शनिवार, 9 फ़रवरी 2013

अफजल गुरू जेहाद का फल था जड़ नहीं

मित्रों,आज सुबह संसद हमले के आरोपी अफजल गुरू को तिहाड़ जेल में फाँसी दे दी गई। कुछ भारतीय खुश हो रहे हैं कि एक आतंकवादी को उसके अंजाम तक पहुँचा दिया गया। परन्तु प्रश्न यह उठता है कि क्या उसे फाँसी दे देने से आतंकवाद की सेहत पर कोई बुरा असर पड़ेगा भी? मैं नहीं समझता कि इससे आतंक की फसल सूख जाएगी या मुरझा जाएगी बल्कि इससे कदाचित् आतंकवाद को बढ़ावा ही मिलेगा। कश्मीर में जो कुछ भी होता रहा है और आगे भी जो कुछ होनेवाला है उसके लिए हम भी दोषी हैं,नेहरू जैसे हमारे राजनीतिक पूर्वज भी दोषी हैं लेकिन सबसे ज्यादा कोई अगर दोषी है तो वह है इस्लाम। वो इस्लाम जो दुर्भाग्यवश 21वीं सदी में भी हजरत मुहम्मद के काल का बना हुआ है। वो इस्लाम जो कथित रूप से अपनी स्थापना के समय से ही लगातार खतरे में है। वो इस्लाम जो आज भी दूसरे धर्म-संप्रदायों के विचारों का सम्मान करना नहीं जानता और जबर्दस्ती उनको इस्लाम अपनाने को बाध्य करना चाहता है। वो इस्लाम जिसके एक हाथ में कुरान था और है और दूसरे हाथ में तलवार था और है। वो इस्लाम जो आजकल फिर से सूफीज्म को छोड़कर कट्टरपंथी होता जा रहा है। एक बार तो इस्लाम भारत का विभाजन करवा ही चुका है अब उससे पूछना चाहिए कि हिन्दुस्तान के भीतर से उसे और कितने पाकिस्तान चाहिए?

मित्रों, मैं यह भी पूछता हूँ कि क्या भारत और पूरी दुनिया के इस्लाम को गतिशील नहीं होना चाहिए? क्या उसमें समय के साथ सार्थक परिवर्तन नहीं होना चाहिए? अगर ऐसा नहीं होता है तो फिर इस्लाम कैसे अन्य धर्म-संप्रदायों के साथ मिलकर विकास के रास्ते पर कदमताल कर पाएगा? क्या कश्मीर की धरती और संस्कृति पर उन हिन्दू पंडितों का भी बराबर का हक नहीं था या है जिनको अनुदार इस्लाम ने वहाँ से डरा-धमकाकर भगा दिया? हम आए दिन देखते हैं कि भारत के मुस्लिम उलेमा किसी-न-किसी बात पर फतवा जारी करते रहते हैं। उनको भारतीय कानून के समानान्तर अपनी सत्ता चलाने का अधिकार किसने दिया और इसका औचित्य क्या है? क्या यह एक किस्म की रंगदारी या गुंडागर्दी नहीं है और इन पर कानूनी कार्रवाई नहीं होनी चाहिए? क्या मुसलमानों पर भी देश का कानून बिना भेदभाव के लागू नहीं होना चाहिए? अभी कल-परसों ही कश्मीर के मुफ्ती ने कश्मीरी लड़कियों के बैंड को प्रतिबंधित कर दिया क्योंकि इससे इस्लाम धर्म को खतरा था। मैं यह नहीं समझ पाया हूँ कि यह कैसा धर्म है जो हमेशा खतरे में रहता है। मैं पूछता हूँ कि क्या वह इस्लाम जिसके अनुयायी पूरी दुनिया में दो अरब के करीब हैं,इतना कमजोर धर्म है जो लड़कियों के बैंड खोलने,उनके स्कूल-कॉलेज जाने या किसी फिल्म के रिलीज होने से या किसी पुस्तक के प्रकाशित होने से खतरे में पड़ जाता है? क्या यह धर्म सन् 613 ई. में ही फ्रिज होकर नहीं रह गया है? क्या आज के समाज को छठी-सातवीं सदी के समाज के नियमों से संचालित करने का प्रयास करना समय की गति को जबरन रोकने जैसा नहीं है? क्या कोई व्यक्ति या धर्म-संप्रदाय समय की गति को रोक सकता है? सवाल तो यह भी उठता है कि अगर कोई धर्म या संप्रदाय विकास की राह में कदमताल करना चाहे ही नहीं तो कैसे कोई सरकार उसका भला कर सकती है या उसकी गरीबी और पिछड़ेपन को दूर कर सकती है? मेरे शिक्षक श्री गजेंद्र बाबू कहा करते थे कि यू कैन ब्रिंग द हॉर्स टू द पौण्ड बट यू कैननॉट कमपेल हिम टू ड्रिंक वाटर।

मित्रों,अगर हमें विकसित कश्मीर चाहिए और और अफजल गुरू नहीं चाहिए तो हमें वहाँ के साथ-साथ पूरे भारत के इस्लाम को सुधारना पड़ेगा। उसे नए जमाने से जोड़ना पड़ेगा,ऐसे विचारों की शिक्षा देनी पड़ेगी जिससे वहाँ के मुसलमान सभी धर्मों को समादर देना सीखें। इस राह में अगर कोई कट्टरपंथी या उलेमा बाधा बनता है तो उनके साथ भी सख्ती से पेश आना होगा। दरअसल अफजल गुरू समस्या का फल है जड़ नहीं। जड़ है इस्लाम में लगातार बढ़ती कट्टरता। हमें जड़ को काटना पड़ेगा और उसके कट जाने के बाद उसमें मट्ठा डालना पड़ेगा। यह काम सिर्फ बंदूक के बल पर नहीं हो पाएगा। इसके लिए बल-प्रयोग के साथ-साथ प्यार से भी काम लेना पड़ेगा। धारा 370 को समाप्त करना पड़ेगा,समान सिविल संहिता को लागू करना पड़ेगा तब जाकर मिटेगा कश्मीर और पूरे भारत से इस्लामी आतंकवाद। जब तक धारा 370 है कश्मीरी जनमानस भारत में रहकर भी भारत से अपने-आपको एकीकृत नहीं कर पाएगा और उनके मन में हमेशा अलगाव की भावना बनी रहेगी। इसी तरह समान नागरिक संहिता को लागू करने से कश्मीर सहित पूरे भारत के मुसलमानों का कानूनी अलगाव समाप्त हो सकेगा। सभी भारतीयों के लिए एक कानून होगा और तभी सबके-सब कानून की नजर में बराबर भी हो सकेंगे। आज के भारत को मनमोहन सिंह या नेहरू नहीं बल्कि सरदार पटेल चाहिए और भारतीय मुसलमानों को चाहिए मुस्तफा कमाल पाशा न कि सलमान खुर्शीद या अकबरूद्दीन। अगर ऐसा हो सका तो कोई कारण नहीं कि कश्मीर सहित पूरे भारत से जेहादी आतंकवाद समूल समाप्त हो जाए। अगर ऐसा हुआ तो स्वतः हिन्दू कट्टरवाद के अंकुर भी मुरझा जाएंगे क्योंकि हिन्दू कट्टरवाद स्वतःस्फूर्त नहीं है इस्लामी कट्टरवाद की प्रतिक्रिया में है।

गुरुवार, 7 फ़रवरी 2013

गलदश्रु भावुकतावाले राहुल गांधी

मित्रों, बड़ी पुरानी बात है। एक नदी किनारे हरा-भरा विशाल पेड़ था। उस पर खूब स्वादिष्ट फल लगे रहते। उसी पेड पर एक बंदर रहता था। बडा मस्त कलंदर। जी भरकर फल खाता, डालियों पर झूलता और कूदता-फांदता रहता। उस बंदर के जीवन में एक ही कमी थी कि उसका अपना कोई नहीं था। माँ-बाप के बारे में उसे कुछ याद नहीं था न उसके कोई भाई था और न कोई बहन, जिनके साथ वह खेलता। उस क्षेत्र में कोई और बंदर भी नहीं था जिससे वह दोस्ती गांठ पाता। एक दिन वह एक डाल पर बैठा नदी का नजारा देख रहा था कि उसे एक लंबा विशाल जीव उसी पेड़ की ओर तैरकर आता नजर आया। बंदर ने ऐसा जीव पहले कभी नहीं देखा था। उसने उस विचित्र जीव से पूछा "अरे भाई, तुम क्या चीज हो?"
विशाल जीव जिसकी आँखों से लगातार आँसुओं की धारा बहती रहती थी ने उत्तर दिया "मैं एक मगरमच्छ हूं। नदी में इस वर्ष मछलियों का अकाल पड गया हैं। बस, भोजन की तलाश में भटकता मैं अभागा,पेट का मारा इधर आ निकला हूं।"
बंदर दिल का अच्छा था। उसने सोचा कि पेड पर इतने फल हैं, इस क्षुधापीड़ित बेचारे को भी उनका स्वाद चखाना चाहिए। उसने एक फल तोडकर मगर की ओर फेंका। मगर ने फल खाया। बहुत रसीला और स्वादिष्ट। वह फटाफट फल खा गया और आशा से फिर बंदर की ओर देखने लगा।
बंदर ने मुस्कराकर और फल फेकें। मगर सारे फल खा गया और अंत में उसने संतोष-भरी डकार ली और पेट थपथपाकर बोला "धन्यवाद, बंदर भाई। खूब छककर खाया, अब चलता हूं।" बंदर ने लगे हाथ उसे दूसरे दिन भी आने का न्यौता दे दिया।
मगर दूसरे दिन भी आया। बंदर ने उसे फिर फल खिलाए। इसी प्रकार बंदर और मगर में दोस्ती जमने लगी। मगर रोज आता। दोनों फल खाते-खिलाते, गपशप मारते। बंदर तो वैसे भी अकेला रहता था। उसे मगर से दोस्ती करके बहुत प्रसन्नता हुई। उसका अकेलापन दूर हो गया। एक साथी मिला। दो मिलकर मौज-मस्ती करें तो दोगुना आनन्द आता हैं। एक दिन बातों-बातों में पता लगा कि मगर का घर नदी के दूसरे तट पर है, जहाँ उसकी पत्नी भी रहती है। यह जानते ही बंदर ने उलाहना दिया "मगर भाई, तुमने इतने दिनों तक मुझे भाभीजी के बारे में नहीं बताया मैं अपनी भाभीजी के लिए रसीले फल देता। तुम भी अजीब निखट्टू हो। अपना पेट भरते रहे और मेरी भाभी के लिए कभी फल लेकर नहीं गए।
उस शाम बंदर ने मगर को जाते समय ढेर सारे फल चुन-चुनकर दिए। अपने घर पहुंचकर मगरमच्छ ने वह फल अपनी पत्नी मगरमच्छनी को दिए। मगरमच्छनी ने वे स्वाद भरे फल खाए और बहुत संतुष्ट हुई। मगर ने उसे अपने मित्र के बारे में बताया। पत्नी को विश्वास न हुआ। वह बोली "जाओ, मुझे बना रहे हो। बंदर की कभी किसी मगर से दोस्ती हुई है?"
मगर ने यकीन दिलाया "यकीन करो भाग्यवान! वर्ना सोचो यह फल मुझे कहाँ से मिले? मैं तो पेड़ पर चढ़ने से रहा।"
मगरनी को यकीन करना पड़ा। उस दिन के बाद मगरनी को रोज बंदर द्वारा भेजे फल खाने को मिलने लगे। उसे फल खाने को मिलते यह तो ठीक था, पर मगर का बंदर से दोस्ती के चक्कर में दिनभर दूर रहना उसे खलने लगा। खाली बैठे-बैठे ऊँच-नीच सोचने लगी।
वह स्वभाव से ही दुष्टा थी। एक दिन उसका दिल मचल उठा "जो बंदर इतने रसीले फल खाता है,उसका कलेजा कितना स्वादिष्ट होगा?" अब वह चालें सोचने लगी। एक दिन मगर शाम को घर आया तो उसने मगरनी को कराहते पाया। पूछने पर मगरनी बोली "मुझे एक खतरनाक बीमारी हो गई है। वैद्यजी ने कहा है कि यह केवल बंदर का कलेजा खाने से ही ठीक होगी। तुम अपने उस मित्र बंदर का कलेजा ला दो।"
मगर सन्न रह गया। वह अपने मित्र को कैसे मार सकता है? न-न, यह नहीं हो सकता। मगर को इनकार में सिर हिलाते देखकर मगरनी जोर से हाय-हाय करने लगी "तो फिर मैं मर जाऊंगी। तुम्हारी बला से और मेरे पेट में तुम्हारे बच्चे हैं। वे भी मरेंगे। हम सब मर जाएंगे। तुम अपने बंदर दोस्त के साथ खूब फल खाते रहना। हाय रे, मर गई... मैं मर गई।"
पत्नी की बात सुनकर मगर सिहर उठा। बीवी-बच्चों के मोह ने उसकी अक्ल पर पर्दा डाल दिया। वह अपने दोस्त से विश्वासघात करने, उसकी जान लेने चल पड़ा।
मगरमच्छ को सुबह-सुबह आते देखकर बंदर चकित हुआ। आज मगरमच्छ की आँखों से अनवरत बह रहे आँसुओं का प्रवाह कुछ ज्यादा ही तेज था और कदाचित रोते-रोते उसकी आँखें बुरी तरह सूज भी गई थीं। कारण पूछने पर मगर बोला "बंदर भाई, तुम्हारी भाभी बहुत नाराज हैं। कह रही हैं कि देवरजी रोज मेरे लिए रसीले फल भेजते हैं, पर कभी दर्शन नहीं दिए। सेवा का मौका नहीं दिया। आज तुम न आए तो देवर-भाभी का रिश्ता खत्म। तुम्हारी भाभी ने मुझे भी सुबह ही भगा दिया। अगर तुम्हें साथ न ले जा पाया तो वह मुझे भी घर में नहीं घुसने देगी।"
बंदर खुश भी हुआ और चकराया भी "मगर मैं आऊं कैसे? मित्र, तुम तो जानते हो कि मुझे तैरना नहीं आता।" मगर बोला "उसकी चिन्ता मत करो, मेरी पीठ पर बैठो। मैं ले चलूंगा न तुम्हें।"
बंदर मगर की पीठ पर बैठ गया। कुछ दूर नदी में जाने पर ही मगर पानी के अंदर गोता लगाने लगा। बंदर चिल्लाया "यह क्या कर रहे हो? मैं डूब जाऊंगा।"
मगर हँसा "तुम्हें तो मरना है ही।"
उसकी बात सुनकर बंदर का माथा ठनका, उसने पूछा "क्या मतलब?"
मगर ने बंदर को कलेजे वाली सारी बात बता दी। बंदर हक्का-बक्का रह गया। उसे अपने मित्र से ऐसी बेइमानी की आशा नहीं थी।
बंदर चतुर था। तुरंत अपने आप को संभालकर बोला "वाह, तुमने मुझे पहले क्यों नहीं बताया? मैं अपनी भाभी के लिए एक तो क्या सौ कलेजे दे दूँ। पर बात यह है कि मैं अपना कलेजा पेड़ पर ही छोड़ आया हूं। तुमने पहले ही सारी बात मुझे न बताकर बहुत गलती कर दी है। अब जल्दी से वापिस चलो ताकि हम पेड़ पर से कलेजा लेते चलें। देर हो गई तो भाभी मर जाएगी। फिर मैं अपने आपको कभी माफ नहीं कर पाऊंगा।"
अक्ल का मोटा मगरमच्छ उसकी बात सच मानकर बंदर को लेकर वापस लौट चला। जैसे ही वे पेड़ के पास पहुंचे बंदर लपककर पेड़ की डाली पर चढ़ गया और बोला "मूर्ख, कभी कोई अपना कलेजा बाहर छोड़ता हैं? दूसरे का कलेजा लेने के लिए अपनी खोपड़ी में भी भेजा होना चाहिए। अब जा और अपनी दुष्ट बीवी के साथ बैठकर अपने कर्मों पर रो।" ऐसा कहकर बंदर तो पेड़ की टहनियों में लुप्त हो गया और अक्ल का दुश्मन मगरमच्छ अपना माथा पीटता हुआ लौट गया।
मित्रों, इन दिनों नेहरू-गांधी परिवार कथित रूप से कुछ ज्यादा ही भावुक हो रहा है बात-बात पर माँ सोनिया गांधी और पुत्र राहुल गांधी रोने लगे हैं। इस गलदश्रु भावुकता के भी ऊपर वर्णित घड़ियाल की तरह नकली होने की संभावना ही ज्यादा दिख रही है। रोते तो सारे मगरमच्छ हैं और चौबीसो घंटे रोते रहते हैं। परन्तु क्या इससे उसके स्वभाव पर कोई असर पड़ता है? क्या उसके ऐसा करने से उसका हिंस्रभाव चला जाता है? जब पूरा देश दामिनी की मौत पर रो रहा था तब राहुल कहाँ थे और चुप्पी क्यों लगा रखी थी? क्या तब वे नया साल की छुट्टियों का मजा लेने में मशगूल नहीं थे? फिर अचानक वे इतना भावुक क्यों और कैसे हुए जा रहे हैं? बात-बात पर रोना अगर अयोग्यता नहीं है तो योग्यता भी तो नहीं हो सकती। कम-से-कम एक राजनेता के लिए तो बिल्कुल भी नहीं। मुझे इस बात का भय लग रहा है कि कहीं वे मगरमच्छ और बंदर वाली पंचतंत्र की कथा को सत्य साबित करने की तो नहीं सोंच रहे हैं? राहुल के रोल मॉडल मनमोहन ने भी तो जनता को अब तक सिर्फ रूलाया ही है कभी डीजल-पेट्रोल के आँसुओं से तो कभी आटा-दाल के और आजकल प्याज के आँसुओं में रूला रहे हैं। राहुल व्यवस्था-परिवर्तन की बात तो कर रहे हैं मगर अब तक उनके मार्गदर्शन में चल रही सरकार ने ऐसा कोई कदम नहीं उठाया है जिससे लगे कि राहुल वास्तव में व्यवस्था को बदलना चाहते हैं और न ही राहुल ने अब तक अपना इस बारे में कोई रोडमैप ही जनता के सामने रखा है कि वे किस प्रकार और किन-किन कदमों के माध्यम से व्यवस्था-परिवर्तन करना चाहते हैं। फिर जनता को क्यों उन पर और उनके आँसुओं पर विश्वास कर लेना चाहिए? केंद्र में पिछले 9 सालों से उनकी पार्टी और उनके परिवार का शासन है। उनको व्यवस्था-परिवर्तन की दिशा में सार्थक कदम उठाने से किसने रोक रखा है? वे इस दिशा कोई पहल क्यों नहीं कर रहे हैं? सशक्त लोकपाल,चुनाव-सुधार,प्रशासनिक-सुधार और न्यायिक-सुधार सहित कई क्षेत्र ऐसे हैं जो इस दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकते हैं और वर्षों से सरकारी ईच्छा-शक्ति की प्रतिक्षा कर रहे हैं। अगर राहुल और उनकी माँ सचमुच जनता के दुःखों से विगलित हो रही हैं तो उनको अविलंब इस दिशा में कदम उठाना चाहिए नहीं तो जनता यही समझेगी कि वे पंचतंत्र वाला मगरमच्छ हैं और जनता को उन्होंने बंदर समझ लिया है। ऐसे में प्रश्न यह भी उठता है कि क्या बंदर जनता इतनी चतुर है कि वह इन मगरमच्छों से खुद की रक्षा कर सके?

