.
              मित्रों,फारबिसगंज में बिहार पुलिस ने जो पराक्रम दिखाया वह शायद आप सबने भी टी.वी. पर देखा होगा.फिर नालंदा में प्रदर्शनकारी महिलाओं की कैमरे के सामने पिटाई और अब मुजफ्फरपुर में राइफल के कुंदे से मारकर महिला की हत्या बिहार पुलिस की कर्तव्यनिष्ठा के अविस्मरणीय उदाहरण बन चुके हैं.
         मित्रों,कश्मीर से लेकर तमिलनाडु तक प्रत्येक राज्य की पुलिस अपने कर्त्तव्य से च्युत हो चुकी है;पुलिस विभाग चाहे वह किसी भी भारतीय प्रदेश का हो इतना ज्यादा भ्रष्ट हो चुका है कि पुलिस थाने पर जाने की सोंचकर ही भलेमानसों की रूहें कांपने लगती हैं.जनता के ये आधिकारिक रक्षक बहुत पहले ही भक्षक बन चुके हैं.इन्हें वर्दी दी जाती है जनता की सेवा और रक्षा करने के लिए और ये बन बैठते हैं सरकारी दामाद जी.इनका मानना होता है कि इनको सबकुछ फ्री है;कुछ भी खरीदने की जरुरत नहीं है.मामला उजागर होने पर इन्हें कुछ दिनों के लिए निलंबित कर दिया जाता है जो किसी भी तरह इस लगातार बढती जा रही समस्या का समाधान नहीं है.पकडे जाने पर इनको निलंबित करने के बदले बर्खास्त किया जाना चाहिए.साथ ही इनकी संपत्ति की समय-समय पर जाँच भी होनी चाहिए और आय से ज्यादा पाए जाने पर जब्त कर लेना चाहिए.(इस सम्बन्ध में मैं जिक्र करना चाहूँगा वर्ष २००२-०३ में राजस्थान में रिश्वत लेते पकड़े गए एक सब-इंस्पेक्टर का जिसके पास से आयकर विभाग ने करीब २५० करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त की थी)तभी इनकी मनमानी और अत्याचारी प्रवृत्ति को रोका जा सकेगा.अन्यथा जनता का कानून और संविधान पर से विश्वास का जो पात्र रिक्त होने की तरफ बढ़ रहा है बहुत जल्दी रिक्त हो जाएगा और जनता कानून को अपने हाथों में लेने लगेगी.फिर तो ऐसी खून-खराबी होगी जैसी न तो कभी ऐतिहासिक काल में ही मानवों ने देखी है और न ही प्रागैतिहासिक काल में ही.

मंगलवार, 20 सितंबर 2011

आप तो आप हैं आपको क्या कहें?

कुछ लोग कहते हैं कि नाम में क्या रखा है;जो चाहे कह लो लेकिन वास्तविकता यह है नहीं.आप लंगड़े को लंगड़ा,अंधे को अँधा यहाँ तक कि गदहे को गदहा नहीं कह सकते.हुआ यूं कि एक बार कोई धोबी अपने गदहे पर कपड़ा लादकर नदी किनारे धोने पहुंचा.कपड़े को धोने के बाद नदी किनारे की जमीन पर सूखने के लिए डाल दिया और बीड़ी-खैनी खाते-पीते हुए,आपस में बतियाते हुए सुस्ताने लगा और छोड़ दिया गदहे को घास चरने और धूल में लोटने के लिए.तभी गर्दभराज को न जाने क्या दूर की सूझी?लगे सूखने के लिए डाले गए कपड़ों पर उधम मचाने.धोबी की आदत थी कि वो हर किसी को जिसमें आदमी से लेकर पशु तक शामिल थे;जीवन के अतिभावुकतापूर्ण क्षणों में गदहा कहा करता था सो कह बैठा गदहे को गदहा.फिर अचानक ख्याल आया कि दोपाया और अन्य चौपाया जानवरों को तो मैं नीचा दिखाने के लिए गदहा कह दिया करता हूँ.इस गदहे को गदहा कहने का क्या लाभ?यह तो पहले से ही गदहा है इसलिए उसने गदहे को दोनों हाथ जोड़कर संबोधित करते हुए विनीत शब्दों में कहा कि आप तो आप हैं आपको क्या कहें?
           मित्रों,हमारे देश की विश्व-विजयी क्रिकेट टीम अभी इंग्लॅण्ड के दौरे पर थी और वहां से  किसी भी संस्करण में बिना कोई भी मैच जीते मुंह उठाए वापस लौटी है.गजब का खेल दिखाकर लौटे हैं हमारे रणबांकुरे!बांसों नहीं कुतुबमीनार से भी ऊंचा उछल रहा है हमारा दिल इनके शानदार प्रदर्शन को देखकर!!क्या बॉलिंग थी,वाह क्या बैटिंग थी और फील्डिंग का तो नाम ही मत लीजिए.इनकी अप्रतिम और अनुपमेय फील्डिंग कला की प्रशंसा में जब भारतीय मूल के इंग्लैण्ड के पूर्व टेस्ट कप्तान नासिर हुसैन ने इन्हें गदहा कह दिया तब बी.सी.सी.आई. समेत पूरा भारतीय क्रिकेट-जगत नाराज हो गया.मैंने पूर्व की पंक्तियों में कहा था न कि जो जो है उसे वह कहके नहीं पुकारा जा सकता.अगर भारतीय खिलाड़ी गदहे नहीं हैं तो इस हिसाब से हम नासिर की गलती मान भी सकते हैं.उन्हें इन खिलाडियों को कुछ और कहना चाहिए था.चाहे तो बन्दर या कुछ और.
               मित्रों,टीम इंडिया को कई बार लोग घर का शेर भी कह लेते हैं.अपने घर में जैसे कुत्ता भी शेर होता है उसी तरह प्रत्येक क्रिकेट टीम अपने देसी मैदानों पर शेर होती है.वाह-वाही तो तब होनी चाहिए जब वो विदेशी मैदानों पर भी मैदान मार ले.तेज और घंसियाली पिच को देखते ही धूल भरी पिचों की बादशाह हमारी टीम इण्डिया को जाने क्यों सांप सूंघ गया.इंग्लैण्ड की धरती पर उतरते ही शेर दहाड़ना भूल गए और लगे गदहे की तरह धूल में लोटने.एक जहीर खान घायल क्या हुआ हमारे बॉलर बॉलिंग करना ही भूल गए.भारतीय ओपनर गौतम गंभीर को तो इंग्लैण्ड में दिखना ही बंद हो गया और नई बीमारी साथ में लिए बेचारे बीच मंझधार में ही डूबती नाव से उतर लिए.बाँकी के बचे बल्लेबाजों में से भी कुछ ही गेंद को देख सके बाँकी तो अंदाजन बल्ला घुमाते रहे और तू चल मैं आया वाला क्रम लगातार लगा रहा.अमा मियाँ क्या इसी दम पर विश्वविजेता बने थे?गए तो थे सिकंदर बनकर और लौटे हो बन्दर बनकर.अब किस चीज का हार पहनकर तुम्हारा स्वागत करूँ;तुम खुद ही बता दो?साथ में यह भी बता दो कि आपको क्या कहकर संबोधित करूँ?नासिर का संबोधन तो आपलोगों को जमा नहीं.           