सोमवार, 4 फ़रवरी 2013

क्यों फ्लॉप हुई टीम अन्ना की पटना रैली?

मित्रों,टीम अन्ना की पटना रैली ऐतिहासिक गांधी मैदान में 30 जनवरी को सम्पन्न हो चुकी है हालाँकि उसकी सफलता और विफलता को लेकर अभी भी बहस जारी है और जारी रहेगी। यह तथ्य है कि इस रैली में उतनी भीड़ जमा नहीं हो पाई जितनी की उम्मीद की जा रही थी। परन्तु मेरी समझ से परम आदरणीय अन्ना हजारे जी की मूल समस्या अपेक्षित भीड़ का जमा नहीं पाना नहीं है बल्कि यह है कि अन्ना की टीम एक बार टूट चुकने के बावजूद एकजुट नहीं दिख पा रही है। अन्ना हजारे की अहम सहयोगी और पूर्व पुलिस अधिकारी किरण बेदी ने आश्चर्यजनक तरीके से रद्दी की टोकरी में फेंकने के लायक संशोधित लोकपाल विधेयक के मसौदे का समर्थन कर दिया है। हालाँकि अन्ना हजारे इस विधेयक को पूरी तरह से ख़ारिज कर चुके हैं। ट्विटर पर किरण बेदी ने लिखा है, “यदि हम प्रस्तावित लोकपाल के मसौदे पर आगे बढ़ते हैं तो कोई नुकसान नहीं होगा और आगे चलकर जरूरत पड़ने पर हम इसे और बेहतर बना सकते हैं।” इससे पहले, भ्रष्टाचार रोकने के लिए लोकपाल गठन के मुद्दे पर सरकार को मजबूर करने वाले अन्ना हज़ारे ने केंद्रीय मंत्रिमंडल की ओर से मंज़ूर किए गए लोकपाल विधेयक के नए मसौदे को सिरे से ख़ारिज कर दिया। उन्होंने इस मसौदे को 'झूठा' बताते हुए कहा कि सरकार एक 'कमज़ोर' क़ानून पारित करवाना चाहती है। अन्ना ने कहा, "भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए सख्त लोकपाल लाने के मसले पर अब प्रधानमंत्री और सोनिया गांधी पर और भरोसा नहीं किया जा सकता है। अगर इस मुद्दे पर वे ईमानदार होते तो इस सिलसिले में ठोस फैसला लेने में सरकार को दो साल नहीं लगते"। जाहिर है कि टीम अन्ना में एक बार फिर से मतभेद तो उत्पन्न हो ही गया है समन्वय की भी भारी कमी है। इसके साथ ही टीम अन्ना के बाँकी सदस्यों की अन्ना और उनके भ्रष्टाचारविरोधी आंदोलन के प्रति निष्ठा भी संदेह के घेरे में आ गई है।
               मित्रों, प्रश्न उठता है कि जब अपनी टीम में ही अन्ना हजारे अपने उद्देश्यों के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध कुछ दर्जन लोगों को शामिल नहीं कर पा रहे हैं तो फिर इस बात की क्या गारंटी है कि उनकी रैली या आन्दोलन में जमा होनेवाले लोग उनके पवित्र उद्देश्यों के प्रति प्रतिबद्ध ही होंगे? मैं पहले भी अपने पूर्व के आलेखों में निवेदन कर चुका हूँ कि अन्ना को अपनी टीम के लिए कुछ दर्जन पूर्ण प्रतिबद्ध कार्यकर्ताओं का नहीं मिल पाना अन्ना की समस्या नहीं है बल्कि वर्तमान युग की समस्या है। कदाचित् आज के भारत में अगर गांधी खुद फिर से आ जाएँ तो उनको भी इस तरह की समस्याओं से जूझना ही पड़ेगा। देश का पढ़ा-लिखा तबका विभिन्न मुद्दों पर इस कदर मतभिन्नता और स्वार्थपरकता का शिकार है कि उनको एक मंच पर लाना मेंढ़क को तराजू पर तौलने की तरह मुश्किल है और रहेगा। साथ ही जिस तरह अरविन्द केजरीवाल आदि ने अन्ना के साथ धोखा किया उससे जनता इस बात को लेकर आश्वस्त भी नहीं हो पा रही है कि टीम अन्ना में आगे टूट नहीं होगी या उनके आंदोलन को वैसी सफलता फिर से मिल सकेगी जैसी कि पिछले दो सालों में मिलती रही है। इन परिस्थितियों में अन्ना को अगर फिर से जनता का विश्वास जीतना है तो पहले तो उनको अपनी टीम में ऐसे लोगों को ही शामिल करना होगा जो उनके परम-पावन उद्देश्यों के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध हों,अटूट निष्ठा रखते हों। यह कतई आवश्यक नहीं कि टीम में कोई प्रसिद्ध व्यक्तित्व उपस्थित रहे ही। बल्कि सेलिब्रिटी को टीम में शामिल करने के अपने खतरे हैं जैसा कि पहले अरविन्द केजरीवाल के मामले में देखा गया और अब किरण बेदी के समझौतावादी बयान के संदर्भ में भी देखा जा सकता है। बल्कि टीम अन्ना में आने पर कोई भी अनजाना व्यक्ति भी जल्दी ही प्रसिद्ध हो जाएगा इसमें संदेह नहीं। मैं एक और उस गलती की ओर अन्ना जी का ध्यान आकर्षित करना चाहूंगा जो उन्होंने पटना में की और वह गलती यह थी कि उन्होंने वर्तमान बिहार में व्याप्त भ्रष्टाचार को पूरी तरह से नजरंदाज कर दिया। मैं नहीं समझता कि नीतीश राज में लालू-राबड़ी के समय से भ्रष्टाचार में किसी तरह की कमी आई है बल्कि इसमें मात्रात्मक और गुणात्मक वृद्धि ही हुई है। इतना जरूर हुआ है कि इसका विकेंद्रीकरण हो गया है। अन्ना को अगर भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की भावना देश में उत्पन्न करनी है तो उनको भविष्य में भ्रष्टाचार को खाँचे में बाँटने की गलती नहीं करनी होगी। मैं नहीं मानता और देश की जनता भी नहीं मानती है कि भ्रष्टाचार की कोई पार्टी होती है,कोई जाति होती है या कोई धर्म होता है। अन्ना जी भ्रष्टाचार सिर्फ और सिर्फ भ्रष्टाचार होता है चाहे उसको करनेवाला कलमाडी हो,पवार हो,लालू हो,मुलायम हो,राजा हो,माया हो,मोदी हो या नीतीश हो। माना कि नीतीश जी पर व्यक्तिगत रूप से भ्रष्टाचार के आरोप आजतक नहीं लगे हैं लेकिन उनके शासन-तंत्र में व्याप्त अराजकतापूर्ण भ्रष्टाचार अगर दिन-प्रतिदिन सुरसा के मुँह की तरह बढ़ता जा रहा है तो इसके लिए वही जिम्मेदार हैं और होंगे। माना कि रैली के सफल और सरल आयोजन के लिए नीतीश का समर्थन प्राप्त करना जरूरी था लेकिन रैली तो बिना सरकारी अनुमति के भी उसी तरह आयोजित हो सकती थी जिस तरह अन्ना जी पूर्व में दिल्ली में आयोजित कर चुके हैं। मैं समझता हूँ तब रैली में ज्यादा लोग जमा होते और तब रैली निश्चित रूप से संख्यात्मक दृष्टि से भी सफल होती।

सोमवार, 28 जनवरी 2013

हमारी न्यायिक-प्रणाली दुर्योधनवाली है या युधिष्ठिरवाली

मित्रों,अभी दिल्ली दुष्कर्म पर उबल रहा जनाक्रोश ठंडा भी नहीं पड़ा था कि इसी 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश के गोंडा में विचित्र और अतिशर्मनाक घटना घट गई। ऐसी शर्मनाक घटना जिसने पूरे भारतीय न्यायपालिका को ही शर्मिन्दा कर दिया। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक जज पर अपने चैंबर में 13 साल की नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। लड़की के परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया है कि सोमवार को जज ने अपने चैंबर में लड़की के नाबालिग होने की जांच करने के बहाने उसके कपड़े उतरवाए और उसके साथ शारीरिक छेड़छाड़ की। लड़की का आरोप है कि जज ने उससे शॉल हटाकर कपड़े उतारने को कहा, जिससे वह उसकी उम्र का पता लगा सके। लड़की ने अपने बयान में कहा है कि इसके बाद जज ने उसका सीना छुआ और सलवार उतारने को कहा। इस पर लड़की रोने लगी और कहा कि यह सब मुझसे नही होगा। 21-वर्षीय एक अन्य युवती ने भी उक्त जज पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है, लेकिन अभी यह साफ नहीं है कि उसने पुलिस में इसकी शिकायत क्यों नहीं की। उसका कहना है कि जज ने कपड़े न उतारने पर गलत बयान लिखने की धमकी भी दी। दोनों लड़कियों ने गोंडा में पत्रकारों को आपबीती सुनाई। पुलिस ने 24 जनवरी की देर शाम तक जज के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की थी। पुलिस के मुताबिक, इसके लिए इलाहाबाद कोर्ट से अनुमति की जरूरत है। यह जज इन दोनों महिलाओं के अपहरण के मामले की सुनवाई कर रहा था।