शनिवार, 17 सितंबर 2011

ई ललुआ को हो क्या गया है?

मित्रों,एक दिन पता चला कि बिहार का मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव महनार पधार रहे हैं,भाषण झाडेंगे.सो हमहू सभ्भे काम-काज को बीच का बगल करके चल दिए बिहने-बिहने लालूजी को सुनने.उ खूब बोले,खूब जमकर बोले,खुभ्भे बोले लेकिन उनकर एक घंटा लम्बी बकवास में से एक्के बात हमको आज भी याद है.आउर उ बात ई है कि अभी तक लोग हमको कहता था ललुआ त काम हुआ अलुआ(शक्करकंद);अब लोग कहते हैं लालू तो भाई अब काम होगा चालू.ई हम जिक्र कर रहे हैं १९९५ के बिहार विधानसभा चुनाव का.उ चुनाव तो लालूजी ने जीता ही बाद में २००० में एक बार आउर जीत गए लेकिन काम को चालू नहीं होना था सो नहीं हुआ आउर अंत में बिहार की जनता जब अलुआ खा-खाकर और लालूजी की जोकरई पर हँसते-हँसते बेहाल होने लगी तब पटक दिया उनको गताल खाता में.
              मित्रों,चूंकि लालूजी ने कई बार मौका देने के बाद भी बिहार में काम चालू नहीं किया इसलिए बेहतर होगा कि बिहार की अन्य भलेमानुष जनता की तरह हम भी उन्हें ललुआ ही कहें.आजकल हम ई ललुआ को लेकर बहुते चिंता में हूँ.जाने का हो गया है राजनीति के डॉक्टर को.हरमेशा एंटिश-फेन्टीश बोलता रहता है आ करता रहता है.का जरुरत थी अन्ना हजारे के खिलाफ होने आउर बोलने की?माना कि अभी एक्कर सितारा गर्दिश में है लेकिन फिरू ऊपर उठियो त सकता है.खाली केंद्र में मंत्री बनेला कोई अप्पन पूरा राजनीतिक जीवन के दाव पर लगाता है क्या?ई काम त पहिले से ही बिहार के एगो आउर नेटा रामविलास जी करिए रहे हैं.सब कोई जानता है कि ललुआ जी गिभ एंड टेक में पूर्ण विश्वास रखते हैं,भगवानो से जादा.बड़ आदमी है कुछ आदर देना ही चाहिए.माने कि ऊ पहले लेते हैं फिर मन हुआ त दिए नहीं त पटना के सुनार आउर फर्नीचरबाला की तरह दुत्कार के भगा दिए.लेकिन ईहाँ त कांग्रेस कुछ देईए नहीं रही है और ले रही है राजनीतिक भविष्य.मंत्री बनाएगी ऐसा लग नहीं रहा है काहे कि अभी सोनिया के दिमाग पर अन्ना फैक्टर हावी है.इतना जरूर है कि अपना ललुआ अभी जेल में नहीं है त कांग्रेसे के कृपा से न त अमरवा नियर उहो जेल जाके बीमार हो चुका होता;झुठ्ठो न त सच्चो के.
           मित्रों,ललुआ को लग रहा है चाहे कहिए कि भरम है कि जात-धरम के मुद्दा पर उ फिरू बिहार का राजा बन सकता है.उ समय गया जब गदहा भी जलेबी खाता था.पिछला विधानसभा चुनाव का गणित अभी तक नहीं समझा है का कि अब काम के बदले दाम मिलता है खाली जोकरई आउर नौटंकी करे बाला के जनता भैंसी पर उल्टा बैठा के हांक देती है;भले ही उ भैंस पर सींग की तरफ से ही क्यों न बैठता हो.
               मित्रों,हम त कहेंगे कि ललुआ को एक बात फिरू से रांची जेल में कुछ समय बिताना चाहिए.केस चलिए रहा है चारा घोटाला बाला सो जमानत टूटे के खाली देरी है.रांची के बगले में कांके में एशिया का सबसे बड़ा पागलखाना है जहाँ से निम्मन के पगलाबे आ पागल के ठीक करे वाली हवा रोजे रांची के तरफ चलती है.ललुआ के मगज में उ ठंडी-ठंडी पगलैया बयार लगेगी त हो सकता है कि ओक्कर दिमाग पुरनका पोजीशन पर आ जाए.आप के पास भी कोनो सुझाव है त सीधे ललुआ जी को या हमको भी दे सकते हैं;हम ओकरा तक चहुंपा देंगे बाकिर मानुष के टटका गोबर लगाबे का सुझाव नहीं दीजिएगा त ठीक रहेगा.काहे से कि जब पेट में चारा आउर दिमाग में पहिले से ही गोबर भरा होता है त ई नुस्खा काम-उम नहीं करता है.धनवाद.
     