                                             मित्रों,अब प्रश्न यह उठता है कि जब कानून के देवता ही इस प्रकार दानव बन जाएंगे तो कैसे मिलेगा लोगों को न्याय? प्रश्न तो यह भी उठता है कि अब इस जज को क्या सजा दी जाए? देश का अंधा कानून तो कहेगा कि पहले साबित करो कि उसने छेड़खानी की है।जो होगा ही नहीं क्योंकि इस घटना का कोई चश्मदीद गवाह तो है ही नहीं। मेडिकल जाँच में भी कुछ नहीं आएगा और फिर बात आई-गई हो जाएगी। जज साहब भविष्य में और भी निर्भीक होकर बंद कमरे में अपनी बेटी की उम्र की लड़कियों के बालिग या नाबालिग होने की डॉक्टरी जाँच करेंगे,बयान बिगाड़ देने की धमकी देकर उनसे कपड़े उतरवाएंगे और स्पर्श-सुख का आनन्द लेंगे।

                        मित्रों,दुनिया के सबसे बड़े महाकाव्य महाभारत में एक ऐसी ही कथा आती है जो अक्षरशः ऐसी तो नहीं है लेकिन इस मामले पर हमारा मार्गदर्शन जरूर कर सकती है। हुआ यह कि जब कौरव और पांडव गुरूकुल से वापस आए तो उसी समय हत्या का एक मामला राजदरबार में पेश हुआ। ब्राह्मण,क्षत्रिय,वैश्य और शूद्र चारों जातियों से संबद्ध एक-एक अपराधी दरबार में लाए गए। चारों ने हत्या की थी। पहले महाराजकुमार दुर्योधन से न्याय करने को कहा गया। दुर्योधन ने चारों को एकसमान सजा सुना दी। फिर मामले को धर्मराज युधिष्ठिर के सामने लाया गया। धर्मराज ने शूद्र को सिर्फ कुछ कोड़े लगाकर छोड़ देने को कहा। वैश्य को कोड़े के साथ-साथ सम्पत्ति जब्ती का भी दंड दिया। क्षत्रिय को आजीवन कारावास की सजा दी और ब्राह्मण को मृत्युदंड देने का आदेश दिया। तब राजा धृतराष्ट्र ने उससे पूछा कि अपराध तो चारों ने एकसमान किए हैं फिर चारों की सजा अलग-अलग क्यों? धर्मराज ने उत्तर में कहा कि महाराज इन चारों ने कतई एकसमान अपराध नहीं किया है। यह शूद्र समाज द्वारा विद्या से वंचित है इसलिए भले-बुरे की पहचान नहीं कर सकता इसलिए इसका अपराध काफी कम और क्षम्य है। वैश्य अल्पशिक्षित है अतः इसका अपराध शूद्र से ज्यादा गंभीर है। क्षत्रिय शिक्षित तो है ही इस पर समाज में व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी भी है अतः इसका अपराध अक्षम्य है। ब्राह्मण समाज के लिए नीतियाँ बनाता है,कानून बनाता है और अगर वह खुद आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हो जाएगा तो फिर उन नीतियों और कानुनों पर कौन अमल करेगा और इस तरह राज्य और समाज में अराजकता उत्पन्न हो जाएगी, इसलिए इसका अपराध जघन्य है। महाराज,ऊपरी तौर पर इन चारों के अपराध समान दिखते जरूर हैं पर समान हैं नहीं और इसलिए मैंने इन चारों को सजा भी अलग-अलग दी है।

                        मित्रों,कहना न होगा कि हमारे वर्तमान भारत की न्याय-प्रणाली भी दुर्योधनी है। यह दुर्योधन जैसा कि मैं अचूक भविष्यवाणी चुका हूँ इन जज साहब को बाईज्जत बरी कर देगा परंतु इस स्थिति में युधिष्ठिर क्या करते? वे कदाचित् इसे मृत्युदंड से कमतर सजा देते ही नहीं क्योंकि इसने न सिर्फ एक नाबालिग लड़की की मजबूरी का बेजा लाभ उठाया है बल्कि इसके कुकृत्य के चलते लोगों का कानून में विश्वास भी कम हुआ है,उसे गंभीर क्षति पहुँची है। परन्तु क्या भारत में हमें कभी युधिष्ठिर-सदृश न्यायपालिका देखने को मिलेगी? हमें कब तक दुर्योधनी न्यायिक-प्रणाली का बोझ उठाना पड़ेगा? मैं मानता हूँ कि न्याय को त्वरित तो होना ही चाहिए गतिशील भी होना चाहिए। फैसले सब धन बाईस पसेरी की तर्ज पर नहीं बल्कि प्रत्येक मामले के गुण-दोष के आधार पर आने चाहिए। इसके साथ ही फैसले सदियों पुरानी धूल से सनी जर्जर विदेशी पुस्तकों के आधार पर भी नहीं किए जाने चाहिए। मैं पूछता हूँ अपने देशवासियों से कि दिल्ली बलात्कार मामले में सबसे बड़ी भूमिका निभानेवाले अपराधी को सबसे सस्ते में छोड़ देना कैसा न्याय है,कहाँ का न्याय है? क्या पाँच-सात साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में सजा पूरी कर चुके सुनील सुरेश उर्फ पप्पू साल्वे को उसके पहले अपराध की गंभीरता को देखते हुए तभी फाँसी नहीं दे दी जानी चाहिए थी?  तब क्या हम एक और मासूम को उसका शिकार होने और मृत्यु को प्राप्त होने से नहीं बचा सकते थे जिसके साथ उसने जेल से छूटने के कुछ ही दिनों बाद दुष्कर्म किया और फिर मौत के घाट उतार दिया? मैं पूर्व न्यायाधीश श्री जगदीश शरण वर्मा जी से जानना चाहता हूँ कि दिल्ली दुष्कर्म कांड में अगर दामिनी के स्थान पर उनकी बेटी या पोती होती तब भी क्या उनकी रिपोर्ट वही होती जो अब है? लेकिन इसमें वर्माजी का क्या दोष? वे बेचारे भी तो इसी दुर्योधनी न्यायपालिका की उपज हैं जो न्याय करना जानती ही नहीं है,नाबालिग लड़कियों के कपड़े उतरवाना जरूर जानती है। नहीं तो वर्माजी यह कैसे भूल जाते कि जहाँ हत्या शरीर का हनन करती है बलात्कार सीधे आत्मा की हत्या करता है,हनन करता है। जहाँ हत्या ईन्सान को लाश में बदल देती है बलात्कार पीड़िता को जिंदा लाश में बदल देता है। इसलिए बलात्कारी को तो हत्यारे से भी ज्यादा सख्त सजा मिलनी चाहिए,दुनिया की सबसे सख्त संभव सजा मिलनी चाहिए। वर्माजी फरमाते हैं कि इस समय पूरी दुनिया में मृत्युदंड के खिलाफ माहौल बन रहा है। क्या वर्माजी को पूरी दुनिया के लिए सिफारिश करनी थी या फिर सिर्फ भारत के लिए? अर्जुन की तरह सिर्फ पक्षी की आँख देखने के बदले वर्माजी तो पेड़ और डालियों को भी देखने लगे। मैं वर्माजी से पूछना चाहता हूँ कि क्या भारत में भी इस समय मृत्युदंड के खिलाफ माहौल बना हुआ है? अगर नहीं तो फिर कैसे उन्होंने जनभावना की उपेक्षा कर दी? कोई भी कानून जनता के लिए होता है या जनता कानून के लिए होती है? क्या भारत के लोकतंत्र को भी,लोकतंत्र के प्रत्येक आधार-स्तम्भों को भी जनता का,जनता के द्वारा और जनता के लिए नहीं होना चाहिए?

                                           मित्रों,मैं अपने पहले के आलेखों में भी अर्ज कर चुका हूँ कि सरकार ने वर्मा कमीशन का गठन जनता को सिर्फ मूर्ख बनाने के लिए और समय खराब करने के लिए किया था। उसे अगर सचमुच सख्त कानून बनाना होता तो वो अविलंब संसद का विशेष सत्र बुलाती जो उसने नहीं किया। आलेख के अंत में मैं आपसे पूछना चाहता हूँ कि आपको कौन-सी न्याय-प्रणाली चाहिए? नराधम दुर्योधनवाली जो अभी अपने यहाँ प्रचलन में है या धर्मावतार युधिष्ठिरवाली जो महाभारत-युद्ध के बाद कुछ ही समय के लिए सही भारतवर्ष में प्रचलन में थी।

सोमवार, 21 जनवरी 2013

मूर्खिस्तान की काग-रेस पार्टी की जय

नोट-यह आलेख पूरी तरह से कल्पना पर आधारित नहीं है। कृपया इस आलेख को पढ़ते समय बुद्धि और दिमाग का प्रयोग न करें क्योंकि इसे लिखते समय मैंने भी इनका प्रयोग नहीं किया है।
मित्रों,हमारे देश मूर्खिस्तान की ओर से आपका सादर अभिनन्दन। पक्षीराज उल्लू जी को शत-शत नमन। दोस्तों,हमारे देश मूर्खिस्तान में भी इन दिनों आपके हिन्दुस्तान की तरह ही मिलते-जुलते नामवाली काग-रेस पार्टी का शासन है। हमारे देश में भी लोकतंत्र है मगर कुछ अल्हदा। हमारे यहाँ वोट उम्मीदवारों की बुद्धिमानी को देखकर नहीं दिया जाता बल्कि हमारे संविधान में ही काफी बुलंद अक्षरों में लिखा हुआ है कि लोकतंत्र मूर्खों का,मूर्खों द्वारा और मूर्खों के लिए शासन है इसलिए हम जब भी वोट डालते हैं तो यह देखकर कि हमारे उम्मीदवारों में से सबसे विकट मूर्ख कौन है।
                    मित्रों,हमारे देश का वर्तमान प्रधानमंत्री जगमोहन सिंह देश का सबसे मूर्ख व्यक्ति है। आपका प्रधानमंत्री जहाँ भाषण खत्म होने के बाद पूछता है कि ठीक है यह भाषण से पहले ही पूछ लेता है कि उसका भाषण अतिमूर्खतापूर्ण है न? जहाँ आपके देश में घोटाला होने के बाद जाँच करवाई जाती है या नहीं करवाई जाती है वहीं हमारे मूर्खिस्तान में घोटाला होने से पहले ही इस बात की जाँच करवाई जाती ही किस-किस विभाग में घोटाला होने की कितनी संभावनाएँ हैं और फिर उन मंत्रियों को दंडित किया जाता है जिनके विभागों में घोटालों की संभावनाएँ कम होती हैं या नहीं होती हैं। हमारे मूर्खिस्तान के लोगों का इस वेदवाक्य में अटूट विश्वास है कि बिना घोटाले के विकास नहीं हो सकता,जितना ज्यादा घोटाला उतना ही ज्यादा विकास। हमारे देश में कोई सरकार जितनी ज्यादा जनविरोधी कदम उठाती है उसे उतना ही अच्छा माना जाता है।
                मित्रों,हमारे मूर्खिस्तान में लोगों को सूचना नहीं मिलने का अधिकार प्राप्त है। इसके तहत जनता को सूचना मांगने का और अधिकारियों को उनको किसी-न-किसी बहाने टरका देने या जेल भेज देने का अनन्य अधिकार दिया गया है। हमारे देश के बहार राज्य में इन दिनों अधिकारियों व कर्मचारियों को इस आधार पर प्रोन्नति दी जाती है या फिर सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी-अधिकारी होने का पुरस्कार दिया जाता है कि उसने कितने जागरूक लोगों को जेल भेजवाया या कितनी घूस खाई। दिखावे के लिए जरूर साल में एकाध ऐरे-गैरे की थोड़ी-बहुत सम्पत्ति जब्त कर ली जाती है लेकिन उनको जेल नहीं भेजा जाता। बाद में उनकी जब्त सम्पत्ति को कोर्ट की मूर्खता का पूरा लाभ देते हुए बाईज्जत वैध तरीके से कमाई गई घोषित कर दिया जाता है।
                    मित्रों,हमारे महान मूर्खिस्तान के पास बहुत-बड़ी सेना है। हमारे सैनिकों को सिर कटवाने की पूरी छूट दी गई है लेकिन उनको पड़ोसी नापाकिस्तान के सैनिकों को खरोंच तक लगाने की मनाही है। हमारे देश पर बार-बार हमारे पड़ोसी नापाकिस्तान और चील आतंकी हमले करते रहते हैं,उनके सैनिक हमारी सीमा में घुसते रहते हैं लेकिन हम कभी बुरा नहीं मानते बल्कि हमारे यहाँ इन घुसपैठियों का कांग्लादेशी घुसपैठियों की तरह अतिथि-सत्कार किया जाता है। वो कहते हैं न कि अतिथि देवो भव। हमने गलती से अपने एक अतिथि कसाबू को फाँसी पर लटका दिया था और तभी से 21 नवंबर को उस महान कसाबू जी (हमारी दूर-दूर तक आपके हिन्दुस्तान के महानतम नेताओं दिग्विजय सिंह या सुशील कुमार शिंदे से कोई रिश्तेदारी नहीं है) की अतिमहान आत्मा की याद में हमारे यहाँ राष्ट्रीय शोक दिवस मनाया जाता है।
                            मित्रों,जैसा कि हमने अपने इस मूर्खतापूर्ण आलेख के आरंभ में ही आपको बताया था कि हमारे देश में इन दिनों आपके हिन्दुस्तान की कांग्रेस पार्टी की ही तरह काग-रेस पार्टी का शासन है। सौभाग्यवश इस पार्टी की प्रधान भी एक विदेशी मूल की महिला है। उसने अपने नेताओं को आदेश दे रखा है कि चाहे जो भी बोलो एक स्वर में बोलो और हमेशा आक्रामक रहो। चूँकि इस पार्टी के लोग हमेशा एक स्वर में काग की तरह काँव-काँव करते रहते हैं इसलिए इस पार्टी का नाम काग-रेस पार्टी है। चूँकि हमारे प्यारे मूर्खिस्तान में दिमाग और बुद्धि का उपयोग करना दंडनीय अपराध है इसलिए काग-रेस पार्टी के नेताओं ने आपरेशन करवा कर अपना दिमाग निकलवा दिया है। कौन रिस्क ले और क्यों रिस्क ले? न रहेगा दिमाग और न रहेगी कोई गलती होने की संभावना। इस काग-रेस पार्टी ने अभी कल ही बिना बुद्धिवाले निश्चिंतन शिविर में अध्यक्ष जी के इकलौते पुत्र और पार्टी के सबसे बड़े प्रतिभावान और संभावनाशील मूर्ख श्री श्री 108 राहु बकलोली जी को पार्टी का उपाध्यक्ष बनाया है। हम मानते हैं कि हमारे देश के लिए वह दिन काफी गौरवशाली होगा जब हमारे देश की महामूर्ख जनता उनको अपना प्रधानमंत्री चुनेगी और इस तरह हमारा देश फिर से विकास की दौड़ में नीचे से अव्वल हो जाएगा।
                     मित्रों,इन दिनों एक बार फिर दुनियाभर के राजनीति-शास्त्र के शोधार्थी हमारे मूर्खिस्तान का रूख कर रहे हैं और पता लगा रहे हैं कि हमारे यहाँ लोकतंत्र इतना फल-फूल कैसे रहा है। आखिर हम दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र जो ठहरे। आपसे एक मूर्खतापूर्ण लेकिन विनम्र निवेदन है कि आप भी अन्य आगंतुकों की तरह सीमा चेक-पोस्ट पर अपना दिमाग और बुद्धि हमारे सीमा-रक्षकों को सौंपकर ही हमारे देश में प्रवेश करें अन्यथा अगर आपने हमारे महान श्री श्री अनंत मूर्खिस्तान में बुद्धि या दिमाग का प्रयोग किया तो आपके साथ कभी भी,कहीं भी और कुछ भी अनपेक्षित हो सकता है।

शनिवार, 19 जनवरी 2013

सफल बेटी के असफल पिता जगदीश माली

मित्रों,काफी साल हुए। बात शायद 1985-86 की है। मेरे पिताजी इतिहास के प्रोफेसर होने के बावजूद साहित्य में अच्छी अभिरूचि रखते हैं और साहित्यिक पत्रिका आजकल के पिछले 30-40 सालों से नियमित पाठक रहे हैं। तभी मैंने आजकल में एक बड़ी मार्मिक और दिल को छू लेनेवाली कहानी पढ़ी थी। संदर्भ शिव की नगरी बनारस का था। कहानी में सर्दी के दिन थे। एक गरीब ग्वाला सुबह की गुनगुनी धूप में अपने पिता को खाट पर लिटाकर सरसों तेल से मालिश कर रहा था। तभी वहाँ से एक अमेरिकी दम्पति गुजरा। उम्र यही कोई 60-65 की। वह वहाँ झोपड़ी के बाहर चलते-चलते रूक गया। ग्वाले ने उनको बैठने के लिए पीढ़ा दिया और फिर से पितृसेवा में लग गया। देखते-देखते वह अमेरिकन दम्पति भावुक होने लगा और रोने लगा। ग्वाला डर गया कि न जाने उससे क्या गलती हो गई। डरते-डरते रोने का कारण पूछा तो उन्होंने बताया कि उनको अपना बेटा याद आ गया था जो उसकी तनिक भी चिंता नहीं करता और अपनी ही दुनिया में खोकर रह गया है। तभी उसी कहानी के माध्यम से मैंने जाना कि दुनिया के दूसरे कोने में वृद्धाश्रम भी होते हैं। दम्पति ने गद्गद भाव से अभिभूत होकर कहानी के अंत में भारत की धरती को प्रणाम करते हुए घोषणा करते हैं कि धन्य है यह भारत और धन्य हैं इस भारत के लोग जो अपने माँ-बाप को बुढ़ापे में अपने हाल पर तिल-तिल कर मरने के लिए नहीं छोड़ते और भगवान की तरह पूजते हैं।
                   मित्रों,वह कहानी तो 1985-86 में ही समाप्त हो गई और आज समय उसे काफी पीछे छोड़ता हुआ बहुत आगे निकल आया है। आज की तारीख में भारत और अमेरिका के माता-पिताओं की स्थिति में बहुत ज्यादा का फर्क नहीं रह गया है। आज के भारत में पहले ही काफी वृद्धाश्रम खुल चुके हैं और बहुत सारे खुल रहे हैं। अभी परसों की ही तो बात है बॉलीवुड की प्रख्यात अभिनेत्री अंतरा माली के पिता और गुजरे जमाने के मशहूर फोटोग्राफर जगदीश माली मुम्बई में किसी मंदिर के बाहर भिखारियों जैसी स्थिति में पाए गए। जब अभिनेत्री मिंक ने इसकी सूचना अंतरा को दी तो उसने साफ-साफ कह दिया कि उसके पास वक्त नहीं है। यह वही अंतरा है जो कभी माधुरी दीक्षित बनना चाहती थीं। यह मुझे तो नहीं पता कि वो माधुरी दीक्षित बन पाईं या नहीं लेकिन इतना तो निश्चित है कि वह इन्सान नहीं बन पाईं। क्या किसी बेटी के पास बाप के लिए समय नहीं होता? उस बाप के लिए जिसने कभी अपना सबकुछ उसके लिए दाँव पर लगा दिया होता है। क्या यह घनघोर कृतघ्नता नहीं है?
                                             मित्रों,यह कितनी बड़ी बिडम्बना है कि आज सफलता के शिखर पर खड़ी अंतरा माली को अपने पिता की तनिक भी चिंता नहीं है और अगर कोई सलमान खान जैसा भलामानुष उनकी चिंता कर रहा है तो वह उसके प्रति कृतज्ञ होने के बदले उल्टे बेशर्मों की तरह उसी पर गरम हो रही है। लानत है ऐसी संतानों पर जो अपने माता-पिता की देखभाल नहीं करते। ऐसे लोग अपने प्रोफेशनल जीवन में भले ही कितने भी सफल हो जाएँ इन्सानियत के इम्तिहान में मुकम्मल तौर पर फेल हैं। जानवर से भी गए-बीते हैं ऐसे लोग। इस संदर्भ में एक कथा उपनिषदों में भी मौजूद है। कथा कुछ इस प्रकार है-एक तपस्वी ब्राह्मण कहीं सुदूर वन में तपस्या कर रहा था कि तभी एक बगुले ने उसके सिर पर बीट कर दिया। तपस्वी ने क्रोधित होकर बगुले को देखा और बगुला क्षणमात्र में जल कर राख हो गया। तपस्वी के मन में अभिमान आ गया कि तभी आकाशवाणी हुई कि हे तपस्वी ब्राह्मण! अपने तपोबल पर इतरा मत तुझसे ज्यादा तपोधनी तो इस नाम का और इस नगर का कसाई है। तपस्वी के अभिमान को भारी ठेस लगी। वो निकल पड़ा कसाई को ढूंढ़ने। ढूंढ़ते-ढूंढ़ते कसाई की टूटी-फूटी झोपड़ी के दरवाजे पर जा पहुँचा और आवाज लगाई। भीतर से उत्तर आया कि कुछ देर इंतजार करिए अभी मैं व्यस्त हूँ। तपस्वी काफी नाराज हुआ लेकिन सिवाय इंतजार करने के वो कुछ कर भी नहीं सकता था। कुछ देर बाद जब कसाई सेवा में उपस्थित हुआ तो तपस्वी ने आँखें लाल-पीली करते हुए कहा कि तुझे मृत्यु का भय नहीं है कि तुमने हमसे प्रतिक्षा करवाई। कसाई ने विनम्र स्वर में उत्तर दिया कि श्रीमान् मैं कोई बगुला नहीं हूँ कि दृष्टि डालते ही राख हो जाऊंगा। तपस्वी हतप्रभ रह गया और पूछा कि आपने यह तपोबल कैसे अर्जित किया और आपकी तो जीविका भी घृणित है। इस पर कसाई ने स्नेहासिक्त स्वर में कहा कि मैं अपने माता-पिता की पूरे तन-मन और धन से सेवा करता हूँ। बाँकी तप वगैरह मैं नहीं जानता। अभी जब आप आए और आवाज लगाई तब भी मैं अपने पिता की चरण-सेवा में ही लगा हुआ था।
             मित्रों,भारतीय संस्कृति बताती है,हमारे सद्ग्रंथ बताते हैं कि आप अगर अपने माता-पिता की नियमित सेवा करते हैं तो कोई जरुरत नहीं है पूजा-पाठ-तप-स्नान-ध्यान-योग करने की। फिर ऐसा क्यों हो रहा है कि कोई जगदीश माली जैसा सफल और खुशनसीब संतान का पिता बुढ़ापे में दर-दर की ठोकरें खाने लगता है। दोषी माता-पिता भी हैं जिन्होंने कदाचित् अपने माता-पिता की सेवा तब नहीं की जब उनको इसकी सबसे ज्यादा जरुरत थी। उनको अपने बच्चों के सामने उदाहरण पेश करना चाहिए और उदाहरण बनना चाहिए। कहते हैं कि रास्ता बताईए तो आगे चलिए सो मैं तो अपने माता-पिता की खूब सेवा कर रहा हूँ। पिछले एक साल से खाना भी मैं ही पका रहा हूँ और चरण-सेवा तो कर ही रहा हूँ क्योंकि मेरी पत्नी अभी गोद में छोटा बच्चा होने के कारण मायके में है। मेरे लिए तो मेरे माता-पिता ही भगवान हैं,शिव-पार्वती हैं और आपके लिए?

मंगलवार, 15 जनवरी 2013

समय की जरुरत है अध्यक्षीय शासन-प्रणाली

मित्रों,जब भारत के संविधान का निर्माण हो रहा था तब संविधान-निर्माताओं के समक्ष भी यह प्रश्न उठा था कि नवोदित राष्ट्र भारत के लिए कौन-सी शासन-प्रणाली अच्छी रहेगी। काफी विचार-विमर्श के बाद स्थायित्व पर उत्तरदायित्व को वरीयता दी गई और इंग्लैंड की तर्ज पर संसदीय शासन-प्रणाली को स्वीकार कर लिया गया। हमारे संविधान-निर्माता तपःपूत थे और स्वतंत्रता-आंदोलन की देन थे इसलिए उन्होंने सोंचा कि उनके उत्तराधिकारी/वंशज भी उनकी ही तरह नेक विचारों वाले होंगे और यहीं पर वे वह गलती कर गए जिसका खामियाजा आज पूरे भारतवर्ष को भुगतना पड़ रहा है।
                                    मित्रों,आज की तारीख में खासकर छोटे-छोटे राज्यों में सरकारों का स्थायित्व इतनी बड़ी समस्या बन गई है कि झारखंड जैसे खनिज-संपदा से धनी राज्य का विकास भी अवरूद्ध पड़ गया है। आज राज्यों और केंद्र में भी अवसरवादी और अपवित्र गठबंधन किए जा रहे हैं जिससे राज्यों और देश को लाभ के स्थान पर सिर्फ घाटा होता है। तेजी से राजनीति का स्थानीयकरण और भूमिपुत्रकरण हो रहा है। प्रदेशों में छोटे-छोटे क्षेत्रीय दलों का तेजी से उभार हो रहा है और राष्ट्रीय दलों का वोट-बैंक उतनी ही तेजी से छिज रहा है। जितने जिले उतने दल। आज केंद्र में कई-कई दर्जन दल मिलकर सरकार बनाने लायक बहुमत जुटा पा रहे हैं जो किसी भी तरह भारतीय लोकतंत्र और भारत के हित में नहीं है। प्रत्येक चुनाव के बाद सांसदों,विधायकों,जिला पार्षदों और नगर पार्षदों की खरीद-बिक्री शुरू हो जाती है। लाखों-करोड़ों खर्च कर पहले तो उम्मीदवार चुनाव जीतता है और फिर जनता को धोखा देते हुए खुद को लाखों-करोड़ों में बेच देता है। अगर यह केंद्र सरकार के स्थायित्व की समस्या नहीं होती तो शायद ए.राजा जैसे विश्व-रिकार्डधारी घोटालेबाज भी पैदा नहीं हुए होते। चूँकि चुनाव लड़ना काफी खर्चीला हो चुका है और चुनावों के बाद भी जनप्रतिनिधियों को बिना खरीदे सरकार बनाना लगभग असंभव होता है इसलिए प्रत्येक दल को अपना-अपना धनपति रखना पड़ता है। परिणामस्वरूप जनप्रतिनिधियों को चुननेवाली आम जनता दिन-प्रतिदिन हाशिए पर चलती चली जा रही है और सरकारों को पैसे के रिमोट से चला रहे है पूँजीपति।
                                 मित्रों,आज हमारी केंद्र सरकार अपने अस्तित्व और स्थायित्व को लेकर इतनी परेशान या आश्वस्त (?) है कि वह आम जनता को ही भूलती जा रही है और भूलती जा रही है देशहित को और लगातार जनविरोधी और देशविरोधी कदम उठाती जा रही है। उसे पता है कि तिकड़म के बल पर वह हर बार सरकार को बचा लेगी और बहुमत का जुगाड़ कर ही लेगी फिर जनता या देश जाए तेल बेचने तो जाए। आज देश की जनता के समक्ष सबसे बड़ी समस्या यह है कि वह सीधे-सीधे प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री को नहीं चुनती है। वह चुनती है विधायक या सांसद को और हमारे विधायक या सांसद या छोटे क्षेत्रीय दल हैं कि आसानी से पैसों या पद के लालच में आकर बिक जा रहे हैं। आज विधायिका कानून बनाने का मंच रह नहीं गई है,वह बनकर रह गई है जनप्रतिनिधियों के खरीद-फरोख्त का मछली-बाजार। आज वहाँ कानून नहीं बनते सिर्फ सरकारें बनाई और बचाई जाती हैं जो बहुत ही दुःखद स्थिति है। आम-जनता के दुःख-दारिद्रय की,भ्रष्टाचार की,न्याय में देरी की,भारत की अंतर्राष्ट्रीय प्रतिष्ठा की चिंता आज न तो हमारे जनप्रतिनिधियों को ही है और न इसके परिणामस्वरूप हमारी सरकारों को ही।
                      मित्रों,भारतीय लोकतंत्र के स्तर में नित आ रही गिरावट को रोकने का मेरी समझ से बस एक ही उपाय शेष रह गया है कि भारत में संसदीय शासन-प्रणाली का अविलंब परित्याग कर अध्यक्षीय शासन-प्रणाली का वरण किया जाए। राष्ट्रपति का चुनाव अमेरिका की तरह सीधे जनता करे और चुनाव के दूसरे चरण में फ्रांस की तरह पहले चरण में सर्वाधिक मत पाने वाले सिर्फ दो उम्मीदवार ही मैदान में रहें और उनमें से जिसको भी 50% से ज्यादा मतदाताओं के मत प्राप्त हों उसे विजयी घोषित किया जाए। अमेरिका की तरह यह जरूरी नहीं कि राष्ट्रपति के बदलते ही बहुत-सारे सरकारी अधिकारियों को भी बदल दिया जाए। राष्ट्रपति संसद के प्रति जिम्मेदार नहीं हो मगर संसद को उसको महाभियोग द्वारा हटाने का अधिकार जरूर प्राप्त हो। इसी तर्ज पर राज्यों में राज्यपालों को सीधे जनता द्वारा चुना जाना चाहिए और उसको भी विधानसभा के प्रति जिम्मेदारी से मुक्त रखना चाहिए मगर विधानसभा को जरूर उसको हटाने का अधिकार दिया जाना चाहिए।
                        मित्रों,वास्तव में हमारे द्वारा चुने गए हमारे प्रतिनिधि इस लायक रह ही नहीं गए हैं कि हम अपना भविष्य आँख मूंदकर उनके हाथों में सौंप दें। अध्यक्षीय शासन-प्रणाली में अगर राष्ट्रपति या राज्यपाल गलत करेगा तो जनता उसको सीधे-सीधे ही नकार देगी और इस प्रकार शासक और शासित के बीच बिचौलियों (सांसदों व विधायकों) की भूमिका भी स्वतः काफी कम हो जाएगी। दो मिनट के लिए कल्पनाभर करके तो देखिए कि एक तरफ राहुल गाँधी हों और दूसरी तरफ नरेंद्र मोदी या अरविन्द केजरीवाल और इनमें से किसी एक को पूरे भारत की जनता सीधे-सीधे वोट देकर चुने तो क्या समाँ बंधेगा? कहना न होगा कि उस स्थिति में राहुल गांधी या कोई भी युवराज इस तरह देश के ज्वलंत मुद्दों पर चुप्पी साधे नहीं रह सकता उसको अपनी भावी योजनाओं से देश की जनता को अवगत करवाना ही पड़ता अन्यथा देश की जनता उसे सीधे-सीधे नकार देती। इसमें कोई संदेह की गुंजाईश ही नहीं है कि भारत में जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री चुनने की व्यवस्था पूरी तरह से असफल सिद्ध हो चुकी है इसलिए इसके स्थान पर जनता को सीधे अपना राष्ट्रपति/राज्यपाल चुनने का अधिकार देना ही पड़ेगा और प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के पदों को समाप्त करना ही पड़ेगा तभी भारत में लोक का विश्वास बचेगा,तंत्र में सुधार आएगा और लोकतंत्र बचेगा।