रविवार, 28 अगस्त 2011

मैं अन्ना हूँ और रहूँगा

मित्रों,जबसे होश संभाला प्रत्येक चुनाव के बाद यह सुनते-सुनते मेरे कान पक गए कि यह मेरी या हमारी नहीं बल्कि जनता की जीत है लेकिन वास्तविकता हमेशा कुछ और ही रही.नेता जीतते-हारते रहे और जनता सिर्फ हारती रही.बार-बार उसने व्यवस्थापक को बदला परन्तु व्यवस्था को नहीं बदल सकी.भ्रष्टाचार सर्वव्यापी बना रहा और न सिर्फ बना रहा वरन उसकी मात्रा और घनत्व में उत्तरोत्तर तीव्र वृद्धि भी होती रही.कहते हैं कि हर पाप का एक न एक दिन अंत होता है.आम जनता भ्रष्टाचार से उब चुकी थी परन्तु कोई निदान नजर नहीं आ रहा था.
      मित्रों,ऐसे में एक ७४ साल का बूढा राष्ट्रीय मंच पर आया.उसके पास भौतिकता के नाम पर तो कुछ भी नहीं था;था तो अंतिम दम तक लड़ने का अद्भुत जीवट.उसने भ्रष्टाचार की समस्या के खिलाफ कोरी आवाज ही नहीं उठाई बल्कि उसका समाधान भी प्रस्तुत किया और केंद्र सरकार से मांग की कि वो उसकी टीम द्वारा तैयार किए गए जनलोकपाल कानून को लागू करे.जाहिर है कोई भी ऐसी सरकार जिसे अब तक की सबसे भ्रष्ट और निकम्मी केंद्र सरकार का गैरसरकारी ख़िताब मिल चुका हो,क्यों कर मानने जाती?उसे तो लग रहा था कि बुड्ढा सठिया गया है,जब जनता साथ नहीं देगी तो झक मारकर खुद ही बैठ जाएगा.लेकिन ऐसा हुआ नहीं.राजनेताओं की फूट डालने की तमाम कोशिशों को नाकाफी सिद्ध करते हुए जब जनता सड़क पर उतरी तो बस इतिहास ही बन गया.
          मित्रों,कभी चर्चिल ने हमारे राष्ट्रपिता को अधनंगा फकीर मात्र समझने की भूल की थी.कुछ उसी तरह की गलती वर्तमान केंद्र सरकार भी कर गयी.उसे आम जनता के मन में भ्रष्टाचार के प्रति पल रहे असंतोष का अनुमान नहीं था.तभी तो उसने भीतर-ही-भीतर जन-जन के ह्रदय-सम्राट बन चुके अन्ना को गिरफ्तार करने और गरियाने की हिमाकत कर दी.खैर,अब जो हुआ सो हुआ;जीत तो आखिर आम आदमी की ही हुई.लेकिन क्या हमारी लड़ाई पूरी हो गयी है?क्या हमने मुकम्मल जीत हासिल कर ली है?नहीं,बिल्कुल भी नहीं.मैं मानता हूँ कि यह जीत कोई छोटी जीत नहीं है.अब तक नेता जीतते और जनता हारती आ रही थी,पहली बार जनता जीती है और नेता हारे हैं.फिर भी अगर हम भारत के सम्पूर्ण परिदृश्य पर दृष्टिपात करें तो पाएँगे कि इस जीत के द्वारा हमने कुछ ज्यादा हासिल नहीं किया है.अभी हमें देखना है कि संसद कहाँ तक हमारे जनलोकपाल को लागू करती है.साथ ही अभी तो हमें बहुत सारे परिवर्तनों में सक्रिय योगदान देना है.हमें न्यायपालिका की लेटलतीफी को ख़त्म करना है,समाप्त करनी है अमीरी और गरीबी के बीच लगातार बढती जा रही है खाई को.कोई हक़ नहीं है किसी को ऐसे मुल्क में ४०० करोड़ या ४००० करोड़ रूपये का एक अदद घर बनाने का जिस मुल्क के ८०% लोग अधनंगे और अधपेट हों.अभी हमें बचानी है भ्रष्ट सत्ताधीशों से अपने किसानों की जमीनें,निबटना है गिरती कृषि-उत्पादकता से और रोकना है वायु,ध्वनि और जल-प्रदूषण के फैलते जहरीले पंजों को.इसके लिए हमें जीत को अपना स्वभाव तो बनाना ही पड़ेगा.साथ ही हार से उपजनेवाली अवसादमयी निराशा से भी बचना होगा.तो आईये मित्रों हम अपनी आगे की लडाई के लिए तैयारी शुरू  करें,अपनी अगली प्रस्थान-यात्रा पर अग्रसर होवें.यह जरुरी नहीं है कि हर बार और हमारी हर लडाई का अन्ना ही नेतृत्व करें.मुझे यकीन ही नहीं विश्वास भी है कि हमने अपनी टोपियों और टी-शर्ट्स पर जो मैं अन्ना हूँ का नारा लिखवाया है वह महज दिखावे के लिए नहीं है;बल्कि हम सभी सचमुच अन्ना हैं और अन्ना रहेंगे और---------तभी हमारा भारत सही मायनों में अतुल्य भारत बन पाएगा.

शनिवार, 27 अगस्त 2011

क्या अन्ना की मौत चाहती है केंद्र सरकार?

मित्रों,जैसा कि मैं पहले ही अर्ज कर चुका हूँ कि हम स्वतंत्रता सेनानियों का पाला इस बार लोमड़ियों से पड़ा है.आज अन्ना के अनशन का ११वां दिन है लेकिन सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जनलोकपाल कानून लाने और पास कराने को लेकर बिलकुल भी संजीदा नहीं दिख रही.उसे इस बात की जरा-सी भी चिंता नहीं है कि अगर अनशन की शरशैय्या पर लेटे अन्ना की मौत हो गई तो क्या होगा?सरकार शायद यह सोंचती है कि देश की जनता अन्ना की मौत को हल्के में लेगी और जल्दी ही अन्ना और भ्रष्टाचार को इस तरह भूल जाएगी जैसे कुछ हुआ ही नहीं हो.
                   मित्रों,कुछ इसी तरह का भ्रम सरकार को अन्ना की गिरफ़्तारी को लेकर भी था.उसे लग रहा था कि वह अन्ना को भी बाबा रामदेव की तरह गिरफ्तार कर जबरन महाराष्ट्र भेज देगी और देश में आदमी के जुबान खोलने की बात तो दूर रही दिल्ली की गली का कुत्ता भी नहीं भूंकेगा.परन्तु उसकी ग़लतफ़हमी को हम भारत के लोगों ने किस तरह दूर कर दिया अब यह इतिहास का विषय है.यह समय ही इतिहास बनाने और बनते हुए देखने का है.आज कांग्रेस के युवराज,भारत के राष्ट्रीय तोता राहुल बबुआ ने भी इतिहास बनाया.अन्ना का आदर करते हुए उन्हें गालियाँ भी दीं जिसे वे फुर्सत से लिखकर लाए थे और उनके आन्दोलन को कथित भारतीय लोकतंत्र के लिए खतरनाक बता दिया जबकि हमलोग यह अच्छी तरह से जानते हैं कि अन्ना का पूरी तरह से अहिंसक आन्दोलन अगर किसी के लिए खतरनाक है तो वे हैं सिर्फ और सिर्फ भ्रष्टाचारी.पूरी की पूरी केंद्र सरकार के रूख में पिछले ११ दिनों में अगर कोई परिवर्तन आया है तो वो यह है कि अब वो अन्ना को ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार में डूबा हुआ नहीं मानती है और उनका अपमान करने के बदले सम्मान करने लगी है.वो और उसके युवराज एक तरफ तो कहते हैं कि हम अन्ना द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़े जा रहे जंग का सम्मान करते हैं परन्तु अन्ना की किसी भी ऐसी मांग को मानेंगे भी नहीं जिससे भ्रष्टाचार को किंचित भी क्षति पहुँचती हो.
                                     मित्रों,इस सरकार ने अन्ना को पड़ोसी देश पाकिस्तान समझ लिया है जिसके साथ सालोंभर खुले और सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत चलती रहती है और नतीजा कुछ भी नहीं निकलता.अगर सरकार आमरण अनशन पर बैठे हुए अन्ना के साथ इस तरह की बातचीत करना चाहती है तो इसका साफ़ मतलब है कि अन्ना जियें या मरें इससे उसका कुछ भी लेना-देना नहीं है.वैसे भी मरता कौन नहीं है?जो आया है उसे एक-न-एक दिन जाना ही है.अन्ना की जिंदगी तो कुछेक राजनेताओं को छोड़कर पूरे देश के लिए एक मिसाल रही ही है और अगर वर्तमान अनशन के दौरान उनकी मौत हो जाती है तो मौत भी मिसाल बन जाएगी.अब शायद ऐसा अवश्यम्भावी है.केंद्र सरकार और कांग्रेस पार्टी के रूख से नहीं लगता कि उन्हें भ्रष्टाचार को समाप्त करने की कोई जल्दीबाजी है.बल्कि ४२ साल तक इस विधेयक के लटके रहने के बावजूद उन्हें तो यही लगता है कि हमें किसी तरह की जल्दीबाजी नहीं करनी चाहिए.
              मित्रों,क्या आपने कभी यह सोंचा है कि अगर राहुल गांधी के अनुसार समाज के लिए खतरनाक बन चुके अन्ना की अनशन के दौरान मौत हो जाती है तो देश की क्या हालत हो सकती है?वैसे अभी तो यह परिकल्पनात्मक प्रश्न है लेकिन इतना तो निश्चित है कि तब जो कुछ भी देश में होगा उसकी कांग्रेसियों के पूर्वजों ने भी कल्पना नहीं की होगी.सबकुछ अप्रत्याशित होगा.जनता तब महात्मा गांधी पथ को छोड़कर शिवाजी मार्ग पर आ जाएगी और शासन की बागडोर भ्रष्ट राजनेताओं के हाथों से सीधे अपने हाथों में ले लेगी.तब न तो लोकतंत्र का कथित प्रहरी संसद रहेगा और न ही संसद की दुहाई देनेवाले भ्रष्टाचारी सत्ता में रह जाएँगे;कहाँ रहेंगे या रहेंगे भी कि नहीं कह नहीं सकता.

शनिवार, 20 अगस्त 2011

अन्ना+मीडिया+जनता=क्रांति?


मित्रों,भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही हमारी जंग अब बेहद रोमांचक और संवेदनशील मोड़ पर पहुँच गयी है.शुरू में सख्ती दिखाने के बाद अब तक की सबसे भ्रष्ट केंद्र सरकार फिर से हमले की मुद्रा में है.उसके सारे दांव उल्टे पड़ते दिख रहे हैं और उसे थूककर चाटने जैसा काम करना पड़ा है फिर भी उसकी थेथरई नहीं गयी है.अन्ना रामलीला मैदान में ससम्मान पहुंचा दिए गए हैं जबकि दो दिन पहले तक कांग्रेस के मंत्री उन्हें पागल और भ्रष्ट बता रहे थे.लेकिन अब भी शायद उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि न तो संविधान सबसे ऊपर है और न ही संसद;बल्कि सबसे ऊपर अगर कोई है तो वह है जनता जो जब चाहे देश के हरेक चौक को तहरीर चौक बना दे.उसकी ताकत के आगे होश्नी मुबारक की तोप फायर होना भूल जाती है तो अल असद के विमान उड़ान भरने से मना कर देते हैं;देर बस उनके जागने की होती है.
                                                मित्रों,ये क्षण हमारे लिए बड़े ही हर्ष और गौरव के क्षण हैं क्योंकि यही वे क्षण हैं जब हमारे देश की आम जनता जागती हुई दिख रही है.हालाँकि ये क्षण ३७ साल के बेहद लम्बे ईन्तजार के बाद आए हैं.दोनों जागरण में बड़ा मौलिक फर्क है.तब आन्दोलन छिड़ा था देश की सत्ता बदलने के लिए और वर्तमान भारत चाहता है व्यवस्था को बदलना.सत्ता में कौन रहता है और कौन आता-जाता है से कोई सरोकार नहीं;बस व्यवस्था बदलनी चाहिए और सुधरनी चाहिए.कहते हैं कि जब अँधेरा गहराने लगे तब यह समझना चाहिए कि सबेरा अब दूर नहीं.
 .              मित्रों,भारत के आसमान पर इस समय महाघोटालों के काले व डरावने बादल छाए हुए हैं.भारतीय लोकतंत्र का कारवां इस समय भ्रष्टाचार की एक लम्बी अँधेरी गुफा में आकर फंस गया है और इससे बाहर निकालने की जिम्मेदारी हम जनता पर है.हम यह अच्छी तरह जानते हैं कि हमारा मुकाबला लोमड़ियों से है और वे (कोंग्रेस और उसके मंत्री) हमारा मनोबल तोड़ने के लिए,हमारे उत्साह को कम करने के लिए और हमारे बीच फूट डालने के लिए रोज-रोज नए-नए पैतरे चलने वाले हैं.हमारे अरमानों को पूरा करनेवाले जनलोकपाल विधेयक को चालू सत्र में लाने से  बचने के लिए उन्होंने चालें चलनी शुरू भी कर दी हैं.आगे सबकुछ हमारे ऊपर निर्भर करता है,हमारी संघर्ष-क्षमता पर निर्भर करता है.हमें इस कांग्रेस पार्टी के इन शातिर लोगों पर लगातार दबाव बनाए रखना होगा और इस तरह से बनाए रखना होगा कि वह उत्तरोत्तर बढ़ता ही चला जाए.इसके लिए चाहे जेल भरना पड़े या कुछ भी और करना पड़े तो हमें करने के लिए तैयार रहना पड़ेगा.मैं समझता हूँ कि ऐसा गांधीवादी-मार्ग से ही संभव है और कोई मार्ग नहीं है.
                       मित्रों,जब कोई त्यागी महात्मा,मीडिया और जनता किसी अच्छे उद्देश्य की प्राप्ति के लिए एकजुट होकर प्रयास करते हैं तो मेरी केमिस्ट्री तो यही कहती है कि क्रांति होती है लेकिन ऐसा तभी होता है जब उत्प्रेरक के रूप में अदम्य उत्साह भी मौजूद हो.अब हमें देखना है कि सामने वाले की,सैय्याद की बाजुओं में कितना दम है;हमें अपनी ताकत का बखूबी अंदाजा है इसलिए तो हम उनसे कह रहे है कि-
खींच कर लाई है सब को कत्ल होने की उम्मीद,
आशिकों का जमघट आज कूंचा-ए-कातिल में है ।
सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है,
देखना है जोर कितना बाजु-ए-कातिल में है ।।