रविवार, 6 जनवरी 2013

तब नाबालिग दरिन्दे को सजा जनता देगी

मित्रों,दिल्ली पुलिस की ओर से बताया जा रहा है कि चूँकि 16 दिसंबर के सामूहिक दुष्कर्म का मुख्य अभियुक्त 18 साल का नहीं है इसलिए उसके खिलाफ पुलिस ने चार्ज-शीट दायर नहीं किया है और उस पर बाल-न्यायालय में अलग से मुकदमा चलाया जाएगा। इतना ही नहीं उस दरिन्दे को वर्तमान कानून के अनुसार मात्र 3 साल अधिकतम की सजा होगी और फिर उसके बाद वह आजाद होगा फिर से किसी दामिनी की अस्मत और जान के साथ खुलेआम खिलवाड़ करने के लिए। मैं आप सभी देशवासियों से पूछना चाहता हूँ कि उसने जो कुछ भी किया है वह क्या मासूमियत में किया गया नाबालिगोंवाला काम था? क्या जब कोई कथित नाबालिग बलात्कार करता है तो पीड़िता को कम दर्द होता है या कम मानसिक आघात का सामना करना पड़ता है? अगर नहीं तो फिर क्यों इस हवश के पुजारी को बाँकी नरपिचाशों से कम सजा दी जाए? बाँकी पाँचों को फाँसी और जो सबसे बड़ा अपराधी है उसको अधिकतम सजा मात्र 3 सालों की कैद? यह सजा तो सजा हुई ही नहीं यह तो ईनाम हो गया। प्रोत्साहन हो गया कि जाओ बेटे और लड़कियों की जिन्दगियों से खेलो,मर्द होने का पूरा लाभ उठाओ। अगर बाँकी 5 समाज के लिए खतरा हैं और इसलिए उनको जिंदा छोड़ना खतरनाक है तो फिर कैसे यह छठा समाज के लिए खतरा नहीं है क्योंकि वह अभी मात्र 17 साल 9 महीने का है? पहले सुनता था कि कानून अंधा होता है लेकिन अब तो साबित भी हो रहा है कि कानून वाकई अंधा होता है। क्या आवश्यकता है ऐसे अंधे कानून की? कानून ही जब अंधा होगा तो देश में क्यों नहीं अव्यवस्था और अराजकता रहेगी?
                   मित्रों,अगर कानून उस दरिन्दे को जिसने कथित रूप से दामिनी के साथ दो-दो बार सर्वाधिक बेरहमी से बलात्कार किया और भीषण शारीरिक-मानसिक क्षति पहुँचाई, सजा नहीं दे सकता क्योंकि उसके हाथ बंधे हैं तो देश की 125 करोड़ जनता खोलती है कानून के बंधे हाथों को और हुक्म देती है कि इसको भी फाँसी पर चढ़ाओ। अगर कानून फिर भी ऐसा नहीं कर सकता तो सौंप दे इसको जनता के हाथों में,इन्साफ जनता खुद करेगी। नाबालिग रेपिस्ट का इन्साफ हम करेंगे। तीन-तीन बेटियों का बाप होने की दुहाई देनेवाले मनमोहन सिंह और सुशील कुमार शिंदे से मैं पूछना चाहता हूँ कि अगर दामिनी उनकी बेटी होती (हालाँकि ऐसा होना नितान्त असंभव है क्योंकि इनकी बेटियाँ तो हमेशा जेड प्लस सुरक्षा में रहती हैं) तब भी क्या सरकार का रवैया इसी तरह उदासीन रहता? क्यों नहीं बुलाया जा रहा है संसद का विशेष सत्र? क्या जरूरत थी विधि आयोग के अस्तित्व में रहने पर भी एक और आयोग बनाने की? ऐसे कितने आयोगों या समितियों की सिफारिशों को सरकार ने लागू किया है? क्या सरकार ने सिर्फ टालने की सोंचकर ऐसा नहीं किया है? मैं पूछता हूँ कि कानून आयोग बनाएगा या संसद बनाएगी? फिर आयोग बनाने जैसे विलंबकारी कदम उठाकर क्यों जनता के धैर्य की सरकार परीक्षा ले रही है? पिछले कई सप्ताहों से अनशन पर बैठे जागरूक युवाओं में से कोई अगर मर जाता है तो उसकी मौत के लिए जिम्मेदार कौन होगा,सोनिया गांधी का चमचा मनमोहन सिंह या दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत का प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह या कई बेटियों का बाप मनमोहन सिंह? इसलिए वक्त की नजाकत को समझते हुए सरकार को तुरन्त संसद का विशेष सत्र बुलाना चाहिए और बलात्कारियों को फाँसी की सजा का प्रावधान करना चाहिए। इतना ही नहीं इस नाबालिग दरिंदे को भी फाँसी पर चढ़ाने का इन्तजाम करना चाहिए। संसद देश से है देश संसद से नहीं इसलिए भी सरकार और संसद को जनभावना का ख्याल रखना चाहिए। अगर संसद ऐसा नहीं कर सकती तो नहीं चाहिए हमको ऐसी संसद और ऐसी व्यवस्था जो निर्दोषों पर कहर ढाती हो और बलात्कारी-हत्यारे को इनाम देती हो। याद रखिए कि जब तक दामिनी के कातिल जिन्दा हैं दामिनी की आत्मा को तब तक शांति नहीं मिल सकती। फिर उसकी अंतिम इच्छा भी तो यही थी कि इन दरिन्दों को जिन्दा जलाकर मारा जाए। अंत में कवयित्री डॉ. संगीता अवस्थी द्वारा रचित कविता "माँ की व्यथा" के कुछ अंश प्रस्तुत करना चाहूंगा-
माफ करना हे प्रभु
जिस साँप को मैंने जन्मा
उसने तमाम बहन बेटियों को
डसने से नहीं बख्शा
वो दरिन्दा भूल गया कि वो भी
किसी औरत की कोख से ही जन्मा है
लानत है उस वहशी को जो अपनी दरिन्दगी से
न देख पाया अपनी माँ-बहन का रूप

चीत्कार करती माँ की ममता को
तभी मिलेगा त्राण
जब दरिन्दे का शरीर होगा छलनी और
तड़प-तड़प कर निकलेंगे उसके प्राण।

गुरुवार, 3 जनवरी 2013

मिट्टी के शेर घर में भी ढेर

मित्रों,भारतीय क्रिकेट टीम के बारे में अक्सर यह कहा जाता रहा है कि वह विदेशों में भले ही अच्छा नहीं खेले मगर अपनी जमीन पर तो वह शेर ही होती है। मगर आज यह मिथक भी टूट गया है। भारतीय टीम के लिए इन दिनों अपने देश की पिच पर सीरिज जीतना तो दूर की बात रही एक मैच जीत पाना भी दूर की कौड़ी बन गया है। पहले हमारी टीम के शेरों ने इंग्लैंड को कई दशकों के बाद काफी आसानी से टेस्ट सीरिज जीत जाने दिया और आज पाकिस्तान के खिलाफ तीन एकदिवसीय मैचों की शृंखला में वह दो-शून्य से निर्णायक तरीके से पीछे हो गई है।
           मित्रों,इन दोनों देशों ने हमारे घरेलू मैदान के शेरों को माटी का शेर साबित कर दिया है। इन दिनों न तो हमारी गेंदबाजी ही चल पा रही है और न तो बल्लेबाजी ही,क्षेत्ररक्षण के क्षेत्र में भी हमारी स्थिति दयनीय होती जा रही है। समझ में नहीं आता कि करोड़ों का सालाना पैकेज पानेवाले हमारे खिलाड़ियों को हो क्या गया है?क्यों उनको मैदान में उतरते ही साँप सूंघ जाता है?हालाँकि कप्तान धोनी ने अपना कर्त्तव्य आज भी बखूबी निभाया है लेकिन सिर्फ कप्तान के ही अच्छा खेलने से कोई टीम क्या जीत सकती है?क्यों टीम के बाँकी बल्लेबाज लगातार फ्लॉप हो रहे हैं समझ में नहीं आता?क्या उनका मन अब खेलने में नहीं लग रहा और उनको सिर्फ विज्ञापनों में काम करना ही रास आ रहा है।
             मित्रों,अब टीम में प्रयोग करने का समय भी नहीं रह गया है। अब टीम के चयनकर्त्ताओं को टीम में आमूल-चूल परिवर्तन करने पड़ेंगे। खिलाड़ियों के साथ-साथ टीम के कोच को यथाशीघ्र बदलने की आवश्यकता है और टीम में अच्छे गेंदबाजी,बल्लेबाजी और क्षेत्ररक्षण प्रशिक्षकों को भी नियुक्त करने की जरुरत जान पड़ती है तभी टीम में फिर से जान आ सकेगी और भारतीय टीम की गाड़ी एक बार फिर से जीत की पटरी पर सरपट भाग सकेगी।

सोमवार, 31 दिसंबर 2012

राम सिंह राम नहीं रावण है

मित्रों,जबसे मैंने पढ़ा है कि 16 दिसंबर की जघन्य घटना के मुख्य आरोपी का नाम राम सिंह है तबसे मेरी रातों की नींद गायब हो गई है। कोई कैसे मेरे राम का नाम बदनाम कर सकता है? इस कलयुगी राम ने जिस तरह से सामूहिक बलात्कार किया वैसा तो पशु भी नहीं करते हैं। इस कलयुगी राम ने जिस तरह डीएनए संबंधी सबूत मिटाने के लिए दामिनी की अस्मत को लूटने के बाद जिस तरह से उसकी अंतड़ियों को पेट फाड़कर अपने हाथों से बाहर निकाल दिया वैसे तो कदाचित् कसाई भी बकरों की नहीं निकालता। फिर किसने रख दिया इस पापी का नाम मेरे राम के नाम पर? इतनी क्रूरता तो त्रेता के राक्षसराज रावण ने भी सीता के साथ नहीं की थी फिर कोई रामनामधारी मानव ऐसा कैसे कर सकता है? अभी कुछ साल पहले नोएडा के निठारी में एक कोली रहता था जो छोटे-छोटे बच्चों को मारकर उनको पकाकर खा जाता था। क्या उसे हमें मानव कहकर पुकारना चाहिए? क्यों मरती जा रही हैं हमारी संवेदनाएँ? और अब मुझे इस राम का दर्शन/श्रवण करना पड़ रहा है! क्यों हमारे भारत के औसत मानव में मानवता नहीं रह गई है और मौका मिलते ही वो हैवान बन जा रहा है? अब इस राम सिंह को ही लें जो आर्थिक रूप से नितांत गरीब की श्रेणी में आता है। क्या यह राम सिंह इन्सान कहलाने के लायक है,क्या प्राचीन काल में राक्षस अन्य इन्सानों से अलग होते थे? या फिर वे भी शक्लोसूरत से मानव ही थे लेकिन वह उनके बुरे कर्म थे जो उनको राक्षस बनाते थे।
             मित्रों,कहाँ मेरे राम मर्यादापुरूषोत्तम और कहाँ यह राम सिंह? यह मेरे राम का अपमान है,घोर अपमान और मैं इसे कदापि सहन नहीं कर सकता। इस नीच का जिसने भी नामकरण किया था उसने मेरे राम को अपमानित करने की धृष्टता का अक्ष्म्य अपराध किया है। क्या मेरे राम ने कभी किसी पर-स्त्री की तरफ बुरी नजरों से निमिष मात्र के लिए देखा था? बल्कि मेरे राम ने तो बलात्कार-पीड़िता अहिल्या को जो लोक-लाज के मारे पत्थर सी,निर्जीव-सी हो गई थी समाज में पुनर्प्रवेश दिलाया था और ऐसा करके भारतीय समाज को संदेश दिया था कि नफरत बलात्कारी से करो न कि उससे जिसने इस अमानुषिक अत्याचार को भोगा है। मेरे राम ने तो अपनी पत्नी को वापस पाने के लिए जान की बाजी लगा दी थी और सीता-मुक्ति के माध्यम से समाज में फिर से स्थापित किया था स्त्रियों की गरिमा और अस्मिता को। उन्होंने तो कभी दूसरा विवाह नहीं करने की भीष्म-प्रतिज्ञा की थी और फिर उसे मन,वचन और कर्म से निभाया भी था। और आज उसी राम के नाम को धारण करने लगे हैं राम सिंह जैसे नरपिशाच ड्रैकुला! नाम से राम और काम से रावण! नहीं मैं नहीं होने दूंगा ऐसा। मेरे राम का नाम तो पवित्र है दुनिया के सारे नामों से भी ज्यादा फिर कैसे कोई इसको बदनाम करने की मूढ़ता कर सकता है? नहीं हरगिज नहीं होने दूंगा मैं ऐसा! बेहतर हो कि आगे से कोई हिन्दू अपने बच्चे का नाम राम रखे ही नहीं और अगर रखे भी तो हर क्षण इस बात का खयाल रखे कहीं उसका रामनामधारी बच्चा कुमार्ग पर तो नहीं जा रहा है। अगर उसे कभी ऐसा खतरा महसूस हो तो उसको तत्क्षण उसका नाम बदल देना चाहिए। वह स्वतंत्र है इसके लिए कि अपने बच्चे का नाम कुछ भी रख ले बस सिर्फ राम या उनका पर्यायवाची न रखे क्योंकि इससे मेरे,आपके और सबके राम का नाम बदनाम होता है।