सोमवार, 15 अगस्त 2011

यलगार हो,आक्रमण

मित्रों,आज १५ अगस्त है;१५ अगस्त २०११ यानि हमारी झूठी आजादी की ६४वीं सालगिरह.आपने शायद जागने के बाद एक या दो रूपये में कागज का तिरंगा ख़रीदा होगा और उसे लहराते हुए अपने आपको धन्य मान लिया होगा कि आप आजाद हैं.लेकिन क्या आप सचमुच आजाद हैं?क्या आपसे हमारा लोकतंत्र (भ्रष्टतंत्र) कदम-कदम पर जीवित रहने की कीमत नहीं वसूल कर रहा है?क्या आपका काम बिना घूस दिए हो जा रहा है?क्या आप यह गारंटी दे सकते हैं कि आपका राशन कार्ड,आपका ड्राइविंग लाइसेंस या घर की होल्डिंग के कागजात या फिर बिजली के कनेक्शन का  कागज बिना कोई घूस लिए बना दिया गया है?अगर नहीं,तो फिर आप मजबूर हैं सरकारी तंत्र की मनमर्जी मानने को और उस पर चलने को भी.फिर आप आजाद कहाँ हैं और कैसे हैं?क्या कोई मजबूर व्यक्ति आजाद हो सकता है?
            मित्रों,अभी थोड़ी ही देर में भारत की सबसे भ्रष्ट सरकार के मुखिया मनमोहन सिंह ऐतिहासिक लाल किले पर झंडा फहराएंगे और उन्हीं नापाक हाथों से फहराएंगे जिन हाथों से उन्होंने घोटालेबाजों को घोटाला करने की पूरी आजादी दी,जिन हाथों से उन्होंने न जाने कितने कलमाड़ी,राजा,पवार और थामस को विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर बिठाया है.फिर वे हम देशवासियों को उसी मुखारविंद से चने के झाड़ पर चढ़ाएंगे अथवा अपनी मजबूरी का रोना रोते हुए कहेंगे कि सिर्फ आप ही गुलाम नहीं हैं मैं भी गुलाम हूँ,मजबूर हूँ;कठपुतली हूँ जिसके द्वारा झूठ बोलकर वे अब तक अनगिनत भ्रष्टाचारियों का बचाव करते आ रहे हैं.वे कह सकते हैं कि मैं अगर गुलाम होकर भी खुश हूँ और अपने-आपको भाग्यशाली समझता हूँ तो फिर आप क्यों भ्रष्टाचार से आजादी चाहते हैं?वे अपने भाषण में संसद की सर्वोच्चता का गुणगान करेंगे और कहेंगे कि संसद (और सरकार) अगर देश को रसातल में धंसा दें तो भी आपको कोई हक़ नहीं है उसे बचाने या निकालने का प्रयास करने का क्योंकि स्वयं संविधान ने उसे ऐसा करने का अधिकार दिया है.वे यह भी कह सकते हैं कि चूँकि धरना,अनशन आदि विरोध के गांधीवादी तरीके वर्तमान भारतीय लोकतंत्र में अलोकतांत्रिक हो गए हैं इसलिए महात्मा गाँधी वर्तमान सन्दर्भ में एक असामाजिक व्यक्ति थे और उनका अनुशरण करनेवाले सारे लोग ब्लैकमेलर हैं,अपराधी हैं.साथ ही भगत सिंह और उनके साथियों ने भी लाहौर जेल में जो कई महीने लम्बा अनशन किया था वह एक घोर आपराधिक कृत्य था;रेयर इन रेयरेस्ट था.अंग्रेजों ने उनकी मांगों को नहीं मानते हुए उनकी प्राणरक्षा के नाम पर उनके साथ जबरन भोजन कराने की जो जोर-जबरदस्ती की वह उस शासन का पुनीत कर्त्तव्य था,इसलिए अनुचित भी नहीं था.इसलिए हम काले अंग्रेजों को भी उनकी तरह ही यह अधिकार नैसर्गिक तरीके से प्राप्त है कि युगधर्म भ्रष्टाचार की रक्षा के लिए हम अन्ना को अनशन नहीं करने दें और अगर वे बात से समझाने से नहीं समझते हैं तो उनकी मांगों पर किसी भी तरह से विचार नहीं करते हुए हम उनके अनशन को क्रूरतापूर्वक तुडवाने का प्रयास करें जैसे भगत और उसके साथियों के साथ हमारे अंग्रेज भाइयों ने किया था (अत्याचारी-अत्याचारी सहोदर भाई).
           मित्रों,फिर आप माननीय प्रधानमंत्री जी के औपचारिकतावश किए गए उस बकवास पर खूब तालियाँ बजाएंगे और खूब जलेबी खायेंगे.यही होगी आपकी आज की दिनचर्या न?या फिर आप आज के दिन संकल्प लेंगे भ्रष्टाचार से आजादी के लिए चल रही लड़ाई में शामिल होने का,आधुनिक युग के वीर कुंवर सिंह अन्ना के बूढ़े हाथों को मजबूत करने का और अब तक की सबसे झूठी और बेईमान केंद्र सरकार को मजबूत लोकपाल वाला विधेयक लाने के लिए मजबूर कर देने का.आप जानते हैं कि अन्ना का इस आन्दोलन में कोई भी छिपा हुआ एजेंडा नहीं है.उनके आगे नाथ न पीछे पगहा है.वे निस्स्वार्थ भाव से हमारे लिए लड़ रहे हैं,हमारी आने वाली संततियों के लिए युद्ध के मैदान में उतरे हैं.तो क्या यह उचित होगा कि कोई हमारे भले के लिए अपनी जान की बाजी लगा दे और हम उसका नैतिक रूप से भी समर्थन न करें?नहीं न!तो मित्रों,आगे आईये और अन्ना के निर्देशों का पालन करिए और इस आजादी की दूसरी लडाई को सफल बनाईये.
यलगार हो,आक्रमण!!!!                                

रविवार, 7 अगस्त 2011

क्या सोनिया सचमुच बीमार हैं?

soniya

मित्रों,कुछ नादान कहते हैं कि मुम्बई की बरसात का कोई भरोसा नहीं है.यही बात कुछ लोग दिल्ली,कोलकाता या अपने गृहनगर के बारे में कहते हैं.बरसात का भरोसा नहीं है तो क्या हुआ;प्लास्टिक ले लो,छाता ले लो और अगर इस महंगाई में भी कुछ ज्यादा ही फालतू पैसे जेब में पड़े हैं तो रेनकोट ले लो.माना कि जलवायु-परिवर्तन के बाद बरसात और भी ज्यादा गैरजिम्मेदाराना रवैया अपनाने लगी है लेकिन आज के फैशन के युग में भरोसे के लायक है ही क्या?फिर बेचारी बरसात को ही क्यों अकेले दोषी ठहराया जाए?शेयर बाजार का सूचकांक,मुद्रास्फीति यहाँ तक कि महाबली अमेरिका की शाख का भी भरोसा नहीं.इस भ्रष्ट-युग में सब-के-सब छुई-मुई की तरह नाजुक और महाकवि नागार्जुन के दुखहरण मास्टर के मिजाज की तरह गैरभरोसेमंद हो गए हैं.लेकिन गिनीज बुक ऑफ़ यूनिवर्स रिकार्ड तो कुछ और ही कहता है.उसके अनुसार तो इस ब्रह्माण्ड में अगर कोई चीज सबसे कम भरोसेमंद है तो वह है भारतीय नेताओं का स्वास्थ्य.हमारे ज्यादातर नेताओं का स्वास्थ्य कृष्ण जन्मस्थान में जाने के बाद ख़राब हो जाता है.आपको शायद याद होगा कि लालूजी जब हजारों करोड़ का चारा हजम करने के बाद गरीब रथ (रिक्शा) पर सवार होकर जेल के दौरे पर गए थे तब उनको अचानक दिल की बीमारी हो गयी थी.बार-बार अस्पताल में भर्ती हुए;अस्पताल भी कोई ऐरा-गैरा नहीं;पांच सितारा.ईधर वे जेल से बाहर निकले और उधर उनके लाल-टमाटर सरीखे जिस्म से दिल की बीमारी भी रफूचक्कर हो गयी.मतलब यह कि उन्होंने यह बीमार होने का ड्रामा सिर्फ इसलिए किया था जिससे कि वे सी.बी.आई. रिमांड पर जाने से और यू.एन.विश्वास के हाथों से मुर्गा खाने से बच सकें.
          मित्रों,बाद में बिहार के कई अन्य नेता भी जब-जब जेल गए;बीमार पड़ गए और अस्पतालों में दरबार लगाने लगे.किसी को दिल की बीमारी हो गयी तो किसी का रक्तचाप हिचकोले खाने लगा.हाँ,नेताओं की बीमारी के मामले में अभी भी एक कमी बड़ी शिद्दत से महसूस की जा रही थी कि अबतक जेलयात्रा पर गए हमारे देश के किसी भी कर्णधार को दिमाग की बीमारी नहीं हुई थी.इस क्षेत्र में सूखा लम्बे समय तक चला.सौभाग्यवश अब जाकर समाप्त हुआ है और इसे ख़त्म करने के लिए भारत की सवा अरब गूंगी,बहरी और अंधी जनता की ओर साधुवाद के पात्र हैं भारत के सबसे बड़े खिलाडी सुरेश कलमाड़ी.इन बेचारे को हवालात में पहुँचते ही लॉन्ग टर्म मेमोरी लोंस की बीमारी हो गयी है.इन्हें बांकी तो सबकुछ याद है लेकिन सीडबल्यूजी घोटाला या उससे जुडी बातें बिलकुल भी याद नहीं है.यानि इनके सी.पी.यू. से सारी बातें डिलीट नहीं हुई है सिर्फ वही कुछ डिलीट हो गया है जिसका सम्बन्ध घोटाले से था.इससे पहले इस तरह की बीमारी पूरी दुनिया में न तो कभी सुनी गयी थी और न ही देखी ही गयी थी.जाहिर है इस नई बीमारी और इसके सब्जेक्ट (कलमाड़ी) पर गंभीरता से शोध करने की आवश्यकता है.
                  मित्रों,इन दिनों कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी भी कथित तौर पर गुप्त रूप से बीमार हो गयी हैं और उन्होंने कथित रूप से भारत के बजाए अमेरिका के चिकित्सकों पर विश्वास जताया है.उन्हें कौन-सी बीमारी थी और उसका ईलाज अतुल्य भारत में है भी या नहीं सब रहस्य के परदे में यत्नपूर्वक ढंककर रखा गया है.कहीं सोनिया जी को घोटालों के शोर के डर से कड़कड़हट की बीमारी तो नहीं हो गयी है.दरअसल कड़कड़हट की बीमारी हमारे गाँव में बिदेसिया के लौंडे को हुई थी जब वह सौतेली माँ का भावपूर्ण किरदार निभा रहा था.उसने अपने बिछावन के नीचे खपड़ा बिछा लिया था जिससे जब भी वो करवट लेता कड़कड़ की आवाज आती.उसने धन देकर वैद्य को भी अपनी ओर मिला लिया था जिससे उसने बीमारी का ईलाज उसके सौतेले बेटे की कलेजी खाना बता दिया था.खैर,इतना तो निश्चित है कि सोनिया जी जेल नहीं जाने जा रही हैं.यह सुअवसर अगर मिलेगा भी तो मनमोहन सिंह को क्योंकि सोनिया जी किसी भी जिम्मेदार पद पर नहीं हैं.वे तो उसी तरह सत्ता का निर्भय आनंद ले रही हैं जैसे १७६५ से १७७२ के बीच ईस्ट इंडिया कंपनी ने बंगाल में लिया था.शासन भी किया और उसकी जिम्मेदारी भी नहीं ली.अगर हम राजनीतिक दृष्टि से देखें तो उनके लिए इस समय बीमार हो जाना दो दृष्टियों से मुफीद था;पहला उनका पूरा परिवार इस खतरनाक समय में संसद में दिखने की शर्मिंदगी उठाने से बच गया और दूसरा देश के भोले-भाले लोगों का ध्यान भ्रष्टाचार और कमजोर लोकपाल से हटकर उनके स्वास्थ्य की ओर चला गया.उनकी रहस्यमय बीमारी की सच्चाई क्या है क्या कभी सामने आ भी पाएगा,शायद कभी नहीं!