शुक्रवार, 28 दिसंबर 2012

गांधीजी की लाठी और दिल्ली पुलिस

मित्रों,कहते हैं कि जब हमारे कथित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी मरे तो उनके पास से सिर्फ तीन चीजें बरामद हुईं-सत्य,अहिंसा और लाठी। सत्य जो दुनिया के सत्यानुरागियों को दिलासा देता था कि अंत में जीत तुम्हारी ही होगी भले ही तुझे रोज मर-मर कर जीना पड़े। अहिंसा दूसरों पर अत्याचार न करने की शिक्षा देती थी और लाठी इन दोनों के लड़खड़ाते हुए पावों को सहारा देती थी। सत्य और अहिंसा चूँकि उनके राजनैतिक उत्तराधिकारियों के किसी काम के नहीं थे इसलिए उन्हें उन्होंने तत्काल कूड़ा समझकर दूसरे देशों के आंगन में फेंक दिया जिसे उनमें से कई देशों के कई लोगों ने गले से लगा लिया और इस तरह दुनिया में कई मार्टिन लूथर किंग,नेल्सन मंडेला और सू की का जन्म हुआ। बच गई लाठी सो उसके तीन टुकड़े किए गए। पहले टुकड़े को लूट लिया नेताओं ने,दूसरे टुकड़े पर कब्जा जमाया प्रशासन ने और तीसरा टुकड़ा हाथ आया आम जनता के।
           मित्रों,तभी से महान भारतवर्ष की महान जनता ने धर्म-अधर्म संबंधी पूर्वजों के विचारों पर विचार करना छोड़ दिया और देश में जिसकी लाठी उसकी भैंस की कहावत ने व्यावहारिक रूप से जन्म लिया। इसी लाठी की सहायता से हमारे नेता पिछले 65 सालों से जनता को भड़का और हड़का रहे हैं कुल मिलाकर हाँक रहे हैं और जनता भी आज्ञाकारी भेंड़ की तरह उनकी बातों में आती रही है। इस लाठी के गुणों से हमारे मध्यकालीन पूर्वज भी भलीभाँति परिचित थे तभी तो गिरिधर कवि ने इस महान अस्त्र-शस्त्र के सम्मान में कुछ यूँ कसीदे गढ़े थे-
लाठी में बहुत गुण है सदा राखिये संग,
सदा राखिये संग झपटी कुत्ते को मारे;
दुश्मन दावागीर मिले तिनहुँ को झारे,
कहे गिरिधर कविराय सुनो हे धुर के बाटी,
सब हथियारन को छोड़ के हाथ में लीजै लाठी।
आजकल सोनपुर मेले में भी सबसे ज्यादा बिक रही है यही लाठी। इससे यही सत्य भलीभाँति स्थापित हो रहा है कि बिहार के लोग बातों के या पैसों के धनी भले ही नहीं हों लाठी के धनी जरूर हैं। यह हमारे लिए गौरव की बात है कि हमारे यहाँ लालूजी जैसे पूजनीय महापुरूष हुए हैं जिन्होंने लाठी को 15 सालों तक खूब तेल पिलाया है भले ही जनता को उनके शासन-काल में पेट की आग बुझाने के लिए दूसरे राज्यों का रूख करना पड़ा हो। जनता की कड़ाही और सिर में भले ही तेल की एक बूंद भी न हो लालूजी की टूट चुकी लाठी में आज भी खूब तेल मालिश हो रही है।
              मित्रों,परन्तु लाठी का सर्वाधिक मोहक स्वरूप तो तब उभरकर दुनिया के सामने आया जब वह भारतीय पुलिस के हाथों की शोभी बनी। आजकल लोग बेवजह दिल्ली पुलिस को भला-बुरा कह रहे हैं क्योंकि वे यह भूल गए हें कि इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस पूरी तरह से निर्दोष है दोषी है तो गांधीजी की प्यारी लाठी। अन्य राज्यों की पुलिस की तरह दिल्ली पुलिस भी पूरी तरह से निरपेक्ष भाव से काम करती है। उसको क्या पता कौन पीड़क है और कौन पीड़ित। वह बेचारी तो निष्काम भाव से बल-प्रयोग करती है यह देखना तो इस निगोड़ी लाठी का काम है न कि वह सिर्फ दोषियों पर ही प्रहार करे। यह लाठी ही है जिसने पोस्टमार्टम करनेवाले डॉक्टर से विवादास्पद रिपोर्ट तैयार करवाया। वो कहते हैं न कि लाठी के डर से तो भूत भी काँपता है फिर डॉक्टर तो बहुत मामूली शह है। उसको अपने ऊपर आईपीसी की सारी धाराएँ एकसाथ थोड़े ही ठोकवानी थी सो बेचारे ने जैसा भी पुलिसिया लाठी ने कहा लिख दिया। न तो एक हर्फ कम और न तो एक हर्फ ज्यादा। बुरा किया या भला किया जिन्दा और सही-सलामत रहेंगे तभी न कभी फुरसत में सोंच सकेंगे। हमारी पुलिस अगर सलीम अल्वी जैसे पूर्वप्रमाणित विवादास्पद झूठे गवाहों को पालती है तो इसमें भी उसका क्या दोष? गांधी के सत्य को क्या पुलिस ने दूसरे के आंगन में इस तरह से भँजाकर फेंका था कि वह फिर से वापस भारत में आ ही न सके? अब तो उसने सुभाषचंद्र तोमर को अस्पताल पहुँचानेवाले योगेन्द्र तथा पाउलिन की राजनैतिक पृष्टभूमि की झूठी जाँच भी शुरू कर दी है। हमें कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए अगर दोनों का संबंध बहुत जल्दी माननीय शिंदे साहब के संदेहानुसार नक्सलियों से स्थापित कर दिया जाए और वे दोनों कैमरे के सामने खुद ही अपने टूटे-फूटे मुँह से इसे कबूल भी कर लें। यहीं पर तो लाठी की नंगई वाला असली गुण आप अपनी नंगी आँखों से देख सकते हैं। यह लाठी ही तो है जो सच को सफेद झूठ और झूठ को सफेद सच में बदल देती है। निर्दोषों को सजा दिलवा देती है और दोषियों को लाल बत्ती।
             मित्रों,मेरे पास इस समय आपके लिए भी मुफ्त की एक नायाब सलाह उपलब्ध है-हो सके तो आपलोग कुछ महीनों के लिए दिल्ली की यात्रा न करें। अगर आप दिल्ली में ही रहते हैं तो नए साल का स्वागत घर में ही कर लें हरगिज इंडिया गेट की ओर न जाएँ क्योंकि ऐसा करने पर संभव है कि आपको सरे राह चलते दिल्ली पुलिस मिल जाए और आपपर सीधे देशद्रोह का मुकदमा चला दिया जाए। हो सकता है आपको इस दुस्साहस के लिए बालपन के बाद पहली बार ब्रह्मसोंटा उर्फ दुःखहरण बाबू का अलौकिक स्वाद भी चखना पड़े। दोस्त जब एक जिंदा लाश प्रधानमंत्री,एक पागल गृहमंत्री और एक महामूर्ख पुलिस चीफ हो तो आपके साथ कभी भी,दिल्ली में कहीं भी,कुछ भी हो सकता है। एक बार दिल्ली पुलिस के चंगुल में फँसे तो मानवाधिकार तो क्या आप शर्तिया यह भी भूल जाएंगे कि आपका नाम क्या है और आपको सिर्फ वही याद रह जाएगा जो आपको लाठी याद करवाएगी,गांधीजी की अहिंसक लाठी।

मंगलवार, 25 दिसंबर 2012

क्या भगवान भी रिश्वतखोर हो गया है?

मित्रों,कुछ ही दिन पहले 19 दिसंबर को उद्योगपति विजय माल्या का जन्मदिन था। विजय माल्या ठहरे धनाभिमानी और उन्होंने इसे साबित किया भी। उन्होंने अपना 58वाँ जन्मदिन मनाया भगवान वेंकटेश्वर तिरूपति को तीन किलो सोना दान करके। ऐसा उन भगवद्भक्त ने तब किया जबकि उनकी किंगफिशर एयरलाइन्स के कर्मचारियों व अधिकारियों को पिछले कई महीनों से वे वेतन नहीं दे सके हैं और इसके चलते वे बेचारे भूखे-प्यासे हड़ताल पर भी हैं। यह कैसी भक्ति-भावना है विजय माल्या जी की जो ईश्वर की सर्वश्रेष्ट अनुकृति को तो उन्होंने महीनों से भूखा-सूखा रखा है और भगवान वेंकटेश्वर की प्रस्तर-प्रतिमा पर चढ़ा रहे हैं तीन किलो सोना! प्रश्न उठता है कि क्या इन मंदिरों में या मूर्तियों में सचमुच भगवान रहते हैं? मैं समझता हूँ कि भगवान मंदिरों में या मूर्तियों में नहीं बल्कि विश्वास में निवास करते हैं,वे विश्वास की पवित्रता में रहते हैं। यह सोंचने की बात है कि जो भगवान सबका पालनहार है उसको क्या जरूरत है सोने,हीरे और पैसे की? वह तो ब्रह्मांड के कण-कण में निवास करता है। पूरी दुनिया उसका ही ऐश्वर्य़ है फिर धनी लोग क्यों चढ़ाते हैं उसकी मूर्ति पर सोना-हीरा? क्या ऐसा करते समय उनके मन में श्रद्धा या भक्ति होती भी है या वे ऐसा अभिमानवश अपने धन-प्रदर्शन के लिए करते हैं? या वे समझते हैं कि भगवान भी रिश्वतखोर हो गया है और धन देने से खुश हो जाएगा? क्या वह सोना-चांदी भगवान तक पहुँचता भी है या फिर वह पुजारियों के काम आता है या यूँ ही अनुपयोगी पड़ा रहता है? शास्त्र कहते हैं कि समस्त जड़-चेतन ईश्वर से,ईश्वर द्वारा और ईश्वर में निर्मित है। ईश्वर जड़ से ज्यादा प्रकट रूप में चेतन में और उससे भी ज्यादा प्रकट रूप में इन्सानों में दृष्टिगोचर होता है। इन्सान ही ईश्वर का सर्वश्रेष्ठ प्रतिनिधि या प्रतिकृति है। मूर्तियों में भगवान है लेकिन जड़ रूप में। जैसे हमारी तस्वीरों में हम होते हैं फिर भी हम तस्वीर नहीं हो जाते वैसे ही मूर्तियाँ ईश्वर का प्रतीक मात्र हैं वे भगवान नहीं हैं। फिर इन्सानों को भूखा रखकर जड़ मूर्तियों पर धन न्योछावर करने की मूर्खता क्यों? क्या वह धन ईश्वर तक पहुँचेगा या कहीं किसी तिजोरी की शोभा बनकर अनुपयोगी रह जाएगा? अगर अनुपयोगी धन कालाधन होता है तो ये प्रस्तर-मूर्तियों को दान में दिए गए हीरे-मोती कैसे कालाधन नहीं हुए? जो धन चेतन-ईश्वर की जरुरतों को पूरा करने में खर्च होना चाहिए उसको जड़-प्रतिमा या मंदिर के खजाने में कैद करने से क्या लाभ? मैं नहीं समझता कि ऐसे धन से वह दयासागर/सर्वकारण थोड़ा भी खुश होता होगा क्योंकि वह तो अपने बंदों के दुःख से दुःखी और अपने बंदों के सुख से ही सुखी होता है।
                मित्रों,इसलिए सरकार को चाहिए कि चाहे भारत का कोई भी मंदिर हो उसमें जमा धन-संपत्ति को जब्त कर ले और इसको गरीब हिन्दुओं के जीवन-स्तर को ऊँचा उठाने पर खर्च करे लेकिन खर्च पूरी पारदर्शिता के साथ होना चाहिए। इसमें बिल्कुल भी घोटाला नहीं होना चाहिए।
                  मित्रों,ये तो हुई मंदिरों के खजाने की बात अब कुछ बात कर लेते हैं मंदिरों में रहनेवाले बिचौलियों यानि पुजारियों की। हम गरीब भक्त जो भी छोटा-मोटा चढ़ावा चढ़ाते हैं या दान करते हैं उनका ज्यादा बड़ा हिस्सा इनकी ही भेंट चढ़ते हैं। मैंने ऐसे कई महंतों को देखा है जिन्होंने अपने घरवालों को करोड़पति तक बना दिया। ये श्री-श्री 1008 से युक्त या रहित कथित भगवद्भक्तों का जीवन काफी ऐश्वर्यपूर्ण होता है। इनमें से कुछ तो हमारे दान के बल पर सोने की पालकियों तक की सवारी गाँठते हैं। हम दान करते हैं कथित भगवान को और उससे गुलछर्रे उड़ाते हैं ये पाखंडी भूदेव या तथाकथित संन्यासी। संन्यास तो सर्वस्व-त्याग सिखाता है फिर ये कैसे संन्यासी या भक्त हैं जिनको हम गृहस्थों से भी कहीं ज्यादा शारीरिक सुख चाहिए?  कई मंदिरों में तो विधिवत देवदासियाँ रखने की भी प्रथा है। ये देवदासियाँ पुजारियों की यौन-जरुरतों को पूरा करती हैं,एकसाथ उनको कई-कई पुजारियों की हवस को शांत करना पड़ता है और वो भी धर्म और ईश्वर के नाम पर। छिः,क्या इसी को भगवद्भक्ति कहते हैं? इससे तो अच्छा रहता कि ये लोग संन्यासी के बदले गृहस्थ ही बने रहते। तब दोनों आश्रमों की प्रतिष्ठा बनी और बची रहती। जब ये बिचौलिये हम गृहस्थों से भी ज्यादा माया “कामिनी और कंचन” के प्रति आसक्त हैं तो फिर इनकी विलासिता की पूर्ति में या पाप में समाज क्यों भागीदार बने? क्या आवश्यकता है इनकी हिन्दू समाज को? मैं यह नहीं कहता कि इनमें से सारे-के-सारे इसी तरह के हैं लेकिन कम-से-कम 80-90%  तो ऐसे हैं ही।
              मित्रों,कुल मिलाकर हमारे हिन्दू धर्म का संस्थागत हिस्सा लगभग पूरी तरह से भ्रष्ट और बर्बाद हो चुका है और इसमें तत्काल बृहत् सुधार की आवश्यकता है। परन्तु लाख टके का प्रश्न तो यह उठता है कि ऐसा होगा कैसे? इसके लिए भगवान तो अवतार लेने से रहे इसलिए जो कुछ भी करना है हमें ही करना है,हम हिन्दुओं को ही करना है। हमें करना बस इतना ही है कि हम दान देते समय सावधानी बरतें और यथासंभव अपने विवेकानुसार केवल सत्पात्र को ही दान करें। चाहे वह राशि 5 रूपए की हो या 5000 रूपए की। इसके साथ ही अगर हमारे इलाके में कहीं देवदासी प्रथा किसी भी रूप में चलन में हो तो उसका विरोध करें और उस संन्यासी को बिल्कुल भी दान न करें। दान करना बहुत अच्छी बात है इसलिए दान देना बंद न करें लेकिन दान करें तो भगवान के साक्षात चेतन स्वरूप जरुरतमंद मानवों की मदद करके करें। इसमें न तो संकोच ही करें और न ही लज्जा। इति शुभम्। 

शुक्रवार, 21 दिसंबर 2012

बलात्कारी संस्कृति के लिए दोषी कौन?