बुधवार, 3 अगस्त 2011

उठो,जागो और युद्ध करो

ip

मित्रों,याद नहीं आ रहा कब भारत का संविधान पहली बार उल्टा था,शायद १९८५ में जब मेरी आयु यही कोई ८-९ साल की रही होगी.तब सबसे पहले नजर गयी थी प्रस्तावना पर जिसे वर्तमान कांग्रेस पार्टी के आदिपुरुष और मिजाज से ईसाई,संस्कृति से मुस्लमान और दुर्घटनावश जन्म से हिन्दू पं.जवाहरलाल नेहरु की अध्यक्षतावाली समिति ने तैयार किया था.मेरे द्वारा पढ़ी गयी प्रस्तावना के सबसे पहले शब्द थे हम भारत के लोग और अंतिम शब्द थे संविधान को आत्मार्पित करते हैं.आज भी प्रस्तावना जस की तस है.
         मित्रों,चाहे धार्मिक विधान हो,सामाजिक या राजनैतिक उसे बनाता व्यक्ति ही है;इन विधानों ने व्यक्ति को नहीं बनाया.इसलिए जब भी आवश्यकता हो जड़ता आने से पहले इन विधानों में परिवर्तन कर देना चाहिए.हमारे संविधान की प्रस्तावना भी कहती है कि यह संविधान जनता द्वारा निर्मित है और हमने इसे किसी और को नहीं बल्कि खुद को ही समर्पित किया है.इसका सीधा तात्पर्य है कि भारत में भारत की जनता सबसे ऊपर है न कि संविधान,संसद,कार्यपालिका या फिर न्यायपालिका.लेकिन इन दिनों हमारे देश के न भूतो न भविष्यति सबसे अकर्मण्य प्रधानमंत्री बार-बार संसद की सर्वोच्चता का बेसुरा राग आलाप रहे हैं.रिमोट संचालित मनमोहन सिंह का कहना है कि लोकपाल का जो भी करना होगा वह संसद करेगा न कि जनता.जाहिर है वे ऐसा इसलिए बक रहे हैं क्योंकि संसद में उन जैसे सफेदपोश बेईमान लोगों का बहुमत है.परन्तु अगर संसद को करना ही था तो उसने पिछले ६०-६१ सालों में क्यों नहीं किया?वह संसद जिसके एक तिहाई सदस्य हिस्ट्रीशीटर हों क्या कभी देश का भला सोंच सकता है?सुरेश कलमाड़ी और ए.राजा जैसे लोगों को अगर संसद की कार्यवाही में भाग लेने भी दिया जाए तो क्यों और कैसे उनसे इस देश की जनता यह उम्मीद रखे कि वे सदन में कदम रखते ही देश के अशुभचिन्तक से परमहितैषी बन जाएंगे?
      मित्रों,अभी-अभी कांग्रेस और उसकी सरकार ने लोक लेखा समिति की दुनिया के सबसे बड़े घोटाले से सम्बंधित रिपोर्ट को जिस तरह नकार दिया है और जिस तरह नोट के बदले वोट कांड पर लीपापोती की है;उससे तो यही सिद्ध होता है कि इन धूर्त लोगों का संसद में या उसकी गरिमा में किसी तरह का विश्वास नहीं है.ये तो बस किसी तरह देश में भ्रष्टाचार को बनाए रखने के लिए संसद और संविधान का रट्टा लगा रहे हैं.ये लोग अपने बहुमत के बल पर संसद का दुरुपयोग ही कर सकते हैं,सदुपयोग नहीं.इन लोगों ने पिछले ५३ सालों में सत्ता का सिर्फ दुरुपयोग किया है और अगर इन्हें सत्ता से हटाया नहीं गया तो आगे भी करते रहेंगे.आश्चर्य है कि ये धूर्त बार-बार उस संविधान की दुहाई देने में पिले हुए हैं जिसकी इन्होंने सैंकड़ों बार अपने क्षुद्र लाभ के लिए अवहेलना की है.अभी भी अन्ना हजारे को अनशन की अनुमति नहीं देकर ये कोई संविधानसम्मत काम नहीं कर रहे.कुछ भाई कह सकते हैं कि संसद का सत्र चलने के समय नई दिल्ली इलाके में प्रत्येक वर्ष निषेधाज्ञा लागू कर दी जाती है.अगर यह सच है तो भी यह व्यक्ति की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार का सरासर उल्लंघन है इसलिए यह परंपरा टूटनी चाहिए.
         मित्रों,उस महान संसद का मानसून-सत्र शुरू हो गया है जिसमें रूपए लेकर वोट देने की और बाद में जाँच के नाम पर लीपापोती कर देने की महान परंपरा रही है.मैं मानता हूँ कि संविधान ने संसद के कन्धों पर कानून बनाने की महती जिम्मेदारी डाली है और यह देखने का भार भी उसी पर छोड़ा है कि सरकार सही तरीके से काम कर रही है या नहीं परन्तु जब संसद अपने कर्तव्यों का सम्यक तरीके से निर्वहन नहीं कर पाए तब?तब क्या विकल्प बचता है देश और देश की जनता के सामने?क्या उसे उस प्रधानमंत्री के अनर्गल प्रलापों पर बिना किसी हिलहवाली के विश्वास कर लेना चाहिए जिसके मंत्री जेल में रहते हुए उस पर घोटालों में बराबर का भागीदार होने के आरोप लगा रहे हों या फिर जिस प्रधानमंत्री पर सी.ए.जी. जैसी महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्था सी.डबल्यू.जी. घोटाले में शामिल होने और कान पर ढेला रखकर होने देने की रिपोर्ट दे रही हो?क्या उसे उस प्रधानमंत्री के कोरे आश्वासनों पर विश्वास कर लेना चाहिए जिसके नेतृत्व में विभिन्न विभागों में लाखों करोड़ों का घोटाला हो चुका हो?जब ये घोटाले हो रहे थे तब संसद कहाँ था और आज भी संसद इन मामलों में क्या कर रहा है?संविधान में पी.ए.सी. और नियंत्रक और महालेखाकार का प्रावधान क्यों किया गया है?क्या इसलिए कि कोई गन्दी और बहुमत में अंधी सरकार उनकी रिपोर्ट को बेहयायी से गंदे कूड़ेदान में फेंक दे?
         मित्रों,संसद और संविधान के ६१ साला इतिहास से स्पष्ट है कि ये संस्थाएं और व्यवस्थाएं भारत का कल्याण कर सकने में असफल रहीं है.अलबत्ता इनका दुरुपयोग करके बहुत-से टाई और खादीवाले जरूर अरब-खरब पति बन सकने में सफल रहे हैं.संसद में ऐसे गलत तत्व पहुँच रहे हैं जिनका देश और दिशहित से कुछ भी लेना-देना नहीं है.बल्कि अगर हम यह कहें कि संसद में इस तरह के लोगों का ही बहुमत हो गया है तो गलत नहीं होगा.जाहिर है अगर ऐसे लोग बहुमत में हैं तो सरकार भी वही गठित करेंगे और चलाएंगे भी वही.इसलिए अब समय आ गया है कि हम भारत के लोग जिन्होंने २६ नवम्बर,१९४९ को भारत के संविधान को आत्मार्पित किया था;पूरे संविधान को ही बदल दें.ऐसा कैसे होगा का उत्तर संविधान में नहीं गाँधी के दर्शन और जीवन में मिलेगा.हमें एकजुट होकर इसके लिए एक बार फिर करो या मरो आन्दोलन छेड़ना पड़ेगा और तब तक दम नहीं लेना होगा जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए.तो मित्रों,जागृत,उत्तिष्ठ,प्राप्यबरान्नीबोधत.

रविवार, 31 जुलाई 2011

समलैंगिकता एक अक्षम्य अपराध

homosexual


मित्रों,मानव ईश्वर की सर्वश्रेष्ठ रचना है यह आपको भी पता है.हम लोग बडभागी हैं जो हमें मानव-शरीर मिला है.शास्त्रों में कहा गया है कि शरीरमाद्यं धर्म खलुसाधनं यानि शरीर ही सभी धर्मों को करने का माध्यम है.
           मित्रों,मानव-शरीर ईश्वर की अतुलनीय कृति है.ईश्वर ने हमारे शरीर के सभी अंगों को अलग-अलग काम सौंपा हुआ है.उसने मुँह को खाने-पीने का,नाक को साँस लेने और सूंघने का,कानों को सुनने का,गुदा को मलत्याग का,योनि और शिश्न को प्रजनन का और यौनानन्द लेने का काम दिया है.
           मित्रों,प्रथम और द्वितीय विश्वयुद्ध में मृत्यु के भयानक तांडव को देखकर पश्चिम के लोग यह सोंचकर भोगवादी हो गए कि जब जीवन का कोई ठिकाना ही नहीं है तब फिर नैतिकता को ताक पर रखकर क्यों नहीं जीवन का आनंद लिया जाए?बड़ी तेजी से वहां के समाज में यौन-स्वच्छंदता को मान्यता मिलने लगी और इसी सोंच से जन्म हुआ सार्वजनिक-समलैंगिकता के इस विषवृक्ष का.बेशक समलैंगिक व्यवहार पहले भी समाज में प्रचलित था लेकिन ढके-छिपे रूप में.
             मित्रों,इन दिनों भारत में भी पश्चिम की संस्कृति के बढ़ते प्रभाव के चलते समलैंगिकों की एक नई जमात खड़ी हो गयी है.ये लोग गुदा से मलत्याग के साथ-साथ यौनाचार का काम भी लेने लगे हैं.उनमें से कईयों ने तो आपस में शादी भी कर ली है.हद तो यह है कि भारत की केंद्र सरकार भी इन सिरफिरों के कुकृत्यों को मान्यता देने की समर्थक बन बैठी है.
             मित्रों,यह एक तथ्य है कि वर्तमान काल की सबसे भयानक बीमारी एड्स की शुरुआत और फैलाव में सबसे बड़ी भूमिका इन समलैंगिकों की ही रही है.गुदा-मैथुन से ई-कोलाई नाम जीवाणु जो आँतों में पाया जाता है के मूत्र-मार्ग में पहुँचने और गुर्दों के संक्रमित होने का खतरा भी रहता है.सबसे बड़ी बात तो यह है कि यह बिलकुल ही अनुत्पादक और वासनाजन्य कार्य है.इससे सिर्फ काम-सुख मिलता है प्रजनन नहीं होता.
                मित्रों,जब हम मुंह से मलत्याग नहीं कर सकते,गुदा से भोजन ग्रहण नहीं कर सकते,नाक से सुन नहीं सकते,कान से बोल नहीं सकते,हाथ पर चल नहीं सकते तो फिर गुदा से मैथुन की जिद क्यों?यहाँ मैं आपको यह भी बताता चलूँ कि हिन्दू शास्त्रों में गुदा-मैथुन में संलिप्त रहनेवाले लोगों को सूअर की संज्ञा दी गयी है जो मेरे हिसाब से बिलकुल सही है.
              मित्रों,मानव ही वह जैविक प्रजाति है जिसको दुनिया में सबसे लम्बे समय तक प्रजनन-काल ईश्वर ने प्रदान किया है.यही कारण है कि हम अपनी जनसंख्या में पर्याप्त वृद्धि कर सके और धरती पर आज हमारा राज है.यह प्रजनन-शक्ति हमें संतानोत्पत्ति के लिए दी गयी है न कि निरा भोग के लिए.जो भारत सहस्राब्दियों से विश्व को संयम और ब्रह्मचर्य का पाठ पढ़ाता रहा है और इसलिए विश्वगुरु भी कहलाता रहा है;उसी हिंदुस्तान के कुछ लोग पश्चिम का अन्धानुकरण करने के चक्कर में समलैंगिकता का खुल्लमखुल्ला प्रदर्शन कर रहे हैं.जरा सोंचिये,इनके परिवारवालों पर क्या गुजरती होगी जब उन्हें यह पता चलता होगा कि उनका बेटा समलैंगिक हो गया है.उनके सारे सपनों पर तो अकस्मात् तुषारापात हो जाता होगा न!
                मित्रों,कुल मिलाकर मेरे कहने का लब्बोलुआब यह है कि समलैंगिकता व्यक्ति,परिवार,समाज और राष्ट्र सबके लिए हानिकारक है;सबके प्रति अपराध है.यह नितांत भोगवादी प्रवृत्ति है जैसे कि अफीम का सेवन.इसका परिणाम हमेशा बुरा ही होनेवाला है इसलिए ऐसे समाज-विरोधी लोगों के प्रति सरकार को अत्यंत कठोरता के साथ पेश आना चाहिए और यदि ऐसा करने के लिए वर्तमान कानून पर्याप्त नहीं हों तो बिना देरी किए ऐसे कानून बनाए जाने चाहिए.