मित्रों,जब मैं बच्चा था तब अक्सर देखा करता था कि बकरी का नर बच्चा अक्सर अपनी सहोदर बहनों और जन्मदात्री माँ के साथ सेक्स संबंध बनाने को उतावला हो उठता था। तब मैं सोंचता था कि क्या भविष्य में हम भारतीयों की भी यही स्थिति होनेवाली है? भारतीयों की इसलिए क्योंकि तब तक पश्चिम के समाज के बारे में मैं सुन-पढ़कर जान चुका था वहाँ इहलोकवाद का तूफान काफी समय से चल रहा है और वहाँ का समाज जानवरों के समाज की तरह काफी हद तक सेक्स-फ्री हो चुका है। मैं सोंचता था कि क्या भविष्य में विश्वगुरू भारत में भी शरीर और सेक्स-संतुष्टि का महत्त्व इतना ज्यादा हो जाएगा कि सारे रिश्तों की गरिमा तार-तार कर दी जाएंगी? दुर्भाग्यवश वह समय बहुत जल्दी और मेरे अनुमान के विपरीत मेरी जिन्दगी में ही आ गया है। आज जब भी मैं समाचार-पत्रों में पढ़ता हूँ कि गुरू ने शिष्या का यौन-शोषण या बलात्कार किया,आज जब भी किसी पिता की खुद अपनी ही बेटी के प्रति हैवानियत की खबरें देखता या पढ़ता हूँ तो मुझे वह बचपनवाला बकरी का बच्चा याद आ जाता है। आखिर क्यों हुआ ऐसा और हुआ भी तो इतनी तेजी से क्यों हुआ? क्यों इतनी जल्दी हम भारतीयों की ईन्सानियत मर गई? ज्यादा नहीं पचास साल पहले का भारत तो बिल्कुल भी ऐसा नहीं था।
              मित्रों,दरअसल पिछले पचास सालों में हमारा समाज काफी कुछ बदला है। हमारे समाज ने इन पचास सालों में पहले थियेटरों/सिनेमाघरों में फिल्मों को देखा,फिर रेडियो पर मादक फिल्मी गीतों को सुना,फिर टेलीवीजन ने हमारे घरों को ही सिनेमाघर बना दिया और उल्टे-सीधे धारावाहिक दिखाए और अंत में आया इन्टरनेट जिसने अश्लील वीडियो-फिल्मों को पहले घर-घर और फिर मोबाईल-मोबाईल तक पहुँचा दिया। पिछले पचास सालों में वैज्ञानिकता के नाम पर सरकारी प्रचार-माध्यमों और सरकारी पाठ्यक्रमों ने हमारी धार्मिक मान्यताओं पर मरणान्तक प्रहार किया और लोगों की धार्मिक-आस्थाओं की ऐसी की तैसी कर दी। हम भूल गए आईन्सटीन की चेतावनी को कि बिना धर्म के विज्ञान अंधा होता है। हम भूल गए कि विज्ञान हमारे जीवन को आसान बना सकता है लेकिन नैतिक-मूल्यों के प्रति हमारे मन में आस्था उत्पन्न नहीं कर सकता। आज का औसत भारतीय परलोक की बिल्कुल भी चिन्ता नहीं करता और उसके लिए अगर पैसा ही भगवान हो गया है,तो क्यों? क्यों आज का भारतीय न तो ईश्वर को मानता है और न ही उससे डरता है? क्योंकि पहले तो हमने भारतीय-विश्वास और अध्यात्म की धज्जियाँ उसको विज्ञान की कसौटी पर कसकर उड़ा दीं (जबकि आस्था विश्वास करने की चीज है न कि तर्क या विज्ञान की कसौटी पर कसने की) और जब हमारे देशवासियों के दिमाग से परलोकवाद और ईश्वर निकल गया या उसका प्रभाव कमजोर पड़ गया तब हमने उसमें अश्लीलता भर दी। इतना ही नहीं हमारी सरकारों ने कथित रूप से खाली खजानों को भरने के लिए जनता के हाथों में शैतान का पर्याय शराब की बोतलें भी पकड़ा दीं। पीयो और खुद को भी भूल जाओ। भूल जाओ सारे रिश्तों की अहमियत को,भूल जाओ कि तुम एक ईन्सान हो।
             मित्रों,आज जबकि रह-रहकर बलात्कार की दिलो-दिमाग को हिला देनेवाली घटनाएँ सामने आने लगी हैं तो हम अपने दिमाग के कार्बुरेटर में आ गए कचरे को साफ करने की बात नहीं कर रहे और सतही या बाहरी उपाय करने में लगे हैं। हम बसों के शीशों का रंग बदलने की बात कर रहे हैं और बसों से पर्दा हटाने का आदेश दे रहे हैं। हम अति हास्यास्पद तरीके से कभी बलात्कारियों को फाँसी देने की मांग कर रहे हैं तो कभी रात में चलनेवाले बसों में बल्ब जलाए रखने का निर्देश दे रहे हैं। मैं पूछता हूँ कि ऐसे तुगलकी आदेशों का अक्षरशः पालन करवाएगा कौन? मैं पूछता हूँ कि क्या वर्तमान भारत में सिर्फ बसों में ही बलात्कार किए जा रहे हैं? अगर कोई बाप अपनी बेटी या कोई भाई अपने बहन की अस्मत पर खुद ही हाथ डालता है तो क्या उसे हमारी कोई भी सरकार या कानून रोक सकता है? क्यों आज हमारी बहनों को सबसे ज्यादा खतरा खुद के घर में ही है? क्यों जनता की जान-माल और अस्मत की रक्षा के लिए बनाए गए थानों में ही सबसे ज्यादा बलात्कार की घटनाएँ होती हैं? क्या इन सवाल पर कभी हमारे सिरफिरे राजनेताओं और नीति-नियंताओं ने विचार किया है? क्या उन्होंने कभी गंभीरतापूर्वक विचार किया है कि क्यों आज का औसत भारतीय ईन्सान से जानवर बनता जा रहा है और इस नैतिक गिरावट को कैसे रोका जा सकता है? क्या उनके दिमाग ने कभी इस बात पर चिन्तन किया है कि ऐसे क्या उपाय किए जाने चाहिए जिससे ईन्सान के बच्चे और बकरी के बच्चे के बीच का अंतर पुनर्स्थापित हो सके?
              मित्रों,यदि वे लोग ऐसा नहीं सोंच रहे हैं तो फिर मुझे बड़े दुःख के साथ स्वीकार करना पड़ेगा कि निकट-भविष्य में बलात्कार की घटनाएँ रूकना तो दूर कम भी नहीं होनेवाली हैं। अगर हम शिक्षा-प्रणाली सहित हर बात में पश्चिम का अंधानुकरण करेंगे तो हम भारत को ऐसा विचित्र भारत बनाकर रख देंगे जिसे भारत का कोमल हृदय कभी भी स्वीकार नहीं करेगा। कहना न होगा कि अगर हम एक आम भारतीय को फिर से जानवर से ईन्सान बनाना चाहते हैं तो हमें अपने बच्चों को एक बार फिर से वेदों और उपनिषदों की शिक्षा देनी पड़ेगी। एक बार फिर से यम,नियम,योग और ब्रह्मचर्य का पाठ पढ़ाना पड़ेगा। उनको शंकर के मायावाद,अद्वैतवाद और रामानुज के विशिष्टाद्वैतवाद की शिक्षा देना होगी। हमें उनके दिलो-दिमाग में फिर से अपनी महान संस्कृति और ईश्वर के प्रति अटूट आस्था पैदा करनी पड़ेगी। अगर सरकारी स्कूलों में ऐसा पाठ्यक्रम लागू करने में हमारे नेताओं की कथित धर्मनिरपेक्षता बाधा बनती है तो उतार फेंकना होगा ऐसी भारतीयता व मानवता-विनाशक कथित धर्मनिरपेक्षता को तभी हम फिर से एक आम भारतीय को पशु से मानव और मानव से देवता बना पाएंगे और कविवर आरसी प्रसाद सिंह की तरह सिर उठाकर गा सकेंगे कि-हमारा देश भारत है नदी गोदावरी गंगा,लिखा भूगोल ने जिस पर हमारा चित्र बहुरंगा। जहाँ हर बाग है नंदन,जहाँ हर पेड़ है चंदन;जहाँ देवत्त्व भी करता मनुज के पुत्र का वंदन,मनुज के पुत्र का वंदन,मनुज के पुत्र का वंदन।।।

गुरुवार, 20 दिसंबर 2012

मोदी होंगे भारत के अगले प्रधानमंत्री?



मित्रों,गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनावों का परिणाम आ चुका है। जहाँ गुजरात में नरेन्द्र मोदी ने जीत की हैट्रिक पूरी कर ली है वहीं हिमाचल प्रदेश की जनता ने एक बार फिर प्रत्येक चुनाव में सत्ता बदलने की परंपरा बनाए रखी है। हिमाचल की जनता ने वीरभद्र सिंह पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को भी दरकिनार कर दिया है और यह सिद्ध कर दिया है कि सिर्फ भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भारत में चुनाव नहीं जीता जा सकता। यद्यपि भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल पर भी थे। हालाँकि हिमाचल के चुनावों का भी कम महत्त्व नहीं था मगर पूरा भारत ही नहीं बल्कि पूरा विश्व इस समय गुजरात चुनाव पर निगाहें टिकाए हुए था। वास्तव में उनकी जीत पहले से ही सुनिश्चित मानी जा रही थी और सबकी अभिरूचि सिर्फ इस बात को लेकर थी क्या मोदी गुजरात में फिर से 117 सीटें जीतने का रिकार्ड कायम रख पाते हैं अथवा उनकी लोकप्रियता घटती है। मोदी के लिए परीक्षा इसलिए भी इस बार ज्यादा कठिन थी क्योंकि इस बार भाजपा के कद्दावर नेता केशुभाई पटेल उनकी राह में रोड़ा बनकर खड़े थे। कांग्रेस ने भी इस बार कुछ ज्यादा ही संगठित और आक्रामक प्रचार किया था और उसको भी केशुभाई पटेल द्वारा वोट काटने की उम्मीदें कुछ ज्यादा ही थीं। फिर भी सारी बाधाओं को पार करते हुए मोदी इस बाधा दौड़ को शानदार तरीके से जीतने में सफल रहे हैं जिससे निश्चित रूप से उनका मनोबल और आत्मविश्वास बढ़ा होगा।
          मित्रों,अभी लोकसभा चुनावों में एक साल से थोड़ा ही ज्यादा का समय बचा है इसलिए अब यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि क्या भारतीय जनता पार्टी उनको प्रधानमंत्री पद के लिए उम्मीदवार बनाती है या नहीं। वैसे जिस तरह के संकेत भाजपा की ओर से प्राप्त हो रहे हैं उससे तो ऐसा ही लग रहा है कि अब ऐसा होना निश्चित है और इसकी घोषणा की सिर्फ औपचारिकता ही शेष है। भाजपा के सामने और कोई विकल्प इस समय दिख भी नहीं रहा है। अगर भाजपा को चुनाव जीतना है तो नरेन्द्र मोदी को आगे लाना ही होगा। निश्चित रूप से मोदी के काम करने के तरीके में कुछ कमियाँ हैं लेकिन उन पर अब तक भ्रष्टाचार का कोई गंभीर आरोप नहीं है जबकि उनको गुजरात की सत्ता पर काबिज हुए एक दशक से भी ज्यादा समय गुजर चुका है। नरेन्द्र मोदी की बातों में जादू है उनकी भाषण-कला लाजवाब है। यहाँ तक कि कांग्रेसी नेता भी गुजरात में यही कहते देखे गए कि मोदी नेता कम जादूगर ज्यादा दिखते हैं। माना कि भाजपा में सामूहिक नेतृत्व की परंपरा रही है लेकिन यह भी कटु सत्य है कि भाजपा को सत्ता की दहलीज तक अगर 1998 और 1999 में पहुँचाया था तो अटल बिहारी वाजपेयी के करिश्माई व्यक्तित्व ने पहुँचाया था पार्टी सिर्फ अपने बल-बूते पर सत्ता तक नहीं पहुँची थी। जहाँ तक मोदी को इस चुनाव में मिले वोटों का सवाल है तो इसमें सभी वर्गों और जातियों के वोट शामिल हैं। यहाँ तक कि उनको कुछ-न-कुछ मुसलमानों का भी वोट मिला है अन्यथा इस तरह की अविस्मरणीय जीत संभव नहीं होती। इससे यह भी साबित हो रहा है कि गुजरात के अल्पसंख्यकों के जख्म अब भरने लगे हैं और उनको भी अन्य गुजरातियों की तरह भ्रष्टाचाररहित विकास का नारा रास आने लगा है।
               मित्रों,क्या मोदी भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे और क्या वे ऐसा होने पर पार्टी को जिता पाएंगे यह तो अभी समय के गर्भ में है लेकिन इतना तो निश्चित है कि मोदी अगर प्रधानमंत्री बनते हैं तो वे मनमोहन सिंह या राहुल गांधी से ज्यादा सक्षम और कुशल नेतृत्व देश को दे पाएंगे। इतना ही नहीं इससे देश को कांग्रेस के अभूतपूर्व भ्रष्टाचार से युक्त शासन से भी मुक्ति मिल सकेगी। अब तक देश के काफी सारे संसाधनों को कांग्रेस बेच चुकी है और अगर वह फिर से लोकसभा चुनाव जीत जाती है तो शायद भारत फिर से गुलाम ही हो जाए आर्थिक रूप से भी और राजनीतिक रूप से भी। अरविन्द केजरीवाल रह-रहकर सनसनी जरूर पैदा कर रहे हैं और शायद आगे भी करते रहनेवाले हैं लेकिन उनके पास न तो पार्टी संगठन है और न ही वे एक साल में देशभर में स्वीकार्य हो सकनेवाले जननेता ही बन सकते हैं। फिर उनके साथ दिख रहे लोगों का दामन भी भ्रष्टाचार से पूरी तरह से पाक-साफ नहीं है। इस स्थिति में जनता उन पर आँख मूंदकर विश्वास नहीं कर सकती। उन पर विश्वास तो उनके पूर्व सहयोगी अन्ना हजारे को भी नहीं है।
           मित्रों,भारत जैसे विविधतावाले देश में क्षेत्रीय शक्तियों का क्रमशः मजबूत होते जाना भारत की एकता और भारत के लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है जिस पर कदाचित् मोदी के राष्ट्रीय पटल पर आने से रोक लग सकेगी। मोदी पर गुजरात के दंगों से निपटने में नाकाम रहने के आरोप हैं और हमेशा रहेंगे लेकिन हमें यह भी नहीं भूलना चाहिए कि उसके बाद गुजरात में कभी साम्प्रदायिक दंगे नहीं हुए जबकि उत्तर प्रदेश के समाजवादी पार्टी के पिछले 10 महीने के छोटे-से शासनकाल में ही एक दर्जन से ज्यादा साम्प्रदायिक दंगे हो चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी के पुराने नेताओं को भी वक्त की नजाकत को समझते हुए मोदी के प्रति स्नेह-वात्सल्य और सदाशयता का परिचय देना चाहिए क्योंकि यही देशहित में भी है और पार्टी के हित में तो है ही।

शुक्रवार, 14 दिसंबर 2012

अयथार्थवादी है काटजू का इतिहास-दर्शन

मित्रों,भारतीय प्रेस परिषद् के अध्यक्ष श्री मार्कण्डेय काटजू इन दिनों बड़ी जल्दीबाजी में हैं। वे इसी एक जन्म में बहुत कुछ बन लेना चाहते हैं। कभी वे देश के सामने न्यायाधीश की भूमिका में आते हैं तो कभी कांग्रेस-विरोधी सरकारों के सबसे बड़े आलोचक के रूप में। आजकल श्रीमान् पर इतिहासकार बनने का भूत सवार हो गया है। शायद उनका पुनर्जन्म पर विश्वास नहीं रह गया है या फिर है भी तो इस बात को लेकर उनको पूरी तसल्ली नहीं है कि वे अगले जन्म में भी मानव ही रहेंगे। शायद इसलिए वे एक साथ मास्टर ऑफ ऑल ट्रेड्स बन जाना चाहते हैं लेकिन बन गए हैं मास्टर ऑफ नन।
             मित्रों,लगता है इतिहासकार काटजू साहब के चश्मे में एक ही शीशा काम का है तभी तो वे सिर्फ उदारवादी सुल्तानों और बादशाहों के कृत्यों को ही देख पा रहे हैं कट्टर मुस्लिम शासकों के अत्याचार उनकी दृष्टि से औझल रह जा रहे हैं। क्या काटजू साहब बताएंगे कि क्या श्रीराम जन्मभूमि स्थित मंदिर को तोड़कर वहाँ बाबरी मस्जिद राष्ट्रवादी इतिहासकारों ने खड़ा कर दिया था? क्या काशी और मथुरा के मंदिरों को तोड़कर उनके स्थान पर मस्जिदें इतिहासकारों ने बनायी है? क्या बलबन,अलाउद्दीन खिलजी,फिरोजशाह तुगलक और औरंगजेब द्वारा हिन्दू बहुसंख्यक जनता के साथ किए गए अमानुषिक अत्याचारों को काटजू साहब झुठला सकते हैं? क्या यह सही नहीं है कि सच्चे मायनों में निरंतर धर्मनिरपेक्ष शासन सिर्फ प्राचीन भारत में ही संभव हो पाया था? क्या यह सत्य नहीं है कि बलबन के समय भारतीय हिन्दुओं और मुसलमानों के लिए सेना में अधिकारी के रूप में कोई जगह नहीं थी? क्या यह सत्य नहीं है कि सिर्फ एक स्त्री पद्मिनी को भोगने की सनक में अलाउद्दीन ने पूरे चित्तौड़ को श्मशान में बदल दिया था और हिन्दू नरमुंडों को हिमालय खड़ा कर दिया था? क्या फिरोजशाह तुगलक ने हिन्दुओं को नीचा दिखाने के लिए हिन्दुओं की लाशों के ढेर लगाते हुए हिमाचल प्रदेश में कई मंदिरों और जौनपुर (उ.प्र.) के बटाला देवी मंदिर को नहीं तोड़वा दिया था? हिन्दू जनमानस पर लगे ऐसे अगणित घावों को काटजू साहब कैसे झुठला सकते हैं या कैसे किसी मिटौने या ह्वाईटनर से इतिहास की किताबों से मिटा सकते हैं?
              मित्रों,हमें इतिहास को संपूर्णता में लेना होगा न कि अपनी सुविधानुसार सिर्फ चुनिंदा प्रसंगों को ही। तभी इतिहास सच्चे मायने में इतिहास रह पाएगा या इतिहास कहलाने का अधिकारी भी हो पाएगा। हमें इस सत्य को जहर के घूँट पीकर भी स्वीकार करना ही पड़ेगा कि मुसलमान आक्रमणकारियों ने हिन्दुओं के साथ अकथनीय अमानुषिक अत्याचार किए। मोहम्मद बिन कासिम,महमूद गजनवी,मोहम्मद गोरी,तैमूरलंग,नादिरशाह और अहमदशाह अब्दाली ने जगह-जगह हिन्दू नरमुंडों के पहाड़ खड़े किए थे,हिन्दू बच्चों को भालों की नोक पर उछाल-उछाल कर अपना मनोरंजन किया था और हिन्दू महिलाओं को क्रय-विक्रय की वस्तु बना दिया था और उनपर बेईन्तहा जुल्म किए जिसमें बलात्कार तो बहुत छोटी-सी चीज थी। आज भी पाकिस्तान में रोजाना हिन्दुओं पर हो रहे जुल्मों को देखकर हम आसानी से यह अनुमान लगा सकते हैं कि इस्लामिक या शरीयत पर आधारित सल्तनत या मुगलकालीन बादशाही में कुछेक वर्षों के छोड़कर आम हिन्दुओं की क्या स्थिति रही होगी। काटजू साहब क्या पाकिस्तान में इस समय हिन्दुओं के साथ जो कुछ भी हो रहा है उसके पीछे भी भारतीय इतिहासकार हैं? मैं यह कदापि जबर्दस्ती साबित करना नहीं चाहता हूँ कि मोहम्मद तुगलक या अकबर महान या टीपू सुल्तान भी बहुसंख्यक हिन्दुओं के लिए बुरे थे लेकिन इसका यह भी मतलब नहीं है कि औरंगजेब द्वारा इस्लाम नहीं स्वीकार करने पर गुरू तेगबहादुर का सिर कटवाया जाना भी एक निहायत धर्मनिरपेक्ष कदम था। तुगलक वंश ने अगर बिन तुगलक जैसा उदारवादी शासक दिया तो हम इस तथ्य को भी नहीं झुठला सकते हैं कि उसी बिन तुगलक का उत्तराधिकारी फिरोजशाह हिन्दुओं के प्रति सर्वथा असहिष्णु रवैया रखता था। मुगलिया वंश ने अगर भारत को अकबर जैसा सार्वकालिक महान शासक दिया है तो उसी मुगलिया वंश ने औरंगजेब जैसा कट्टर शासक भी दिया है जो हिन्दुस्तान को दारूल हर्ब से दारूल इस्लाम में बदलना चाहता था।
                  मित्रों,काटजू साहब के साथ-साथ पूरे भारत को यह समझना होगा कि अगर हमें अपने भारत और धर्मनिरपेक्षता के वर्तमान और भविष्य को सुरक्षित रखना है तो इतिहास का अध्ययन संपूर्णता में करना ही होगा तभी इतिहास से वर्तमान और भविष्य के लिए हम कुछ सार्थक सीख पाएंगे। इस इतिहास में कुछ अच्छी बातें होंगी तो कुछ मन को चुभनेवाली बातें भी। इसके साथ ही हमें 20वीं सदी की शुरूआत में मुस्लिम लीग और हिन्दू महासभा के उभार का भी गहराई से अध्ययन करना पड़ेगा। हमें इस तथ्य को भी कभी नहीं भूलना होगा कि तब मुस्लिम लीग मुसलमानों के बीच जितना स्वीकार्य था हिन्दू महासभा को हिन्दुओं के बीच कभी उस तरह की लोकप्रियता नहीं मिल पाई और कांग्रेस ही हमेशा हिन्दुओं की एकमात्र पसंदीदा पार्टी बनी रही जो पूरी तरह से धर्मनिरपेक्षता में विश्वास करती थी। यह सत्य है कि हिन्दू भी विभाजन के समय होनेवाले दंगों में शामिल हुए थे लेकिन गोधरा कांड की तरह ही तब भी 16 अगस्त,1946 को कोलकाता में महान कत्लेआम से मारकाट की शुरूआत मुसलमानों ने ही की थी। यह सत्य है कि अंग्रेजों ने भारत में साम्प्रदायिकता को बढ़ावा दिया था क्योंकि वे हमारे वर्तमान नेताओं की तरह जानते थे कि अगर हम एक हो गए तो उनको भागना पड़ेगा। काटजू साहब का यह कहना निश्चित रूप से सत्य है कि भारत की 90% जनता मूर्ख है तभी तो हमारे वर्तमान राजनेता चाहे वे दक्षिणपंथी हों या मध्यमार्गी या वामपंथी या फिर आरक्षणवादी ही क्यों न हों अंग्रेजों की तरह ही बाँटने की राजनीति सफलतापूर्वक कर रहे हैं? इस परिप्रेक्ष्य में निश्चित रूप से अंग्रेजी नीतियों के नवीन अध्ययन की आवश्यकता है? अंत में हमें या काटजू साहब को यह भी नहीं भूलना चाहिए कि भारत तभी तक धर्मनिरपेक्ष है जब तक वह हिन्दू-बहुल है हमरी न मानो तो पाकिस्तान और बांग्लादेश सहित सभी मुसलमान देशों और बर्मा और श्रीलंका जैसे बौद्ध-बहुल देशों को देख लो। देख तो आप इस समय हैदराबाद में चल रही औबैसी जैसे मुस्लिम नेताओं की गतिविधियों को भी देख सकते हैं जिनको मंदिर में घंटा के बजने पर भी या मंदिर के होने पर ही ऐतराज है। काटजू साहब कृपया अपने चश्मे के दूसरे शीशे को भी साफ कर लीजिए और भूत और वर्तमान भारत की इन सच्चाइयों से आँखे बंद नहीं करिए क्योंकि ऐसा करने से देश को कोई फायदा नहीं मिलेगा बल्कि इससे सिर्फ-और-सिर्फ नुकसान ही होगा क्योंकि सच्चाई तो देश,काल और परिस्थिति से सर्वथा निरपेक्ष होती है। उसे न तो आप ही बदल सकते हैं, न तो हम और न तो इतिहासकार ही।

गुरुवार, 13 दिसंबर 2012

बक्सर सेंट्रल जेल वाया आरटीआई

मित्रों,बिहार के शासन-प्रशासन की नजर में इन दिनों सूचना मांगने से बड़ा कोई अपराध नहीं है। आप अगर बिहार में सूचना का अधिकार का प्रयोग करने जा रहे हैं तो मेरी सलाह है कि ऐसा तभी करिए जब आप फुरसत में हों यानि जबकि आपको घर का कोई जरूरी काम निकट-भविष्य में नहीं करना हो। अगर सूचना देनेवाला अधिकारी/कर्मचारी दलित हुआ तब तो आपका जेल जाना लगभग निश्चित ही हो जाता है। तब आप सीधे भारतीय दंड संहिता की धारा 448/353/504/34 यथा अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत बिना पूर्व सूचना के कभी भी जेल भेजे जा सकते हैं। चरित्रवन,बक्सर के प्रतिभावान अधिवक्ता और भावी न्यायाधीश अनिल दूबे जी को ही कहाँ पता था कि सूचना मांगने के अपराध (बिहार सरकार इसे जनता को बरगलाने के लिए अधिकार कहती है) में जेल जाना पड़ सकता है। उन्होंने राजपुर (बक्सर) के अनुसूचित जाति से आने वाले अंचलाधिकारी रामभजन राम से सूचना मांगने की हिमाकत की थी और बेचारे पिछले कई दिनों से बक्सर केंद्रीय कारागार (बिहार सरकार के अनुसार नया नाम सुधार-गृह) की शोभा बढ़ा रहे हैं। उन सूचना का अधिकार के मारे पर भी अनुसूचित जाति के अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप हैं।
                  मित्रों,सूचना देने से बचने के कई तरीके अप्रतिम प्रतिभा के धनी बिहार में प्रचलन में आ चुके हैं जिनमें से हमारे सौभाग्य से 1 को छोड़कर सभी अहिंसक हैं। अर्थात् जब भी उनका उपयोग किया जाएगा सूचनार्थी को वांछित सूचना तो नहीं प्राप्त हो पाएगी लेकिन उनको कोई व्यक्तिगत क्षति या परेशानी भी नहीं होगी। इनके अंतर्गत हो सकता है कि उससे सूचना के ऐवज में भारी फीस की मांग की जाए। यह फीस करोड़ों में भी हो सकती है या फिर कोई जवाब ही नहीं दिया जाए। परन्तु एक फार्मूला जरूर ऐसा भी है जो आपको भारी और अप्रत्याशित परेशानी में डाल सकता है और आपको जेल भी भेजवा सकता है। इस ब्रह्मास्त्र के अंतर्गत आप पर अधिकारी/कर्मचारी झूठा मुकदमा कर या करवा सकता है। ऊपर आपने देखा कि कैसे हमारे एक भाई अनिल दूबे जी कई दिनों से जेल की चक्की पीस रहे हैं। बेचारे ने न तो खून किया, न तो रंगदारी ही मांगी और न तो अपहरण ही किया। करते तो शायद कानून उनको परेशान करने के बदले उनकी मदद ही करता। लेकिन भाई ने मुख्यमंत्री की आदमकद तस्वीरों वाले सूचना का अधिकार के इश्तेहारों पर विश्वास कर लिया और ऐसा अपराध कर दिया जिसे इन दिनों अघोषित रूप से बिहार में दुर्लभतम में भी दुर्लभ माना जाता है। पीसिए अब शौक से जेल में चक्की और आनंद लीजिए बक्सर जेल में स्थापित बिहार की पहली खुली जेल का।