गुरुवार, 28 जुलाई 2011

पिट्ठी के गहिर और कान से बहिर

manmohan

मित्रों,आप मेरे शीर्षकों को देखकर सोंच रहे होंगे कि मुझे आजकल क्या हो गया है.अगर आप ऐसा नहीं सोंच रहे हैं तो यह आपकी भलमनसाहत ही है.खैर,मेरे हिसाब से शीर्षक पूरी तरह सही है और जो मैं कहना चाहता हूँ उसकी पूरी व्यंजना भी करता है.
          मित्रों,अगर आपने कभी बिहार में बसयात्रा की होगी तो निश्चित रूप से आपका पाला बस के ड्राइवरों,कंडक्टरों और खलासियों से पड़ा होगा.जैसे ही आप उसकी गाड़ी के इर्द-गिर्द पहुंचे होंगे उसने आपसे कहा होगा कि बैठिए न सर अब गाड़ी बस खुलने ही वाली है;अब आपके बैठने की ही देरी है.उसके बाद आपके कई बार टोंकने के बाद ऊपर-नीचे पूरी तरह से भर जाने के बाद गाड़ी हिली होगी.चढ़ने से पहले आपने अगर भाड़ा फाइनल नहीं किया होगा तो फिर आपसे मनमाना भाड़ा मांगा गया होगा.आपका बना-बनाया मूड ख़राब हो गया होगा और बस से जब आप उतरे होंगे तो आपकी साफ़ जुबान पर इन ड्राइवरों-कंडक्टरों-खलासियों के लिए सिवाय गन्दी गालियों के कुछ भी नहीं रहा होगा.अगर आप दबंग होंगे तो गाड़ी रूकवाकर इन्हें पीता भी होगा.हो सकता है कि तब उसने डर के मारे आपसे लिया गया अतिरिक्त पैसा वापस भी कर दिया होगा.फिर बस सरकी होगी और ड्राइवर-कंडक्टर-खलासी सारे अपमानों को गीतोक्त स्थितप्रज्ञ की तरह भूलकर दूसरे यात्रियों से हिल-हुज्जत में लग गए होंगे.बिल्कुल इसलिए ड्राइवरी लाइन से जुड़े लोगों को हमारे बिहार में पिट्ठी (पीठ) के (का) गहिर (गहरा) और कान से बहिर (बहरा) कहा जाता है.
           मित्रों,इन दिनों दुर्भाग्यवश इसी कैटेगरी का एक आदमी भारतरूपी बस की ड्राइविंग सीट पर आ बैठा है.रफ गाड़ी चलाने में उसका जवाब नहीं.देशवासी लाख गालियाँ देते रहें यह सुनता ही नहीं.इस निर्लज्ज के कार्यकाल में घोटालों का नया वर्ल्ड रिकार्ड बन चुका है.घोटालों का असर देश में होनेवाले प्रत्यक्ष विदेशी निवेश पर भी पड़ने लगा है और २०१०-११ में पिछले वित्तीय वर्ष के मुकाबले १० अरब डॉलर कम निवेश हुआ है.अब तो इनका एक पूर्व मंत्री इन पर कुकृत्य में साथ देने का आरोप लगा रहा है लेकिन श्रीमान हैं कि या तो कुछ भी नहीं देखने-सुनने का नाटक कर रहे हैं या फिर देख-सुन कर भी अनदेखा-अनसुना कर रहे हैं.आखिर मैं पूछता हूँ कि किसी प्रधानमंत्री के लिए इससे ज्यादा शर्मनाक और कोई स्थिति हो भी सकती है क्या कि उसका ही पूर्व सहयोगी जेल में रहते हुए उस पर घोटालों में सहयोग करने का आरोप लगाए?फिर मनमोहन सिंह किस बात का इंतजार कर रहे हैं?वे क्यों नहीं दे रहे इस्तीफा जिससे कि जनता को उनसे और उनको जनता से छुटकारा मिल सके?
           मित्रों,मैं जानता हूँ और आप भी जानते हैं कि ईमानदार को वास्तविक परिभाषा क्या है लेकिन भारत के तमाम राजनीतिक दलों ने इसकी अपनी-अपनी परिभाषा बना रखी है.कांग्रेस के अनुसार और कुछ हद तक भाजपा के अनुसार भी बेशर्मी ही ईमानदारी है.कौआ टरटराता रहे धान की फसल को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता.जनता जिए या मरे,देश रसातल में चला जाए तो जाए  ड्राइवर की कुर्सी बरक़रार रहनी चाहिए.तो क्या हम इस बेशर्म पिट्ठी के गहिर और कान से बहिर ड्राइवर को चुपचाप बर्दाश्त करते रहेंगे?क्या हम सब मिलकर इसे ड्राइविंग सीट पर से हटा नहीं सकते?पर हम एकजुट हो पाएँगे क्या?होना तो पड़ेगा नहीं तो ये बेशर्म-सनकी ड्राइवर-कंडक्टर और खलासी हमारे देश को दुर्घटनाग्रस्त करा देंगे.हो सकता है और निश्चित रूप से हो सकता है कि ये बस को गहरी खाई में ही गिरा दें.आप कहीं अवश्यम्भावी दुर्घटना का इंतजार तो नहीं कर रहे हैं?